
IND vs WI 5th T20: क्रिकेट फैंस के लिए शनिवार का दिन थोड़ी निराशा लेकर आया। बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेला जाने वाला पांचवां और फाइनल टी20 मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया। इस मैदान पर पूरे दो साल बाद कोई इंटरनेशनल मैच हो रहा था और स्टेडियम खचाखच भरा था, लेकिन बारिश ने सारा मजा किरकिरा कर दिया। इस मैच के धुलने के साथ ही 5 मैचों की यह सीरीज 2-2 की बराबरी पर खत्म हो गई। इस बारिश ने सिर्फ एक मैच नहीं धोया, बल्कि टीम इंडिया का 1483 दिन पुराना सबसे बड़ा रिकॉर्ड भी चकनाचूर कर दिया। वहीं, वेस्टइंडीज ने 24 साल बाद भारत में एक बड़ा कमाल कर दिया है। आइए जानते हैं इस मैच से क्या-क्या बड़े रिकॉर्ड्स बने और टूटे...
लगातार बारिश की वजह से मैच अपने तय समय से 2 घंटे 15 मिनट की देरी से शुरू हुआ था। अंपायर्स ने मैच को 9-9 ओवर का कर दिया। वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने टॉस जीता और टीम इंडिया को पहले बैटिंग के लिए बुलाया। भारतीय बल्लेबाजों ने ताबड़तोड़ शुरुआत की और 7.4 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 118 रन ठोक दिए थे। लेकिन तभी आसमान से फिर तेज पानी बरसने लगा, जिसके बाद अंपायर्स को मजबूरी में मैच खत्म (No Result) करना पड़ा।
इस सीरीज के ड्रॉ होते ही भारत का अपने घर में लगातार टी20 सीरीज जीतने का शानदार रिकॉर्ड टूट गया। टीम इंडिया ने पिछले 4 साल (1483 दिन) में अपने घर में खेलते हुए लगातार 11 द्विपक्षीय (Bilateral) टी20 सीरीज जीती थीं। जीत के इस रिकॉर्ड की शुरुआत सितंबर 2022 में ऑस्ट्रेलिया को 2-1 से हराकर हुई थी। इसी शानदार दौर में भारत ने 2026 का टी20 वर्ल्ड कप भी अपने घर में खेला और ट्रॉफी भी उठाई थी।
चार साल पहले जून 2022 में भी टीम इंडिया साउथ अफ्रीका के खिलाफ घरेलू सीरीज जीतने से चूक गई थी। तब भी सीरीज 2-2 से ड्रॉ रही थी। मजे की बात ये है कि तब भी 5वां और फाइनल मैच बेंगलुरु के इसी चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जा रहा था और वो भी बारिश के कारण ही रद्द हुआ था। हालांकि, राहत की बात ये है कि भारत अभी भी घर में कोई टी20 सीरीज हारा नहीं है। टीम इंडिया को घर में आखिरी बार टी20 सीरीज में हार फरवरी 2019 में ऑस्ट्रेलिया से मिली थी।
वेस्टइंडीज की टीम भले ही सीरीज न जीत पाई हो, लेकिन उसने 24 साल बाद भारत के घर में एक बड़ा इतिहास रच दिया है। 24 साल में ये पहली बार है जब वेस्टइंडीज की टीम भारत में कोई द्विपक्षीय सीरीज खेलने आई हो और बिना सीरीज हारे यानी ड्रॉ कराके वापस लौट रही है। इससे पहले साल 2002 में उन्होंने भारत में वनडे सीरीज 4-3 से जीती थी। 2002 से लेकर अब तक दोनों टीमों के बीच भारत में तीनों फॉर्मेट्स (टेस्ट, वनडे, टी20) मिलाकर कुल 15 सीरीज खेली गईं, लेकिन विंडीज कभी भी बिना सीरीज हारे वापस नहीं लौट सका था।