
नई दिल्ली: 7 अगस्त को स्कॉटलैंड और कनाडा के बीच खेला गया मैच, इंटरनेशनल क्रिकेट का 5000वां वनडे मैच बन गया। इस ऐतिहासिक मैच में स्कॉटलैंड ने कनाडा को 9 रनों से रोमांचक शिकस्त दी। अब जब 5000 वनडे मैच पूरे हो चुके हैं, तो चलिए देखते हैं कि किस टीम ने सबसे ज्यादा मैच खेले हैं, कौन सी टीम सबसे ज्यादा जीती है और इस लिस्ट में भारत कहां खड़ा है।
इंटरनेशनल वनडे क्रिकेट की शुरुआत जनवरी 1971 में हुई थी। पिछले 55 सालों में इस फॉर्मेट में काफी बदलाव आए हैं। अब तक कुल 29 देश इंटरनेशनल वनडे क्रिकेट खेल चुके हैं। वनडे वर्ल्ड कप दुनिया के सबसे पॉपुलर क्रिकेट टूर्नामेंट में से एक है। भारतीय टीम ने दो बार आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप की ट्रॉफी उठाई है।
पांच हजार इंटरनेशनल वनडे मैचों के इस सफर में कई शानदार रिकॉर्ड बने हैं। सबसे ज्यादा वनडे मैच किस टीम ने खेले हैं? सबसे ज्यादा वनडे जीत किस टीम ने हासिल की है? सबसे ज्यादा वनडे मैच खेलने वाला खिलाड़ी कौन है? सबसे ज्यादा वनडे वर्ल्ड कप किस टीम ने जीता है? सबसे ज्यादा वनडे शतक किसने लगाए हैं? और सबसे ज्यादा वनडे विकेट किस बॉलर ने लिए हैं? आइए, इन सभी सवालों के जवाब जानते हैं।
सबसे ज्यादा वनडे मैच खेलने का रिकॉर्ड टीम इंडिया के नाम है। भारत ने अब तक 1081 इंटरनेशनल वनडे मैच खेले हैं। वहीं, ऑस्ट्रेलिया 1,025 मैचों के साथ दूसरे नंबर पर है। भारत का कट्टर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान 1002 वनडे मैचों के साथ तीसरे स्थान पर है।
अगर सबसे ज्यादा वनडे मैच जीतने की बात करें, तो यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के नाम है। कंगारू टीम ने 1025 मैचों में 619 जीत और 362 हार के साथ टॉप पर जगह बनाई है। वहीं, टीम इंडिया 1081 मैचों में 575 जीत और 452 हार के साथ दूसरे नंबर पर है। पाकिस्तान ने 1002 मैचों में 529 जीते हैं और 443 हारे हैं।
1. ऑस्ट्रेलिया: 1025 मैच; 619 जीत, 362 हार
2. भारत: 1081 मैच; 575 जीत, 452 हार
3. पाकिस्तान: 1002 मैच; 529 जीत, 443 हार
4. श्रीलंका: 945 मैच; 436 जीत, 461 हार
5. वेस्ट इंडीज: 904 मैच; 431 जीत, 429 हार
6. न्यूजीलैंड: 858 मैच; 402 जीत, 405 हार
7. इंग्लैंड: 826 मैच; 411 जीत, 375 हार
8. दक्षिण अफ्रीका: 698 मैच; 421 जीत, 250 हार
9. जिम्बाब्वे: 586 मैच; 156 जीत, 406 हार
10. बांग्लादेश: 467 मैच; 170 जीत, 286 हार
सबसे ज्यादा वनडे मैच खेलने वाले खिलाड़ी: सचिन तेंदुलकर (463 मैच)
सबसे ज्यादा वनडे वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम: ऑस्ट्रेलिया (6 बार)
सबसे ज्यादा वनडे शतक लगाने वाले बल्लेबाज: विराट कोहली (54 शतक)
सबसे ज्यादा वनडे विकेट लेने वाले गेंदबाज: मुथैया मुरलीधरन (534 विकेट)