
India Afghanistan T20 Series: श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम अब अपने अगले मिशन की तैयारी में जुट गई है। अब फैंस की नजर भारत के अगले मुकाबले पर है। अगर आप भी जानना चाहते हैं कि टीम इंडिया अगली बार कब मैदान पर उतरेगी, तो आपके लिए बड़ी खबर है। भारतीय टीम सितंबर 2026 में अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज खेलेगी। इस सीरीज की आधिकारिक पुष्टि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) दोनों ने कर दी है। आइए जानते हैं सीरीज का पूरा शेड्यूल, मैच का समय और लाइव टेलीकास्ट से जुड़ी सभी जानकारी।
भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज 13 से 17 सितंबर 2026 के बीच खेली जाएगी। सभी मुकाबले नई दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में होंगे।
पहला टी20: 13 सितंबर 2026
दूसरा टी20: 15 सितंबर 2026
तीसरा टी20: 17 सितंबर 2026
हालांकि यह सीरीज अफगानिस्तान की घरेलू सीरीज है, लेकिन पिछले कई सालों से अफगानिस्तान अपने घरेलू अंतरराष्ट्रीय मुकाबले भारत में खेलता आ रहा है। इसी वजह से इस बार भी सभी मैच दिल्ली में आयोजित किए जाएंगे।
भारत और अफगानिस्तान के बीच अब तक 8 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले जा चुके हैं। इनमें से भारत ने 7 मैच जीते हैं, जबकि एक मुकाबला (एशियन गेम्स 2023) बेनतीजा रहा था। अफगानिस्तान अब तक भारत के खिलाफ एक भी टी20 मुकाबला नहीं जीत पाया है। दोनों टीमों की पिछली टी20 भिड़ंत आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2024 में हुई थी, जहां भारत ने शानदार जीत दर्ज की थी।
और पढे़ं- BCCI की सालाना बैठक में होंगे 5 बड़े फैसले, अंडमान निकोबार से लेकर IPL तक अहम एजेंडा
भारत और अफगानिस्तान के बीच तीनों टी20 मुकाबले शाम 7:00 बजे (भारतीय समयानुसार) शुरू होंगे। वहीं, टॉस शाम 6:30 बजे होगा। मैचों का लाइव टेलीकास्ट सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। वहीं, Sony LIV ऐप और वेबसाइट पर इन मुकाबलों की लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध रहेगी।
BCCI अध्यक्ष मिथुन मन्हास ने कहा कि भारतीय बोर्ड हमेशा अफगानिस्तान क्रिकेट के विकास में सहयोग करता रहा है। उनका मानना है कि इस सीरीज से दोनों टीमों के खिलाड़ियों को बेहतर अनुभव मिलेगा और दोनों क्रिकेट बोर्डों के रिश्ते और मजबूत होंगे। वहीं, BCCI सचिव देवाजीत सैकिया ने कहा कि भारत और अफगानिस्तान के बीच हमेशा रोमांचक मुकाबले देखने को मिले हैं। उन्होंने याद दिलाया कि भारत ने साल 2018 में अफगानिस्तान के पहले ऐतिहासिक टेस्ट मैच की भी मेजबानी की थी। इसके अलावा, दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (DDCA) के अध्यक्ष रोहन जेटली ने कहा कि अरुण जेटली स्टेडियम में दोनों टीमों का स्वागत करना उनके लिए गर्व की बात है। उन्हें उम्मीद है कि दिल्ली के क्रिकेट प्रेमियों को शानदार मुकाबले देखने को मिलेंगे।
1. भारत और अफगानिस्तान के बीच टी20 सीरीज कब शुरू होगी?
तीन मैचों की टी20 सीरीज 13 सितंबर 2026 से शुरू होगी।
2. भारत और अफगानिस्तान के सभी मैच कहां खेले जाएंगे?
सीरीज के तीनों मुकाबले नई दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे।
3. भारत बनाम अफगानिस्तान टी20 सीरीज का लाइव प्रसारण कहां देखें?
मैचों का लाइव टेलीकास्ट सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर और लाइव स्ट्रीमिंग Sony LIV ऐप व वेबसाइट पर होगी।