हामिद अंसारी ने जिस संगठन के कार्यक्रम में देश की आलोचना की, वह भारत को ब्लैक लिस्ट कराने की कोशिश में लगा

Hamid Ansari anti India stand : ट्विटर पर भाजपा आईटी सेल के अमित मालवीय ने ट्विटर थ्रेड शेयर किया है। इसमें बताया गया है कि जिस संगठन के कार्यक्रम में हामिद अंसारी ने भारत के खिलाफ टिप्पणी की, वह भारत को ब्लैक लिस्ट कराने के लिए जमात-ए-इस्लामी संगठन के साथ काम कर रहा है। यह संगठन अभी से नहीं, 2013 में भी भारत के खिलाफ पैरवी करता रहा है। 

Asianet News Hindi | Published : Jan 27, 2022 1:54 PM IST / Updated: Jan 27 2022, 07:40 PM IST

नई दिल्ली। अमेरिका में जमात-ए-इस्लामी से जुड़े संगठन इंडियन अमेरिका मुस्लिम काउंसिल द्वारा आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम में भारत विरोधी सांसदों के साथ मंच साझा करने को लेकर पूर्व उप राष्ट्रपति हामिद अंसारी (Hamid Ansari) निशाने पर हैं। भाजपा (BJP) और विश्व हिंदू परिषद (VHP) और आम लोगों ने भी इसकी तीखी आलोचना की है। भाजपा का कहना है कि मोदी (Narendra modi) की आलोचना का पागलपन अब देश की आलोचना की साजिश में बदल गया है। ट्विटर (Twitter) पर भाजपा आईटी सेल के अमित मालवीय ने ट्विटर थ्रेड शेयर किया है। इसमें बताया गया है कि जिस संगठन के कार्यक्रम में हामिद अंसारी ने भारत के खिलाफ टिप्पणी की, वह भारत को ब्लैक लिस्ट कराने के लिए जमात-ए-इस्लामी संगठन के साथ काम कर रहा है। यह संगठन अभी से नहीं, 2013 में भी भारत के खिलाफ पैरवी करता रहा है। 

रोहिंग्याओं के नाम पर फंड इकट्‌ठा करता है IAMC
इस पूरे विवाद के बीच DisInfo Lab नाम के ट्विटर हैंडल ने IAMC के बारे में बताते हुए एक ट्विटर पर एक के एक बाद एक कई ट्वीट किए हैं। इसमें लिखा गया है - पूर्व हामिद अंसारी ने RepublicDay पर IAMC द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। शायद वे नहीं जानते होंगे कि IAMC भारत को अमेरिका द्वारा ब्लैक लिस्ट करने के लिए जमात-ए-इस्लामी (JeI) के साथ काम कर रहा है।  

 

भारत को ब्लैकलिस्ट कराने रोहिंग्या मुसलमानों से फंड जुटाया
इसमें कहा गया है कि इस संस्था के संस्थापक शेख उबैद ने रोहिंग्या मुस्लिमों के नाम पर फंड्स जुटाया और ‘अमेरिकी अंतर्राष्ट्रीय धार्मिक स्वतंत्रता आयोग (USCIRF)’ में भारत को ब्लैकलिस्ट कराने के लिए लॉबिंग की थी। इसके लिए रुपए भी खर्च किए थे। ये संस्था दावा करती है कि ये अमेरिका में भारतीय मुस्लिमों का प्रतिनिधित्व करती है। ये भारत में की नरेंद्र मोदी सरकार को फासीवादी बताती है। संगठन कहता है कि वो इस सरकार के खिलाफ लड़ाई लड़ रहा है, जबकि ये 2013 में भी बराबरी और सहिष्णुता की बातें करते हुए भारतीय अल्पसंख्यकों के नाम पर देश को बदनाम कर रहा था। शेख उबैद और उसके सहयोगी अब्दुल मलिक मुजाहिद इस्लामिक सर्कल ऑफ नॉर्थ अमेरिका (ICNA) के भी मुखिया थे, जो पाकिस्तान स्थित जमात-ए-इस्लामी का अमेरिकी मुखौटा हुआ करता था।

संस्था से लश्कर-ए-तैयबा का भी लिंक
ICNA के पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठनों से भी लिंक्स सामने आए हैं, जिनमें ‘लश्कर-ए-तैयबा’ भी शामिल है। इस संगठन से कई ऐसे लोग भी जुड़े हुए हैं, जो भारत से जम्मू कश्मीर को अलग करने के लिए अभियान चलाते रहते हैं। IAMC का मुखिया रशीद अहमद है, जो 2008-17 के दौरान एक अन्य संस्था ‘इस्लामिक मेडिकल एसोसिएशन ऑफ नॉर्थ अमेरिका (IMANA)’ का एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर था। आरोप है कि कोरोना संक्रमण आपदा के पीक के दौरान इस संगठन ने भारत की मदद के नाम पर रुपए जुटा कर डकार लिए।

Hamid Ansari फिर विवादों में : ISI से जुड़ी संस्‍था के कार्यक्रम में भारत की आलोचना, कहा - असहिष्णुता बढ़ी

पाकिस्तानी फौज का अधिकारी भी जुड़ा 
हैंडल से बताया गया है कि IMANA का डायरेक्टर ऑफ ऑपरेशन्स जाहिद महमूद है। वह पाकिस्तानी आर्मी का अधिकारी था। ये लोग इस्लामिक सोसाइटी ऑफ नॉर्थ अमेरिका (ISNA) से भी जुड़े  हैं, जो अमेरिका में मुस्लिम ब्रदरहुड का मुखौटा है। कलीम कवजा जैसे IAMC के सदस्य खुलेआम तालिबान का समर्थन करते रहे हैं। CAA विरोधी आंदोलन से लेकर त्रिपुरा हिंसा तक, IAMC के खिलाफ UAPA के तहत फेक न्यूज फैलाने के आरोप में कार्रवाई हो चुकी है।

पहली बार हामिद अंसारी ने नहीं बोले कड़वे बोल, रिश्ते में लगते हैं मुख्तार अंसारी के 'चाचा'

क्यों उठा ऐसा विवाद
हामिद अंसारी गणतंत्र दिवस (Republic day 2022) के अवसर पर अमेरिका स्थित भारतीय अमेरिकी मुस्लिम काउंसिल एवं कुछ अन्य भारत विरोधी संगठनों द्वारा आयोजित एक वर्चुअल कार्यक्रम में शिरकत कर रहे थे। इस आयोजन में अभिनेत्री स्वरा भास्कर और अमेरिकी सांसद जिम मैकगवर्न, एंडी लेविन और जेमी रस्किन भी मौजूद थे। कार्यक्रम में हामिद अंसारी ने भारत की आलोचना की। कहा- हाल के वर्षों में हमने ऐसे रुझान और व्‍यवहार देखे हैं जो पहले से स्‍थापित नागरिक राष्‍ट्रवाद के खिलाफ हैं और ये सांस्‍कृतिक राष्‍ट्रवाद की काल्‍पनिक व्‍यवस्‍था पर जोर देते हैं। यह वातावरण वर्तमान चुनावी बहुमत को धार्मिक बहुमत के रूप में पेश करता है और राजनीतिक शक्ति पर एकाधिकार करना चाहता है। उन्‍होंने कहा कि ऐसे लोग चाहते हैं कि नागरिकों को उनकी आस्‍था के आधार पर अलग-अलग कर दिया जाए और असुरक्षा को बढ़ावा दिया जाए। ऐसे विचारों को राजनीतिक एवं कानूनी चुनौती देने की जरूरत है।

सोनिया जी के प्रिय पात्र भारत की आलोचना कर रहे : भाजपा
भाजपा आई टी सेल के अमित मालवीय ने भी हामिद अंसारी और कांग्रेस की कड़ी निंदा की। उन्होंने अपने ट्वीट में कहा कि सोनिया गांधी के प्रिय पात्र और पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी ने ऐसे अमेरिकी सांसदों के साथ मंच साझा किया है जिनका इतिहास भारत विरोधी रुख के उदाहरणों से भरा पड़ा है। कार्यक्रम का आयोजन जिस भारतीय अमेरिकी मुस्लिम काउंसिल ने किया था उसके संबंध भारत में प्रतिबंधित जमात -ए- इस्लामी से हैं। इस संगठन पर पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI)और अन्‍य आतंकवादी गुटों के साथ भी जुड़े होने के आरोप हैं। यह संगठन भारत को ब्लैक लिस्ट कराने वाली लॉबी के साथ काम कर रहा है।


 

Share this article
click me!