
बीरभूम (पश्चिम बंगाल)। रामपुरहाट में एक ही परिवार के लोगों की जिंदा जलाकर नृशंस हत्या से बंगाल की राजनीति गर्माई हुई है। मामले को लेकर बढ़ रहे राजनीतिक दबाव के बीच
टीएमसी चीफ और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी गुरुवार को रामपुरहाट पहुंचीं। वह यहां शोक जताने पहुंचीं थीं, लेकिन उनके पहुंचने से पहले जगह-जगह उनके स्वागत में द्वार बनाए गए। उनका स्वागत किया गया।
शहजाद ने ट्वीट किए वीडियो
ममता के स्वागत में बनाए गए गेट के कई वीडियो वायरल हो गए। शोक में डूबे गांव में जाने के लिए इतने स्वागत पर विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने ममता बनर्जी पर निशाना साधा। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने ट्वीट कर कहा- बीरभूम में ममता दीदी का कैसे स्वागत करवा रही हैं। वह यहां शोक जताने आई हैं या फिर जीत का जश्न मनाने? उन्होंने वीडियो शेयर करते हुए लिखा- क्या टीएमसी इसपर स्पष्टीकरण दे सकती है। पहले हत्याकांड की तुलना छींक से की और अब इस तरह से स्वागत। क्या यह पीड़ितों के जले पर नमक छिड़कने जैसा नहीं है। शजहाद ने लिखा- टीएमसी शर्म करो। यह तालिबानी मानसिकता और संस्कृति है।
शहजाद के ट्वीट पर एक यूजर ने लिखा- अविश्वसनीय, आश्चर्य है कि बंगाल क्या है? यहां सिर्फ बर्बरता और हत्या के बादल मंडरा रहे हैं। ट्विटर पर कई लोगों ने ममता के इस तरीके पर आक्रोश जताया है। कुछ ने कहा कि इन्हें हत्याकांड के स्थल पर जाने के समय स्वागत करवाने में शर्म भी नहीं आ रही।
क्या है मामला
पश्चिम बंगाल के बीरभूम में TMC के एक पंचायत नेता भादू शेख की हत्या के बाद 21 मार्च को पूरे जिले में हिंसा भड़क गई थी। इस हिंसा में एक ही परिवार के 8 लोगों की घर में जिंदा जलाकर हत्या कर दी गई थी। मामले को लेकर राजनीति गर्माई हुई है। राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने भी कानून-व्यवस्था को लेकर ममता सरकार को घेरा था। इस मामले में अब तक 11 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
नदिया जिले में TMC नेता को गोली मारी, हालत गंभीर
बीरभूम हिंसा का माामला शांत नहीं हुआ था कि नदिया जिले में बुधवार रात तृणमूल कांग्रेस (TMC) के एक स्थानीय नेता को गोली मार दी गई। पीड़ित सहदेव मंडल को अज्ञात हमलावरों ने उस समय गोली मारी जब वह स्थानीय बाजार से घर लौट रहे थे। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पीड़ित सहदेव की पत्नी अनिमा मंडल नदिया के हंसखाली में पंचायत सदस्य हैं।
यह भी पढ़ें बीरभूम हिंसा: रात 12 बजे तक सब ठीक था, तभी उपद्रवियों ने लगाई आग, पहली बार मायके आई दुल्हन को भी जिंदा जलाया
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.