India vs Afghanistan: भारत ने रचा इतिहास, अफगानिस्तान को पारी और 300 रनों से रौंदा

Published : Jun 08, 2026, 04:44 PM IST
India vs Afghanistan

सार

भारत ने अफगानिस्तान पर एक पारी और 300 रनों से ऐतिहासिक जीत दर्ज की, जो टेस्ट में उसकी सबसे बड़ी जीत है। भारत के 564/8 के जवाब में अफगान टीम अपनी दोनों पारियों में 152 और 112 रनों पर सिमट गई।

मुल्लनपुर: भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच में एक पारी और 300 रनों से ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। तीसरे दिन भारत के पहली पारी के स्कोर 564/8 के जवाब में अफगानिस्तान की टीम पहली पारी में 152 रनों पर ऑल आउट हो गई थी। इसके बाद फॉलोऑन खेलते हुए दूसरी पारी में भी अफगान टीम 112 रनों पर ढेर हो गई। इस तरह भारत ने यह मैच एक पारी और 300 रनों के विशाल अंतर से जीत लिया।

अफगानिस्तान ने तीसरे दिन 113/5 के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया था, लेकिन पहली पारी 152 रनों पर सिमट गई। भारत को 412 रनों की भारी-भरकम बढ़त मिली, जिसके बाद भारत ने अफगानिस्तान को फॉलोऑन खेलने के लिए मजबूर किया।

दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान की टीम 35.5 ओवर में 112 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। ओपनर सेदिकुल्लाह अटल ने 42 रन बनाए और वह टीम के टॉप स्कोरर रहे। उनके अलावा रहमानुल्लाह गुरबाज ने 24 और रहमत शाह ने 13 रन बनाए। इन तीनों के अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका। भारत के लिए वाशिंगटन सुंदर ने 4 और कुलदीप यादव ने 3 विकेट लिए।

रनों के लिहाज से यह भारत के टेस्ट इतिहास की सबसे बड़ी जीत है। इस विशाल जीत के साथ भारत ने 2018 में राजकोट में वेस्टइंडीज के खिलाफ 272 रनों से मिली जीत का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

412 रनों की बढ़त का पीछा करते हुए अफगानिस्तान ने दूसरी पारी में अच्छी शुरुआत की थी, लेकिन बाद में टीम बिखर गई। ओपनर सेदिकुल्लाह अटल और अब्दुल मलिक (8) ने पहले विकेट के लिए 42 रन जोड़े। अब्दुल मलिक के आउट होने के बाद अटल ने रहमानुल्लाह गुरबाज के साथ 30 रनों की साझेदारी की और टीम को 72/1 के स्कोर तक पहुंचाया। लेकिन जैसे ही कुलदीप यादव ने गुरबाज (24) को आउट किया, अफगानिस्तान की पारी ताश के पत्तों की तरह ढह गई और टीम ने अगले 50 रनों के अंदर अपने सारे विकेट खो दिए।

इससे पहले, तीसरे दिन के पहले सेशन में अफगानिस्तान ने 113/5 के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया था। स्कोर 118 तक पहुंचा ही था कि प्रसिद्ध कृष्णा ने अजमतुल्लाह ओमरजई को बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया। इसके बाद रहमत शाह (60) और शरफुद्दीन अशरफ (11) ने कुछ देर संघर्ष किया, लेकिन अपना डेब्यू मैच खेल रहे मानव सुथार ने दोनों को आउट कर अपने 5 विकेट पूरे किए। इसके बाद उन्होंने मोहम्मद सलीम सफी (0) को भी आउट कर अपने डेब्यू को यादगार बना दिया। वाशिंगटन सुंदर ने जियाउर रहमान शरीफी (6) को आउट कर अफगानिस्तान की पहली पारी समेटी। भारत के लिए सुथार ने 22 ओवर में सिर्फ 33 रन देकर 6 विकेट झटके। प्रसिद्ध कृष्णा को 3 और सुंदर को एक विकेट मिला। रहमत शाह अपनी 60 रनों की पारी के साथ भारत के खिलाफ टेस्ट में अर्धशतक लगाने वाले पहले अफगान खिलाड़ी बन गए।

PREV
Read more Articles on

Recommended Stories

IND vs AFG: कौन हैं 23 साल के मानव सुथार जो बने टीम इंडिया के हीरो, दिलाई सबसे बड़ी जीत
Mohammed Siraj: मैदान पर चढ़ा सिराज का पारा, अफगानी बल्लेबाज से ये क्या बोल डाला...