
मुंबई: साल 1983 में टीम इंडिया ने पहली बार वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीतकर इतिहास रचा था। कपिल देव की कप्तानी में भारतीय टीम ने वेस्ट इंडीज़ और ऑस्ट्रेलिया जैसी मज़बूत टीमों को हराकर शानदार जीत हासिल की थी। अब, इस ऐतिहासिक जीत के बाद टीम इंडिया की एक कथित पार्टी का बिल वायरल हो रहा है। इस बिल में बीयर, शैंपेन, सिगरेट और कॉकटेल जैसी चीज़ों की लिस्ट है, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर खूब बातें हो रही हैं। इस मामले पर अब 1983 वर्ल्ड कप टीम के सदस्य कीर्ति आज़ाद ने सच्चाई बताई है।
यह बिल 1983 वर्ल्ड कप जीतने के बाद लंदन में टीम इंडिया की पार्टी का बताकर वायरल किया जा रहा है। बिल में बैलेनटाइन स्कॉच व्हिस्की, हेनकेन बीयर, ग्लेनफिडिच माल्ट व्हिस्की (12 साल पुरानी), ग्रिल्ड चिकन प्लैटर, मटन रोगन जोश, सरलोइन स्टेक डिनर, क्लब सैंडविच, प्रॉन कॉकटेल, डेज़र्ट, कॉफी और डनहिल सिगरेट जैसी चीज़ों के नाम हैं। कई लोग इस बिल पर, खासकर इसकी कीमतों को लेकर हैरानी जता रहे हैं। पूरी टीम की पार्टी का कुल बिल सिर्फ़ 764 पाउंड देखकर लोग चौंक गए हैं। बिल के ऊपर 'टीम इंडिया सेलिब्रेशन पार्टी डिनर' लिखा हुआ है।
1983 वर्ल्ड कप टीम की पार्टी का बिल वायरल होते ही टीम के सदस्य रहे कीर्ति आज़ाद ने इस पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसे पूरी तरह से फ़र्ज़ी बताया है। कीर्ति आज़ाद ने कहा, "सोशल मीडिया पर घूम रहा यह बिल नकली है। हम लोग लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड के बगल में ही वेस्टमोर्लैंड होटल में ठहरे थे। 25 जून 1983 की पूरी रात और 26 जून की सुबह तक टीम ने वहीं जश्न मनाया था। हम इस होटल में गए ही नहीं थे। इतना ही नहीं, बिल पर कपिल देव का जो साइन है, वो भी नकली है।"