क्या पार्टनर है मूड स्विंग का शिकार? इन 5 संकेतों से जानें और रखें खास ख्याल

आजकल मूड स्विंग की समस्या से ज्यादा लोग पीड़ित हो रहे हैं। यह एक तरह की मानसिक समस्या है। इसके संकेतों को समझना हर किसी के लिए जरूरी है।

Asianet News Hindi | Published : Feb 23, 2020 6:36 AM IST / Updated: Feb 23 2020, 04:18 PM IST

रिलेशनशिप डेस्क। आजकल मूड स्विंग की समस्या से ज्यादा लोग पीड़ित हो रहे हैं। यह एक तरह की मानसिक समस्या है। यह समस्या किसी को हो सकती है, लेकिन आम तौर पर देखा गया कि लड़कियां मूड स्विंग की समस्या का ज्यादा शिकार होती हैं। यह समस्या रिलेशनशिप पर बुरा असर डालती है। इसलिए इसके संकेतों को समझना जरूरी होता है, ताकि आप जान सकें कि कहीं आपका पार्टनर मूड स्विंग की समस्या से तो नहीं जूझ रहा है। वैसे तो हर आदमी का मूड बदलता रहता है, लेकिन मूड स्विंग होने पर मन में नकारात्मक भावनाएं ज्यादा आने लगती हैं। अगर पार्टनर के व्यवहार में कुछ असामान्यता नजर आ रही हो तो हो सकता है कि वह इस समस्या का शिकार हो। ऐसे में, उसका खास ख्याल रखना जरूरी है। कई बार यह समस्या लंबे समय तक रह जाती है, तो कई बार जल्दी ही खत्म हो जाती है। अगर पार्टनर के व्यवहार में असामान्यता लंबे समय तक बनी रहे तो मनोचिकित्सक और काउंसलर की मदद लेना जरूरी हो जाता है। जानें, क्या हैं इसके प्रमुख संकेत।

1. चुप रहना
जब कोई मूड स्विंग की समस्या का शिकार होता है, तो आम तौर पर चुप रहने लगता है। वह एकांत में रहना पसंद करने लगता है और किसी से मिलना नहीं चाहता। पूछने पर भी वह सवालों को टाल जाता है। कई बार कुछ भी नहीं बोलता। अगर पार्टनर आपसे कोई बात नहीं कर रहा हो और अकेला चुप बैठा रहे तो समझें कि वह मूड स्विंग की समस्या से जूझ रहा है। ऐसे में, उसे छेड़े नहीं। कुछ समय के बाद उसकी मनोदशा अपने आप बदल जाएगी।

2. किसी भी बात पर खीजना
जो लोग मूड स्विंग की समस्या के शिकार होते हैं, वे मामूली बातों पर भी इरिरेट हो जाते हैं। जो बात किसी के लिए नॉर्मल है, वह भी उन्हें गलत लगने लगती है और वे अनाप-शनाप बोलने लगते हैं। अगर पार्टनर ऐसा व्यवहार कर रहा हो तो गुस्से में नहीं आएं। पार्टनर की बातों का कोई जवाब नहीं दें और संवेदनशीलता के साथ पेश आएं।

3. बेवजह गुस्से में आ जाना
मूड स्विंग की समस्या होने पर कोई बिना किसी कारण के ही मामूली बातों पर गुस्से में आ जाता है। यह गुस्सा काफी तेज होता है। इस दौरान पार्टनर ऐसी बातें भी कह सकता है, जो आपको बहुत बुरी लगें। लेकिन अगर आप पलट कर जवाब देंगे तो इससे समस्या और भी बढ़ेगी। इस दौरान पार्टनर को अकेला छोड़ दें और दूर से ही उस पर नजर रखें।

4. कामकाज कर देता है बंद
मूड स्विंग होने पर लोग मानसिक रूप से इतने परेशान हो जाते हैं कि वे अपना सामान्य कामकाज भी बंद कर देते हैं। कई लोग तो इस दौरान अकेले कमरे में बंद हो जाते हैं, पर उन्हें इससे भी राहत नहीं मिलती। उन्हें रोशनी से दिक्कत होने लगती है। वे सिरदर्द की शिकायत भी करते हैं। 

5. समय पर खाना नहीं खाता
मूड स्विंग होने पर लोग समय पर खाना नहीं खाते, क्योंकि उन्हें भूख का एहसास ही नहीं होता। जब तक उनकी मनोदशा सामान्य नहीं होगी, तब तक वे कुछ भी खाना-पीना पसंद नहीं करते। अगर आपके पार्टनर के साथ ऐसी समस्या हो तो आप खाने के लिए बहुत जोर नहीं डालें, क्योंकि इससे पार्टनर आप पर झुंझला जाएगा। आप उस पर नजर जरूर रखें। बीच-बीच में बात करने की कोशिश करें, लेकिन ज्यादा नहीं। अगर ऐसी समस्या अक्सर पैदा होती है तो पार्टनर को समझा-बुझा कर किसी मानसिक विशेषज्ञ से मिलवाएं। 
  

Share this article
click me!