
नई दिल्ली. 1950 के बाद ऐसा दूसरी बार है कि मार्च में दिल्ली में भीषण गर्मी पड़ रही है। शुष्क चक्रवाती हवाओं(dry cyclonic winds) के चलते पंजाब, हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में भीषण गर्मी का असर देखा जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग(India Meteorological Department) ने अलर्ट जारी किया गया है कि दिल्ली में 40 डिग्री सेल्सियस तापमान पहुंच सकता है। IMD के सीनियर मौसम विज्ञानी आरके जेनामनी ने बताया कि 31 मार्च तक हीटवेव रहेगी। 1-2 अप्रैल को तापमान में मामूली गिरावट होगी। अगले 5 दिनों तक मध्य भारत और महाराष्ट्र में हीटवेव रहेगी। IMD, मुंबई के मौसम विज्ञानी जयंत सरकार ने बताया कि मध्य महाराष्ट्र (अहमदनगर, सोलापुर, जलगांव) और मराठवाड़ा में आज, कल और परसों गर्म हवाएं चलेंगी। मुंबई में अगले 5 दिन तक गर्म हवाएं नहीं चलेंगी।
कई राज्यों में लू की स्थिति
स्काईवेट वेदर(skymetweather) के अनुसार, एक शुष्क चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र पंजाब, हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों पर बना हुआ है जो इन क्षेत्रों में गर्मी तेज कर रहा है। उत्तरी बांग्लादेश पर बना चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। निचले स्तरों पर विदर्भ से केरल तक आंतरिक कर्नाटक तक एक ट्रफ रेखा बनी हुई है।
पश्चिमी राजस्थान के कई हिस्सों और पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में लू से गंभीर लू की स्थिति देखी गई। हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में सौराष्ट्र और कच्छ के कुछ हिस्सों में और जम्मू क्षेत्र, उत्तराखंड और पश्चिम मध्य प्रदेश में एक या दो स्थानों पर लू की स्थिति बनी।
अगले 24 घंटों के दौरान, पश्चिमी राजस्थान में लू से लेकर भीषण लू की स्थिति बन सकती है। जम्मू क्षेत्र, हिमाचल प्रदेश, दक्षिण हरियाणा के कुछ हिस्सों, दिल्ली, सौराष्ट्र और कच्छ, पूर्वी राजस्थान, पश्चिम मध्य प्रदेश और विदर्भ के साथ-साथ उत्तरी मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा के अलग-अलग हिस्सों में हीट वेव की स्थिति संभव है। दक्षिण उत्तर प्रदेश, झारखंड के कुछ हिस्सों और आंतरिक ओडिशा में हीट वेव की स्थिति संभव है।
यहां बारिश की संभावना
स्काईवेट वेदर(skymetweather) के अनुसार, केरल और लक्षद्वीप में छिटपुट स्थानों के साथ हल्की से मध्यम बारिश संभव है। दक्षिण तटीय कर्नाटक, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। आंतरिक तमिलनाडु और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में हल्की बारिश संभव है। पूर्वोत्तर भारत में गरज के साथ बारिश की तीव्रता बढ़ सकती है। अगर पिछले दिन की बात करें, तो पिछले 24 घंटों के दौरान, केरल और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश के साथ छिटपुट भारी बारिश हुई। पूर्वोत्तर भारत, सिक्किम और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में हल्की से मध्यम बारिश हुई।
गर्मियों में बढ़ जाती हैं आग लगने की घटनाएं, इसलिए अलर्ट रहें
गर्मियों में आग लगने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। दिल्ली के गाज़ीपुर लैंडफिल साइट में आग लगने की घटना सामने आई है। लगभग 400 वर्ग मीटर तक आग लगी और फैल गई। 48 घंटे हो गए, लेकिन आग बुझने के बाद भी गैस और धुआं निकल रहा है। CPCB ने निर्देश दिया था कि उस लैंडफिल साइट के चारों तरफ बाउंड्री की जाए लेकिन अब तक बाउंड्री का काम पूरा नहीं हुआ। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा-दिल्ली में और जगह इस तरह आग लगने की घटनाएं न हों इसके लिए हमने पर्यावरण विभाग के उच्च अधिकारियों के साथ बैठक की। 4 अप्रैल को सचिवालय में पर्यावरण विभाग, राजस्व, PWD, DDA, MCD, NDMC, दमकल विभाग, दिल्ली कैंटोनमेंट बोर्ड की संयुक्त बैठक बुला रहे हैं।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.