क्या Social Media से रिलेशनशिप में आती है परेशानी ? जानें ये 5 बातें

आज लगभग हर इंसान सोशल मीडिया पर एक्टिव है। कई बार सोशल मीडिया नए रिलेशनशिप बनाने में मददगार होता है, पर इसका ज्यादा इस्तेमाल रिश्ते को खराब भी करता है।

Asianet News Hindi | Published : Sep 4, 2019 7:08 AM IST / Updated: Sep 04 2019, 12:41 PM IST

लाइफस्टाइल डेस्क। आजकल लोग सोशल मीडिया पर ज्यादा से ज्यादा समय बिताने लगे हैं। बहुत से लोग तो इसके एडिक्ट हो जाते हैं और हर समय फेसबुक, इंस्टाग्राम जैसे पॉपुलर साइट्स पर एक्टिव रहते हैं। सोशल मीडिया पर ज्यादा वक्त बिताना रिलेशनशिप पर बुरा असर डालता है। यह रिश्ते को खराब करने लगता है, क्योंकि आप पार्टनर को ज्यादा समय नहीं दे पाते। इसके अलावा, लोग आपसी संबंधों के बारे में भी पोस्ट करने लगते हैं। वे रिलेशनशिप से जुड़ी खुशियां तो शेयर करते ही हैं, कई बार आपसी मतभेदों और झगड़ों के बारे में भी स्टेटस डाल देते हैं। इससे दूसरे लोग उनकी निजी बातों को भी जान जाते हैं और उनका मजाक उड़ाने लगते हैं। जाहिर है, सोशल मीडिया के इस गलत इस्तेमाल से रिलेशनशिप में कड़वाहट बढ़ती है। जानते हैं, सोशल मीडिया किस तरह रिश्ते को खराब करता है।

1. पार्टनर को समय नहीं दे पाते
सोशल मीडिया पर ज्यादा एक्टिव रहने से आप अपने पार्टनर को ज्यादा वक्त नहीं दे पाते। आप सोशल मीडिया पर जहां नए लोगों से संपर्क बनाते है, वहीं पार्टनर को अनदेखा कर देते हैं। सोशल मीडिया में मशगूल होने की वजह से कई बार आप अपने पार्टनर की किसी जरूरी बात को सुनना तक गवारा नहीं करते। इससे पार्टनर को लगता है कि आप उसे इग्नोर कर रहे हैं। ऐसे में, दूरियां बढ़ने लगती हैं और यहां तक कि ब्रेकअप की नौबत भी आ जाती है।

2. शक पैदा हो जाना
जब आप हमेशा सोशल मीडिया पर एक्टिव रहते हैं और नए-नए लोगों से दोस्ती बनाते हैं, जिसमें अपोजिट जेंडर के लोग भी होते हैं, तो पार्टनर के मन में शक बैठ जाता है। खासकर, औरतों के मन में जलन की भावना पैदा हो जाती है। उन्हें लगता है कि आप कहीं किसी और से संबंध तो नहीं बना रहे। इस तरह के शक-शुबहे से रिलेशनशिप को नुकसान तो पहुंचता ही है।

3.पुराने प्रेमी-प्रेमिका से लगाव
सोशल मीडिया पर कुछ लोग अपने पुराने प्यार की तलाश में भी रहते हैं और उनके मिल जाने पर उनसे भी संबंध बनाने की कोशिश करते हैं। जब यह बात पार्टनर को पता चलती है तो जाहिर है कि उसे तकलीफ होती है। इससे पार्टनर के साथ आपके रिश्ते तनावपूर्ण हो जाते हैं। 

4. सोशल मीडिया पर फ्लर्ट करना
कई लोगों की आदत होती है कि एक रिलेशनशिप में रहते हुए भी वे फ्लर्ट करने से बाज नहीं आते। सोशल मीडिया इस काम के लिए  बेहतर प्लैटफॉर्म बन जाता है। वे यहां पार्टनर को धोखा देकर किसी और से भी रिलेशनशिप बना लेते हैं। जब इसका पता चलता है तो लड़ाई-झगड़े के बाद ब्रेकअप होने में भी देर नहीं लगती। 

5. कई तरह के कन्फ्यूजन होते हैं पैदा
सोशल मीडिया पर जो रिलेशन बनते हैं, वे वर्चुअल होते हैं। उनका वास्तविकता से कोई लेना-देना नहीं होता। जबकि रिलेशनशिप वास्तविक होते हैं। सोशल मीडिया पर बहुत से लोगों के साथ कम्युनिकेट करने से इंसान कन्फ्यूजन का शिकार हो जाता है और रियलिटी से दूर जाने लगता है। इसका बुरा असर उसके संबंधों पर पड़ता है। इसलिए सोशल मीडिया का बहुत ही सोच-समझ कर इस्तेमाल करना चाहिए और इसे अपने निजी संबंधों पर हावी नहीं होने देना चाहिए।     

Share this article
click me!