
IND vs PAK Live Streaming: भारत और पाकिस्तान की अंडर-19 क्रिकेट टीमों के बीच आज (14 नवंबर) एशिया कप 2026 का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। दोनों चिर-प्रतिद्वंद्वी टीमें ओमान के अल अमीरात क्रिकेट ग्राउंड पर खिताब के लिए आमने-सामने होंगी। भारतीय टीम की नजरें ग्रुप स्टेज में पाकिस्तान से मिली हार का बदला लेकर ट्रॉफी जीतने पर होंगी। वहीं, पाकिस्तान की टीम लगातार छठी जीत दर्ज कर चैंपियन बनने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। मुकाबला भारतीय समयानुसार सुबह 10:30 बजे शुरू होगा। इस मैच में सभी की नजरें खास तौर पर आर्यवीर सहवाग पर रहेंगी, जो टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।
दोनों टीमें इस टूर्नामेंट में पहले भी आमने-सामने आ चुकी हैं। ग्रुप स्टेज के मुकाबले में पाकिस्तान ने भारत को 3 विकेट से हराया था। हालांकि, भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में अफगानिस्तान को 8 विकेट से शिकस्त देकर फाइनल में जगह बनाई। दूसरी ओर, पाकिस्तान ने बांग्लादेश को 9 विकेट से हराकर खिताबी मुकाबले का टिकट कटाया। पाकिस्तान ने अब तक टूर्नामेंट में अपने सभी पांच मुकाबले जीते हैं।
और पढ़ें- BCCI U19 Cricketer: 17 साल की होनहार खिलाड़ी नंदिनी की मौत, चयन के बाद आखिर ऐसा क्या हुआ?
भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक 31 यूथ वनडे मुकाबले खेले गए हैं। इनमें भारत ने 17 और पाकिस्तान ने 13 मैच जीते हैं, जबकि एक मुकाबला टाई रहा है। अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में दोनों टीमें चौथी बार आमने-सामने होंगी। इससे पहले 2012 में दोनों टीमों के बीच फाइनल टाई रहा था और उन्हें संयुक्त विजेता घोषित किया गया था। 2013-14 में भारत ने पाकिस्तान को 40 रन से हराकर खिताब जीता था। वहीं, 2025 के फाइनल में पाकिस्तान ने भारत को 191 रन से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की थी।
ओमान के अल अमीरात क्रिकेट ग्राउंड की पिच धीमी रहने की संभावना है। यहां पहली पारी का औसत स्कोर 206 रन बताया गया है। पिछले 10 मुकाबलों में तेज गेंदबाजों ने 77 विकेट हासिल किए हैं, जबकि स्पिनर्स को 44 विकेट मिले हैं। ऐसे में दोनों टीमों के तेज गेंदबाज अहम भूमिका निभा सकते हैं। इसके अलावा, इस मैदान पर लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों का रिकॉर्ड बेहतर रहा है। यहां पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 36 प्रतिशत, जबकि लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने 64 प्रतिशत मुकाबले जीते हैं।
मैच: भारत बनाम पाकिस्तान अंडर-19 एशिया कप फाइनल
तारीख: शनिवार, 14 नवंबर 2026
टॉस का समय: सुबह 10:00 बजे (भारतीय समयानुसार)
मैच शुरू: सुबह 10:30 बजे (भारतीय समयानुसार)
मैदान: अल अमीरात क्रिकेट ग्राउंड, ओमान
लाइव टेलीकास्ट: Sony Sports Network
भारतीय क्रिकेट फैंस इस महामुकाबले का लाइव टेलीकास्ट Sony Sports Network पर देख सकते हैं। वहीं, मोबाइल, लैपटॉप और अन्य डिजिटल डिवाइस पर मैच की लाइव स्ट्रीमिंग SonyLIV ऐप और वेबसाइट के जरिए देखी जा सकती है। ऐसे में अब देखना दिलचस्प होगा कि आर्यवीर सहवाग की शानदार बल्लेबाजी भारत को खिताब दिला पाती है या पाकिस्तान अपनी जीत का सिलसिला जारी रखते हुए ट्रॉफी अपने नाम करता है।