
मुंबई: पूर्व भारतीय क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे ने वर्ल्ड क्रिकेट के ऑल-टाइम बेस्ट 5 टी20 बैटर्स को चुना है। हैरानी की बात ये है कि इस लिस्ट में विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे दिग्गजों का नाम नहीं है। रहाणे ने अपनी इस खास लिस्ट में भारत से सिर्फ एक युवा खिलाड़ी को शामिल किया है।
रहाणे की इस टॉप-5 लिस्ट में पहले नंबर पर युवा ओपनर अभिषेक शर्मा हैं। अभिषेक ने हाल ही में सबसे तेज 1000 टी20 रन पूरे किए थे और 2026 टी20 वर्ल्ड कप जीत में उनका बड़ा हाथ था। क्रिकबज को दिए एक खास इंटरव्यू में रहाणे ने अभिषेक की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि पिछले एक-दो साल में अभिषेक ने जिस तरह की निरंतरता, आक्रामक खेल और समझदारी दिखाई है, वो वाकई कमाल है।
इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर साउथ अफ्रीका के हेनरिक क्लासेन हैं। रहाणे का मानना है कि पिछले कुछ सीजन में क्लासेन ने अपनी बैटिंग को जिस तरह से निखारा है और मुश्किल वक्त में टीम को जीत दिलाई है, वो उन्हें खास बनाता है। पिछले आईपीएल सीजन में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए नंबर 4 या उससे नीचे बैटिंग करते हुए 600 से ज्यादा रन बनाने वाले क्लासेन इकलौते खिलाड़ी बने थे।
वेस्टइंडीज के धाकड़ लेफ्ट-हैंडर निकोलस पूरन को रहाणे ने तीसरे नंबर पर रखा है। रहाणे के मुताबिक, पूरन स्पिनर्स और फास्ट बॉलर्स दोनों को आसानी से खेल सकते हैं और कभी भी मैच का रुख पलट सकते हैं। न्यूजीलैंड के ओपनर फिन एलन लिस्ट में चौथे नंबर पर हैं। टी20 में दूसरे सबसे बेहतरीन स्ट्राइक रेट वाले एलन ने 2026 वर्ल्ड कप में कीवी टीम को फाइनल तक पहुंचाने में अहम रोल निभाया था। वहीं, इंग्लैंड के वर्ल्ड कप विनिंग कप्तान और ओपनर जोस बटलर पांचवें नंबर पर हैं। रहाणे ने बटलर को इंग्लैंड क्रिकेट का सबसे खतरनाक वाइट-बॉल प्लेयर बताया है।