
क्रिकेट की दुनिया में नाम और शोहरत तो बहुत है, लेकिन कई बार खिलाड़ी गलत वजहों से भी सुर्खियों में आ जाते हैं। कोई फिक्सिंग में फंसता है, तो कोई धोखाधड़ी या यौन शोषण जैसे गंभीर आरोपों में। अब एक और क्रिकेटर पर ऐसे ही संगीन आरोप लगे हैं और उसने अपना गुनाह कबूल भी कर लिया है।
मामला एक क्रिकेटर से जुड़ा है, जिसने सोशल मीडिया पर एक नाबालिग लड़की से दोस्ती की और फिर उसका यौन शोषण किया। हैरानी की बात यह है कि इस क्रिकेटर ने खुद अपना जुर्म मान लिया है, जिसके बाद उसका जेल जाना लगभग तय माना जा रहा है।
ये खिलाड़ी कोई और नहीं, बल्कि ऑस्ट्रेलिया के तेज़ गेंदबाज़ एरॉन समर्स हैं। 30 साल के एरॉन समर्स ने एक नाबालिग लड़की के यौन शोषण के गंभीर आरोप स्वीकार कर लिए हैं। अब उन्हें लंबी जेल की सज़ा का सामना करना पड़ सकता है। तस्मानिया की सुप्रीम कोर्ट अगस्त में इस मामले पर अपना आखिरी फैसला सुनाएगी।
कोर्ट के दस्तावेज़ों के मुताबिक, यह मामला 2018 का है, जब समर्स होबार्ट हरिकेन्स टीम का हिस्सा थे। उन पर आरोप है कि उन्होंने सोशल मीडिया के ज़रिए एक नाबालिग लड़की से संपर्क किया और फिर उसका यौन शोषण किया। जून के आखिर में, समर्स ने अपना बयान बदलते हुए तीन आपराधिक आरोपों में अपना गुनाह कबूल कर लिया।
क्रिकेटर की वकील कैरोलिन ग्रीव्स ने कोर्ट को बताया कि घटना के वक्त उनके क्लाइंट बहुत मुश्किल मानसिक दौर से गुज़र रहे थे। वह अपना ज़्यादातर समय सोशल मीडिया पर बिताते थे। उन्होंने कहा कि यह घटना उनके मन पर बोझ बनी हुई है और उन्हें सम्मान से अपनी ज़िंदगी जीने का मौका दिया जाना चाहिए।
कैरोलिन ग्रीव्स ने यह भी कहा कि एरॉन समर्स को ऑस्ट्रेलियाई सर्किट के सबसे तेज़ गेंदबाज़ों में से एक माना जाता था और उन्हें भविष्य का सितारा समझा जाता था। उन्होंने कहा, "एरॉन जानते हैं कि ऑस्ट्रेलिया या दुनिया में कहीं भी प्रोफेशनल क्रिकेट खेलने का उनका सपना अब हमेशा के लिए खत्म हो गया है।"
यह एरॉन समर्स का पहला आपराधिक मामला नहीं है। 2021 में, उन्होंने एक अलग मामले में बच्चों के यौन शोषण से जुड़ी सामग्री रखने और उसे शेयर करने का जुर्म कबूला था। उस मामले में उन्हें जेल की सज़ा भी हुई थी। इसका मतलब है कि समर्स पहले भी बच्चों के यौन शोषण से जुड़े अपराधों में दोषी ठहराए जा चुके हैं। कैरोलिन ग्रीव्स ने कोर्ट से ज़मानत की अपील की थी, लेकिन जज हेलेन वुड ने साफ कर दिया कि इस मामले में ऐसी कोई राहत नहीं दी जा सकती। उन्होंने समर्स की ज़मानत रद्द कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया। अब अगस्त में उन्हें सज़ा सुनाई जाएगी।
एरॉन समर्स ने बिग बैश लीग (BBL) में होबार्ट हरिकेन्स और घरेलू क्रिकेट में तस्मानिया टीम के लिए खेला है। अपनी तेज़ गेंदबाज़ी के कारण वह ऑस्ट्रेलिया के सबसे टैलेंटेड तेज़ गेंदबाज़ों में गिने जाते थे। लेकिन अब उनका क्रिकेट करियर खत्म हो चुका है। दाएं हाथ के इस तेज़ गेंदबाज़ ने सात लिस्ट-ए मैच और तीन टी20 मैच खेले हैं। लिस्ट-ए में उन्होंने 77।00 की औसत से पांच विकेट लिए, जबकि टी20 क्रिकेट में उन्हें एक भी विकेट नहीं मिला।