
IND vs NZ 4th T20 Result: भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेला गया। इस मैच में न्यूजीलैंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को 87 रन से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए कीवी टीम ने 7 विकेट के नुकसान पर 259 रन बनाए और भारत के सामने 260 रन का बड़ा लक्ष्य रखा। जवाब में भारतीय टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 172 रन ही बना सकी। इस जीत के साथ न्यूजीलैंड ने सीरीज में अपना खाता खोला। हालांकि, भारत अब भी सीरीज में 3-1 से आगे है।
टॉस जीतकर भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने शुरुआती विकेट गंवा दिए। हालांकि, इसके बाद ग्लेन फिलिप्स और माइकल ब्रेसवेल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। ग्लेन फिलिप्स ने 49 गेंदों में 6 चौके और 10 छक्कों की मदद से 107 रन की तूफानी पारी खेली। वहीं, माइकल ब्रेसवेल ने 65 रन बनाए। इसके अलावा बेवन जैकब्स ने 24 और फिन एलन ने 31 रन का योगदान दिया। इन पारियों की बदौलत न्यूजीलैंड ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 259 रन बनाए।
और पढे़ं- IND vs PAK: पाकिस्तान ने भारत को सिर्फ 23 गेंदों में हराया, अफरीदी ने जड़े लगातार 5 छक्के
गेंदबाजी में भारत की ओर से मयंक यादव सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 48 रन देकर 3 विकेट चटकाए। अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, नीतीश कुमार रेड्डी और अक्षर पटेल को एक-एक विकेट मिला। नमन धीर कोई विकेट नहीं ले सके।
260 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। संजू सैमसन बिना 4 रन बनाकर आउट हो गए। वहीं, ईशान किशन अपना खाता नहीं खोल सके। अभिषेक शर्मा ने 27 रन बनाए, जबकि कप्तान श्रेयस अय्यर ने 11 गेंदों में 22 रन की पारी खेली। इसके बाद भारतीय टीम के लगातार विकेट गिरते रहे। अक्षर पटेल 7 और नीतीश कुमार रेड्डी ने 21 रन बनाए, जबकि तिलक वर्मा ने 35 रन का योगदान दिया। हालांकि, भारतीय बल्लेबाज बड़े लक्ष्य के दबाव में टिककर नहीं खेल सके और टीम 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 172 रन ही बना पाई।
इस तरह न्यूजीलैंड ने चौथा टी20 मुकाबला 87 रन से अपने नाम कर लिया। यह इस सीरीज में उसकी पहली जीत है, जबकि भारत को पहली हार का सामना करना पड़ा है। भारत अभी भी पांच मैचों की सीरीज में 3-1 से आगे है। अब दोनों टीमें सीरीज के आखिरी मुकाबले में आमने-सामने होंगी।