IND W vs PAK W: 28 रन पर गिरे 10 विकेट, भारत के सामने T20 इतिहास में सबसे शर्मनाक स्कोर पर सिमटा पाक

Published : Sep 05, 2026, 11:03 PM IST
India vs Pakistan Women

सार

India vs Pakistan Women: विमेंस एशिया कप में भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हराया। पाकिस्तान 55 रन पर सिमटा। हरमनप्रीत कौर के विनिंग सिक्स और शेफाली के रिकॉर्ड की मैच रिपोर्ट।

India Women vs Pakistan Women: दुबई के मैदान पर शनिवार को भारत की बेटियों ने एक बार फिर साबित कर दिया कि एशिया में उनका कोई सानी नहीं है। विमेंस एशिया कप के इस मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से रौंद दिया। यह मुकाबला क्रिकेट मैच कम और भारतीय स्पिनरों का मास्टरक्लास ज्यादा लगा। पाकिस्तान की पूरी टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई और उनके नाम T20I इतिहास का सबसे अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हो गया।

भारत vs पाकिस्तान मैच: टॉस पर दिखा कड़ा रुख, फिर नहीं मिलाया हाथ

मैच शुरू होने से पहले ही मैदान का माहौल गर्म था। टॉस के वक्त भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पाकिस्तानी कप्तान फातिमा सना से हाथ नहीं मिलाया। 22 अप्रैल 2025 के पहलगाम आतंकी हमले के बाद से भारतीय टीम ने हैंडशेक न करने की जो नीति अपनाई है, उस पर हरमनप्रीत आज भी अडिग दिखीं। इससे पहले विमेंस T20 वर्ल्ड कप में भी भारतीय कप्तान ने ऐसा ही रुख दिखाया था।

पाकिस्तान के 28 रन के अंदर गिर गए सभी 10 विकेट

पाकिस्तान की शुरुआत ठीक-ठाक रही थी। मुनीबा अली और शवाल जुल्फिकार ने संभलकर खेलते हुए स्कोर को 27 रन तक पहुंचाया। टीम इंडिया ने शुरुआत में कुछ कैच छोड़े और फील्डिंग में गलतियां कीं, लेकिन पाकिस्तान इसका फायदा नहीं उठा सका। जैसे ही शेफाली वर्मा ने मुनीबा (13 रन) को बोल्ड किया, उसके बाद तो विकेटों की झड़ी लग गई। चरणी ने पिच की टर्न और फ्लाइट का ऐसा जाल बुना कि पाकिस्तान की आधी बल्लेबाजी वहीं ढेर हो गई। उन्होंने 3 विकेट चटकाए। अपनी सटीक लेग स्पिन से प्रेमा ने पाक बल्लेबाजों को क्रीज पर टिकने का मौका नहीं दिया और 3 विकेट अपने नाम किए। ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने पाक कप्तान फातिमा को शून्य पर आउट करने के साथ 2 अहम विकेट निकाले।

PAK के 8 बैट्समैन 10 रन भी नहीं बना सके

पाकिस्तान की 8 बल्लेबाज तो दहाई (10 रन) का आंकड़ा भी नहीं छू सकीं। टीम ने सिर्फ 28 रन जोड़कर अपने आखिरी 10 विकेट गंवा दिए और 55 रन पर सिमट गई। यह विमेंस T20I में पाकिस्तान का अब तक का सबसे कम स्कोर है।

T20I में पाकिस्तान के सबसे छोटे स्कोर

55 रन बनाम भारत (दुबई, 2026)

साल 2026 में दुबई के मैदान पर भारतीय टीम के खिलाफ पाकिस्तानी बल्लेबाज टिक नहीं सके और पूरी टीम महज 55 रनों पर सिमट गई।

56 रन बनाम न्यूजीलैंड (दुबई, 2024)

साल 2024 में दुबई में ही खेले गए मुकाबले में न्यूजीलैंड के खिलाफ पाकिस्तान का बैटिंग ऑर्डर ढह गया और टीम सिर्फ 56 रन ही बना पाई।

60 रन बनाम इंग्लैंड (टॉन्टन, 2009)

साल 2009 में टॉन्टन के मैदान पर इंग्लैंड की कसी हुई गेंदबाजी के सामने पाकिस्तान की पूरी पारी 60 रन पर समाप्त हो गई।

63 रन बनाम भारत (ग्वांगझोउ, 2012)

साल 2012 में चीन के ग्वांगझोउ में भारत के खिलाफ खेलते हुए पाकिस्तानी टीम सिर्फ 63 रनों के स्कोर पर ऑलआउट हो गई थी।

65 रन बनाम वेस्टइंडीज (सेंट एंड्रयूज, 2011)

साल 2011 में सेंट एंड्रयूज के मैदान पर वेस्टइंडीज के सामने पाकिस्तान का संघर्ष साफ दिखा और पूरी टीम 65 रन पर ढेर हो गई।

शेफाली का वर्ल्ड रिकॉर्ड, फिर फातिमा की वापसी

56 रन के छोटे टारगेट का पीछा करने उतरी भारतीय टीम के लिए शेफाली वर्मा ने पहली ही गेंद पर लॉन्ग-ऑफ के ऊपर से शानदार छक्का जड़ा। इसके साथ ही उन्होंने T20 इंटरनेशनल में अपने 3,000 रन पूरे कर लिए। महज 22 साल 220 दिन की उम्र में शेफाली दुनिया की सबसे युवा खिलाड़ी बन गई हैं, जिन्होंने यह मुकाम हासिल किया है। वे स्मृति मंधाना और हरमनप्रीत के बाद इस एलीट क्लब में शामिल होने वाली सिर्फ तीसरी भारतीय बल्लेबाज हैं। हालांकि, पाकिस्तानी कप्तान फातिमा सना ने अचानक मैच में जान फूंक दी। उन्होंने शेफाली (12), प्रतिका रावल (4) और फिर स्मृति मंधाना (9) को जल्दी-जल्दी आउट कर भारत का स्कोर 29 पर 3 विकेट कर दिया।

हरमनप्रीत ने 150वें मैच में छक्का जड़कर दिलाई जीत

तीन झटके लगने के बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर और दीप्ति शर्मा ने पारी को संभाला। दोनों ने बिना कोई जोखिम लिए स्ट्राइक रोटेट की। कप्तान के तौर पर हरमनप्रीत का यह 150वां T20 मुकाबला था, और उन्होंने इसे बेहद खास अंदाज में खत्म किया। 9वें ओवर में हरमनप्रीत ने आगे बढ़कर छक्का लगाया और टीम को 8.4 ओवर में 7 विकेट से आसान जीत दिला दी। हरमनप्रीत 18 और दीप्ति 12 रन बनाकर नाबाद लौटीं। इस जीत के साथ एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ भारत का रिकॉर्ड अब 7-1 का हो गया है।

PREV
Read more Articles on

Recommended Stories

Hardik Pandya Injury: 10 साल में इन बड़ी चोटों से जूझ चुके हैं हार्दिक पांड्या
Asian Games Cricket: बारिश ने बदला पूरा समीकरण, अब अफगानिस्तान से भिड़ेगा भारत, एशियन गेम्स का क्वार्टर फाइनल तय