
Eden Park Pitch Report: ऑकलैंड के ईडन पार्क में भारत और न्यूजीलैंड के बीच चौथा T20 मुकाबला खेला जाएगा। ये मैच आज, 30 अक्टूबर को भारतीय समयानुसार 12.30 बजे से होगा। इस मैच से पहले सबसे बड़ा सवाल है कि टॉस जीतने वाली टीम को पहले बल्लेबाजी करनी चाहिए या गेंदबाजी? ईडन पार्क के पुराने रिकॉर्ड और पिच के मिजाज को देखें तो दोनों विकल्पों के अपने फायदे हैं।
ईडन पार्क में अब तक 33 T20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं। यहां पहली पारी का औसत स्कोर करीब 175.5 रन, जबकि दूसरी पारी का औसत 157.8 रन रहा है। इस मैदान पर सबसे बड़ा T20I स्कोर 245/5 रन है, जो ऑस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड के खिलाफ बनाया था। वहीं, बांग्लादेश की टीम यहां सबसे कम 76 रन पर ऑलआउट हो चुकी है।
ईडन पार्क में अब तक 28 मैचों के नतीजों में से 15 मुकाबले पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते हैं, जबकि 13 मैचों में लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम को जीत मिली है। यानी ऐतिहासिक आंकड़ों में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को मामूली बढ़त दिखाई देती है।
ईडन पार्क में भारत का रिकॉर्ड शानदार रहा है। टीम इंडिया ने यहां खेले गए तीनों T20I मुकाबले जीते हैं और उसे अब तक हार नहीं मिली है। दूसरी ओर, न्यूजीलैंड ने इस मैदान पर 19 मुकाबलों में 7 जीत दर्ज की हैं, जबकि 11 मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा है। एक मुकाबला बेनतीजा रहा।
ईडन पार्क की पिच को आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए मददगार माना जाता है। यहां गेंद बल्ले पर अच्छी तरह आती है और बल्लेबाज बड़े शॉट लगा सकते हैं। हालांकि, ड्रॉप-इन पिच होने के कारण कुछ मौकों पर सतह धीमी भी हो सकती है। ऐसे में स्पिन गेंदबाजों को बीच के ओवरों में मदद मिलने की संभावना रहती है। हाल के 13 मुकाबलों के आंकड़ों के मुताबिक, इस मैदान पर करीब 69 प्रतिशत विकेट तेज गेंदबाजों ने लिए हैं। ऐसे में नई गेंद से तेज गेंदबाजों की भूमिका काफी अहम हो सकती है। पावरप्ले में विकेट निकालने वाली टीम मैच पर पकड़ बना सकती है।
हाल के मुकाबलों में लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों का प्रदर्शनअच्छा रहा है। यहां चेज करने वाली टीमों ने करीब 54 प्रतिशत मैच जीते हैं। इसलिए टॉस का फैसला मौसम, ओस और पिच की स्थिति देखकर करना होगा। अगर मैच के दौरान ओस पड़ने की संभावना है तो पहले गेंदबाजी करना फायदेमंद हो सकता है। वहीं, पिच सूखी और बल्लेबाजी के अनुकूल दिखे तो पहले बल्लेबाजी करके 175 से 190 रन का स्कोर खड़ा करना मजबूत विकल्प हो सकता है।
क्या होगी दोनों टीमों की रणनीति?
भारत और न्यूजीलैंड दोनों की कोशिश पावरप्ले में ज्यादा से ज्यादा रन बनाने और शुरुआती विकेट बचाने की होगी। गेंदबाजी में नई गेंद से विकेट निकालना और बीच के ओवरों में रन गति पर नियंत्रण रखना निर्णायक साबित हो सकता है। कुल मिलाकर ईडन पार्क में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को ऐतिहासिक आंकड़ों में हल्की बढ़त है, लेकिन हाल के रिकॉर्ड चेज करने वाली टीमों के पक्ष में भी संकेत देते हैं। ऐसे में चौथे T20I में टॉस का फैसला ओस और मैच के समय की परिस्थितियों पर निर्भर करेगा।