
IND vs SA ODI Moments: भारत-दक्षिण अफ्रीका के बीच 30 नवंबर को रांची में खेले गए मैच के दौरान मैदान में कई शानदार रिकॉर्ड और नजारे देखने को मिले। एक तरफ जहां रोहित शर्मा ने 352 छक्के जड़ते हुए शाहिद अफरीदी का रिकॉर्ड तोड़ा तो वहीं विराट कोहली ने करियर का 83वां शतक जड़ दिया। विराट कोहली की सेंचुरी पूरी होते ही मैदान में एक अद्भुत नजारा देखने को मिला।
विराट कोहली की सेंचुरी पूरी होते ही उनका एक फैन फील्ड से होता हुआ सीधे पिच पर पहुंच गया। अपने सामने सबसे चहेते क्रिकेटर को देखकर वो सीधा विराट कोहली के पैरों पर गिर पड़ा। ये देख पहले तो कोहली भी चौंक गए। लेकिन फिर उन्होंने फटाफट उसे उठाया। इस दौरान कुछ देर के लिए फील्ड में खेल भी रोकना पड़ा।
विराट कोहली ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 120 गेंदों में 135 रनों की पारी खेली। 112.50 के स्ट्राइक रेट से उन्होंने अपनी इस पारी में 7 गगनचुंबी छक्के और 11 शानदार चौके जड़े। वहीं, विराट के ओवरऑल करियर की बात करें तो ये उनका 83वां शतक था। उन्होंने अब तक टेस्ट में 30, वनडे में 52 और टी20 मैचों में 1 शतक जड़ा है।
साउथ अफ्रीका के खिलाफ रोहित शर्मा ने 51 गेंदों में 57 रनों की पारी खेली, जिसमें उन्होंने 5 चौके और 3 छक्के लगाए। इसके साथ ही उन्होंने वनडे मैचों में 352 छक्के लगाते हुए पाकिस्तान के शाहिद आफरीदी के 351 सिक्स का रिकॉर्ड तोड़ दिया। रोहित मार्को यानसन की शॉर्ट लेंथ गेंद पर LBW आउट हुए।
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 349 रन बनाए। भारत की ओर से विराट कोहली ने 135, केएल राहुल ने 60, रोहित शर्मा ने 57, रवीन्द्र जडेजा ने 32 और यशस्वी जायसवाल ने 18 रनों का योगदान दिया। वहीं साउथ अफ्रीका की ओर से 4 गेंदबाजों ने 2-2 विकेट हासिल किए। सिर्फ प्रेनेलन सुब्रायन को विकेट नहीं मिला। साउथ अफ्रीका की शुरुआत खराब रही और उसने 2 ओवर में सिर्फ 8 रनों के स्कोर पर अपने दो अहम विकेट गंवा दिए।