रिलेशनशिप में आ रही है बोरियत, इन 5 तरीकों से मिलेगी खुशहाली

कई बार लंबे रिलेशनशिप के बाद एक तरह की बोरियत होने लगती है। रिश्ता भले ही प्यार का हो या शादी का, इसे लेकर अगर आपमें उत्साह की कमी हो जाती है तो यह ठीक नहीं। 

Asianet News Hindi | Published : Dec 22, 2019 6:36 AM IST / Updated: Dec 22 2019, 12:09 PM IST

रिलेशनशिप डेस्क। कई बार लंबे रिलेशनशिप के बाद एक तरह की बोरियत होने लगती है। रिश्ता भले ही प्यार का हो या शादी का, इसे लेकर अगर आपमें उत्साह की कमी हो जाती है तो यह ठीक नहीं। रिलेशनशिप में उत्साह कम जाने के पीछे कई कारण होते हैं। एक तो अगर जिंदगी पिटे-पिटाए ढर्रे पर चलती रहे और उसमें कुछ नयापन नहीं आए तो रिश्ते में बोरियत का आना स्वाभाविक है। रिलेशनशिप की शुरुआत में पार्टनर्स के बीच काफी अच्छे संबंध होते हैं। वे हमेशा एक-दूसरे का ख्याल रखते हैं। साथ-साथ सारे काम करते हैं, लेकिन जैसे-जैसे समय बीतता है, उनके बीच उदासीनता बढ़ने लगती है। यह कोई अच्छा संकेत नहीं है। इससे रिलेशनशिप पर बुरा असर पड़ता है, जिससे किसी के दूसरे काम भी प्रभावित होने लगते हैं। किसी भी रिश्ते में उत्साह और गर्मजोशी का बना रहना जरूरी है। जानें कुछ टिप्स।

1. इशारों को समझें 
कई पुरुष अपने साथी के इशारों को नजरअंदाज कर देते हैं। कोई भी औरत खुल कर कुछ नहीं कहती। लेकिन वह कुछ ऐसे इशारे करती है, जिससे पता चलता है कि वह क्या चाहती है। अगर आपके संबंध लंबे समय से चल रहे हैं, तो भी जरूरी नहीं कि वह अपनी इच्छा खुल कर व्यक्त करे। इसलिए उसके प्यार भरे इशारों को समझने की कोशिश करें और उसी के हिसाब से काम करें। इससे आपके रिश्ते में बोरियत नहीं आएगी। 

2. ज्यादा उम्मीद ना रखें
अगर आप रिलेशनशिप में हों या आपने शादी भी कर ली हो तो भी अपने साथी से ज्यादा उम्मीदें नहीं रखें। हर इंसान का स्वभाव अलग-अलग होता है। अलग-अलग लोगों में प्यार की भावना की तीव्रता भी कम या ज्यादा होती है। कई महिलाओं का स्वभाव ऐसा होता है कि वे अपने पहले के संबंधों की यादों में डूब जाती हैं और वर्तमान साथी की उपेक्षा करने लगती हैं। ऐसे में, आप कुछ समय के लिए दूरी बना लें।

3. अपने शौक पूरे करें
कई महिलाएं शादी के कुछ समय के बाद रिश्ते के प्रति बेपरवाह हो जाती हैं। वे अपने पति का ख्याल रखना कम कर देती हैं। इससे पति उपेक्षित महसूस करता है। वहीं, ऐसी महिलाएं खुद पर भी ध्यान नहीं देतीं। वे सोचती हैं कि अब तो शादी हो ही गई। अब क्या सजना-संवरना और किसके लिए। यही नकारात्मक भावना उनमें रिश्ते के प्रति एक उदासीनता पैदा कर देती है। इसलिए इससे बचें और अपने शौक जरूर पूरे करें।

4. पैसे की समस्या 
पति-पत्नी के बीच संबंधों में दरार आने के पीछे पैसा सबसे बड़ी वजह बन जाता है। कई बार पति आर्थिक संकट की स्थिति में फंस जाता है। कई ऐसे कारण हो सकते हैं, जिनके चलते जरूरी नहीं कि वह पत्नी की मांगों को तुरंत पूरा कर सके। ऐसी स्थिति में दोनों में झगड़े होने शुरू हो जाते हैं। इससे बचने की कोशिश करनी चाहिए। संबंधों के बीच में पैसे को कभी आड़े नहीं आने देना चाहिए।

5. समय दें
यह सबसे जरूरी है। चाहे कितनी भी व्यस्तता क्यों नहीं हो, पार्टनर्स को एक-दूसरे को समय देना चाहिए। अगर आप एक-दूसरे को समय नहीं देते तो जाहिर है आपके बीच उदासीनता बढ़ेगी। एक साथ बैठना, बातें करना और घूमने जाना रिश्ते में ताजगी के लिए बहुत जरूरी है। 

Share this article
click me!