बलात्कार के आरोपों से ‘शर्मसार’ थे स्टार फुटबॉलर रोनाल्डो

Published : Sep 17, 2019, 04:26 PM IST
बलात्कार के आरोपों से ‘शर्मसार’ थे स्टार फुटबॉलर रोनाल्डो

सार

रोनाल्डो पर जून 2009 में कैथरीन मेयोर्गा ने लास वेगास के होटल में यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था

लंदन. यूवेंटस के स्टार क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने स्वीकार किया है कि वह उस समय ‘शर्मसार’ महसूस कर रहे थे, जब अपने परिवार को इन आरोपों से बचाने का प्रयास कर रहे थे कि उन्होंने अमेरिका में एक महिला का बलात्कार किया है

 

रोनाल्डो पर जून 2009 में कैथरीन मेयोर्गा ने लास वेगास के होटल में यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। पांच बार के चैंपियन्स लीग के विजेता पुर्तगाल के इस फुटबॉलर ने इन आरोपों से इनकार किया था । 10 साल पहले इस मामले की जांच को बंद कर दिया गया था।

 

2018 को दोबारा खुलवाया गया मामला

अगस्त 2018 में इस मामले को जांच के लिए दोबारा खोला गया, जिसके बाद सितंबर में कैथरीन ने दीवानी मामला दायर कराया और वे जानकारियां देने की पेशकश की, जो उन्होंने पहले साझा नहीं की थी। अभियोजकों ने हांलांकि इस साल जुलाई में घोषणा की कि वे इस मामले को आगे नहीं बढ़ाएंगे क्योंकि, ये आरोप तर्कसंगत संदेह से आगे साबित नहीं होते हैं।

 

परिवार को लेकर चिंतित हो गए थे रोनाल्डो

मैनचेस्टर यूनाईटेड के पूर्व स्टार रोनाल्डो ने कहा कि, इस मामले का उन पर मानसिक असर पड़ा क्योंकि वह अपने बच्चों को इन खबरों से बचाने का प्रयास कर रहे थे। रोनाल्डो ने पीयर्स मोर्गन को ‘गुड मार्निंग ब्रिटेन’ पर मंगलवार को दिए साक्षात्कार में कहा, ‘‘वे आपकी प्रतिष्ठा के साथ खेलते हैं, यह काफी मुश्किल है। आपकी प्रेमिका है, आपका परिवार है, आपके बच्चे हैं। जब वे आपकी ईमानदारी के साथ खेलते हैं तो यह बुरा होता है, बेहद मुश्किल।’’ रोनल्डो ने कहा, ‘‘मुझे याद है कि एक दिन मैं घर पर लीविंग रूम में अपनी प्रेमिका के साथ टेलीविजन पर समाचार देख रहा था और वे इस बारे में बात कर रहे थे ‘क्रिस्टियानो रोनाल्डो, ये और वो’। ’’

 

इस दिग्गज फुटबॉलर ने कहा, ‘‘मुझे अपने बच्चों के सीढ़ियों से उतरने की आवाज सुनायी दी और मैंने चैनल बदल दिया क्योंकि मैं शर्मसार था।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैंने चैनल बदला क्योंकि मैं नहीं चाहता था कि क्रिस्टियानो जूनियर ये देखें कि एक काफी बुरे मामले में उसके पिता के बारे में क्या बुरा-भला बोला जा रहा है।’

PREV

Recommended Stories

Aaj Kiska Match Hai: IPL Match Today 17 April 2026, आईपीएल में आज किसका मैच, जानिए आज का शेड्यूल
Who Won Yesterday's IPL Match, 16th April 2026: MI vs PBKS कल का मैच कौन जीता? IPL 24वें मैच का रिजल्ट, हाइलाइट्स और प्लेयर ऑफ द मैच