
Rohit Sharma Virat Kohli Last Match in New Zealand: भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज का आखिरी और निर्णायक मुकाबला आज, रविवार को बे-ओवल में खेला जाएगा। ये मैच सिर्फ सीरीज के फैसले के लिए ही नहीं, बल्कि क्रिकेट फैंस के लिए बेहद इमोशनल भी होने वाला है। माना जा रहा है कि भारतीय क्रिकेट के दो सबसे बड़े दिग्गज रोहित शर्मा और विराट कोहली आज न्यूजीलैंड की धरती पर अपना आखिरी इंटरनेशनल मैच खेलने उतरेंगे। स्टेडियम में इस महामुकाबले के लिए भारी भीड़ जुटने की उम्मीद है, जहां फैंस अपने पसंदीदा सितारों को यादगार विदाई देना चाहेंगे। वहीं, कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली भारतीय टीम इस मैच को जीतकर न्यूजीलैंड को 7 साल बाद उसके घर में वनडे सीरीज हराने का कारनामा करना चाहेगी।
रोहित शर्मा के शतक का इंतजार
हिटमैन रोहित शर्मा ने दुनिया के करीब हर कोने में शतक जड़े हैं, लेकिन न्यूजीलैंड की जमीन पर उनके बल्ले से अब तक एक भी वनडे शतक नहीं निकला है। अपने इस आखिरी दौरे पर वे इस कमी को हर हाल में पूरा करना चाहेंगे।
विराट कोहली से बड़ी पारी की उम्मीद
विराट कोहली ने सीरीज के पहले मैच में शानदार पारी खेलकर भारत को जीत दिलाई थी, लेकिन पिछले दो मैचों में वे सिर्फ 7 और 0 रन ही बना पाए हैं। ऐसे में फैंस को किंग कोहली से एक बड़ी और यादगार विदाई पारी की उम्मीद है।
कोच गौतम गंभीर के कार्यकाल में भारत ने इससे पहले श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड में वनडे सीरीज गंवाई है। ऐसे में अगर टीम इंडिया आज का मुकाबला जीत लेती है, तो ये गंभीर की कोचिंग में भारत की पहली विदेशी वनडे सीरीज जीत होगी। इसके अलावा, न्यूजीलैंड को पिछले 7 सालों में अपने घर में किसी भी वनडे सीरीज में हार नहीं मिली है और आखिरी बार 2019 में भारत ने ही उन्हें यहां हराया था।
पिछले मैच में 89 रन पर ऑलआउट होने और 244 रनों की बड़ी हार झेलने के बाद भारतीय टीम में बदलाव तय माना जा रहा है। सीरीज में अब तक सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ को कुलदीप यादव की जगह टेस्ट टीम में शामिल कर लिया गया है, इसलिए वे आज का वनडे नहीं खेलेंगे। बराड़ की जगह तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज इस दौरे का अपना पहला मैच खेल सकते हैं। टेस्ट सीरीज से पहले यह मैच सिराज की लय परखने के लिए भी अहम होगा। टेस्ट स्क्वाड से बाहर किए जाने के बाद स्पिनर कुलदीप यादव के पास खुद को साबित करने का यह सुनहरा मौका हो सकता है।