ये 5 बातें ले जाती हैं एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर की तरफ

अक्सर शादी के कुछ वर्षों के बाद पति या पत्नी में पहले जैसी नजदीकियां नहीं रह जाती हैं। इसके चलते कई बार वे एक्स्ट्रा मैरिटल रिलेशन बनाने लगते हैं। आम तौर पर पुरुषों में यह प्रवृत्ति ज्यादा देखी जाती है, पर कई बार औरतें भी खुल कर एक्स्ट्रा मैरिटल संबंध बनाते देखी जाती हैं।
 

Asianet News Hindi | Published : Oct 18, 2019 11:21 AM IST / Updated: Oct 18 2019, 04:54 PM IST

रिलेशनशिप डेस्क। अक्सर शादी के कुछ वर्षों के बाद पति या पत्नी में पहले जैसी नजदीकियां नहीं रह जाती हैं। इसके चलते कई बार वे एक्स्ट्रा मैरिटल रिलेशन बनाने लगते हैं। आम तौर पर पुरुषों में यह प्रवृत्ति ज्यादा देखी जाती है, पर कई बार औरतें भी खुल कर एक्स्ट्रा मैरिटल संबंध बनाते देखी जाती हैं। वैसे भारतीय संस्कृति और परिवेश में कम ही विवाहित महिलाएं ऐसी मिलेंगी जो दूसरे पुरुषों से प्यार का संबंध बनाती हैं, पर आधुनिकता और महानगरों में आ रहे सांस्कृतिक बदलाव के चलते विवाहेत्तर संबंधों में बढ़ोत्तरी हो रही है। अगर कोई व्यक्ति एक्स्ट्रा मैरिटल संबंध बनाता है तो इसके पीछे कई कारण होते हैं। कुछ तो मनोवैज्ञानिक कारण होते हैं, कुछ ऐसी भी वजहें होती हैं जिनके बारे में जान पाना बहुत आसान नहीं होता। पर कुछ सामान्य वजहों के बारे में जाना जा सकता है, जो एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर की तरफ ले जाती हैं।

1. कम उम्र में शादी
कई बार कस्बों और गांवों में कम उम्र में ही परंपरागत तरीके से शादी कर दी जाती है। शादी के समय न तो लड़की और ना ही लड़का एक-दूसरे को जानते हैं या जानने की कोशिश करते हैं। परिवार वालों ने जहां शादी कर दी, वे चुपचाप कर लेते हैं। लेकिन जब एक समय के बाद उनमें बदलाव आता है या वे करियर के किसी अलग पड़ाव पर पहुंचते हैं तो उन्हें ये संबंध रुचिकर नहीं लगते। ऐसे में, वे एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर की तरफ कदम बढ़ा देते हैं।

2. पति-पत्नी का एक-दूसरे में इंटरेस्ट कम जाना
समय के साथ पति और पत्नी की रुचि एक-दूसरे में कमती चली जाती है। शुरुआती दौर में उनमें यौन आकर्षण काफी होता है। इसकी वजह से वे एक-दूसरे से जुड़े होते हैं। पर कई बार ऐसी परिस्थितियां पैदा हो जाती हैं कि उनमें एक-दूसरे के प्रति रुचि घट जाती है। इस वजह से भी एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर होते हैं।

3. बच्चे होने पर पति की उपेक्षा
अक्सर पत्नियां बच्चे हो जाने पर उन पर  ज्यादा ध्यान देती हैं। यह जरूरी भी होता है। लेकिन पति चाहता है कि पत्नी पहले की तरह उस पर ज्यादा से ज्यादा ध्यान दे। कोई भी स्त्री मां बनने के बाद बच्चों पर ज्यादा ध्यान देगी ही। वह चाहते हुए भी पहले की तरह पति की हर इच्छा पूरी नहीं कर सकती। ऐसे में, कुछ लोग दूसरी औरतों के प्रति आकर्षित हो जाते हैं और उनसे संबंध बनाने की कोशिश करते हैं।

4. घरेलू झगड़े
कुछ परिवारों में झगड़े बहुत ज्यादा होते हैं। खास कर पति अगर बेरोजगार हो या उसकी आमदनी कम हो तो पत्नियां उन्हें काफी जली-कटी सुनाती हैं। अगर ऐसा न भी हो तो सास-बहू और ननद-भौजाई के झगड़े कमोबेश हर परिवार में होते हैं। जब ये झगड़े ज्यादा होने लगते हैं, तो पुरुष का मन पत्नी की तरफ से हटने लगता है। फिर वह किसी नए संबंध की तलाश में लग जाता है।

5. पाबंदी
कुछ औरतों की आदत होती है कि वे अपने पतियों पर काफी शक करती हैं। बात-बात पर उन्हें टोकती हैं। उनकी हर गतिविधि पर नजर रखती हैं। ऐसे में, पति  घुटन महसूस करने लगते हैं और फिर इसके रिएक्शन में एक्स्ट्रा मैरिटल रिलेशन की तरफ बढ़ जाते हैं।  

Share this article
click me!