
दाम्बुला: भारत 'ए' और अफगानिस्तान 'ए' के बीच ट्राई-सीरीज़ वनडे सीरीज़ का दूसरा मैच आज खेला जा रहा है। पहले मैच में सस्ते में आउट होकर निराश करने वाले 15 साल के वैभव सूर्यवंशी दूसरे मैच में कैसा प्रदर्शन करेंगे, इस पर सबकी नज़रें थीं। अब अफगानिस्तान 'ए' के खिलाफ़ इस मैच में वैभव ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाज़ी से महफ़िल लूट ली है।
भारत 'ए' टीम के लिए ओपनिंग करने उतरे वैभव सूर्यवंशी ने पहली गेंद से ही ताबड़तोड़ बल्लेबाज़ी शुरू कर दी। उन्होंने चौकों की बारिश कर दी, लेकिन फिफ्टी से कुछ ही रन पहले आउट हो गए। वैभव का एक गलत शॉट उन्हें पवेलियन वापस ले गया।
अफगानिस्तान 'ए' के खिलाफ मैच में वैभव ने पहली ही गेंद पर चौका लगाकर अपने आक्रामक इरादे ज़ाहिर कर दिए। IPL में अपनी विस्फोटक बल्लेबाज़ी से ऑरेंज कैप जीतने वाले वैभव ने यहां भी खुलकर बैटिंग की। सूर्यवंशी ने सिर्फ 22 गेंदों का सामना किया और 200 की स्ट्राइक रेट से 44 रन ठोक दिए। वैभव की इस तूफ़ानी पारी में 9 शानदार चौके शामिल थे। पारी के 8वें ओवर में वैभव एक बड़ा शॉट लगाने की कोशिश में विकेटकीपर को कैच दे बैठे। इस तरह वह सिर्फ छह रन से अपनी फिफ्टी पूरी करने से चूक गए।
ट्राई-सीरीज़ के अपने पहले मैच में भारत 'ए' ने श्रीलंका 'ए' के खिलाफ़ एक रोमांचक जीत हासिल की थी। हालांकि, उस मैच में वैभव सूर्यवंशी कुछ खास नहीं कर पाए थे और सिर्फ 14 रन बनाकर आउट हो गए थे।
अफगानिस्तान 'ए' के खिलाफ टॉस हारकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी भारत 'ए' टीम को ज़बरदस्त शुरुआत मिली। पहले विकेट के लिए 7.1 ओवर में 74 रन जोड़े गए। सूर्यवंशी ने 44 रन बनाए, जबकि उनके साथी प्रभसिमरन सिंह ने 84 रनों की शानदार पारी खेली। 25 ओवर खत्म होने तक भारत ने 3 विकेट खोकर 174 रन बना लिए थे और एक बड़े स्कोर की तरफ बढ़ रही है।