
दिल्ली में INDIA गठबंधन के सांसदों के विरोध प्रदर्शन के दौरान जंतर-मंतर के पास जमकर हंगामा देखने को मिला। राहुल गांधी को हिरासत में लेकर पुलिस ने बस में बैठाने की कोशिश की। हालांकि, राहुल इसके लिए तैयार नहीं थे। इस पर पुलिस ने उन्हें जबरन धक्का देते हुए बस में चढ़ाया। वहीं, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा को भी पुलिस ने प्रदर्शन स्थल से जबरन घसीटते हुए उठाया। प्रियंका सड़क से हिलने को तैयार नहीं थीं। 5-6 महिला पुलिसकर्मियों ने उन्हें किसी तरह उठाकर बस में बैठाया। विपक्षी सांसदों का आरोप है कि पुलिस ने उनके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की और उन्हें प्रदर्शन वाली जगह तक पहुंचने से रोका। पुलिस अब INDIA ब्लॉक के कई सांसदों को हिरासत में लेकर प्रदर्शन खत्म कराने की कोशिश कर रही है। इस कार्रवाई को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है।