
India vs Ireland, 3rd ODI: आयरलैंड के खिलाफ खेले गए तीसरे वन डे मैच में भारत की टीम ने 50 ओवर में 435 रन बनाकर इतिहास रच दिया है। इंडियन टीम महिला वनडे में 400 से ज्यादा रन बनाने वाली तीसरी टीम बन गई है। बुधवार को राजकोट में खेले गए मैच में स्मृति मंधाना और प्रतीका रावल ने शतक लगाए।
भारत से पहले न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया की टीम महिला वनडे मैच में 400 से ज्यादा रन बना चुकी है। इससे पहले महिला क्रिकेट में भारत का सर्वाधिक स्कोर 370 था। इसे तीन दिन पहले आयरलैंड के खिलाफ बनाया गया था।
भारत का 435 रन महिला एकदिवसीय क्रिकेट में चौथा सबसे बड़ा स्कोर भी था। महिला वनडे क्रिकेट में सबसे बड़े स्कोर का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के नाम है। न्यूजीलैंड ने 2018 में डबलिन में आयरलैंड के खिलाफ 4 विकेट पर 491 रन बनाए थे।
महिला टीम द्वारा बनाया गया 435 रनों का स्कोर अब एकदिवसीय क्रिकेट में भारत का सर्वोच्च स्कोर है। महिला टीम ने पुरुष टीम के 418 रन के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। पुरुष टीम ने 2011 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 418 रन बनाए थे।
भारत के लिए अपनी दूसरी सीरीज खेल रही प्रतीका रावल ने अपना पहला शतक बनाया। दिल्ली की 24 साल की मनोविज्ञान की छात्रा प्रतीका ने 129 गेंदों पर 154 रन बनाए। उन्होंने 20 चौके और 1 छक्का लगाया।
हरमनप्रीत कौर की अनुपस्थिति में टीम की अगुआई कर रही कप्तान स्मृति मंधाना ने 70 गेंदों में शतक लगा लिया था। उन्होंने महिला वनडे में भारत की ओर से सबसे तेज शतक लगाया है। स्मृति ने 80 गेंदों में 135 रन की पारी खेली। उन्होंने 12 चौके और 7 छक्के लगाए।
रिचा घोष तीसरे नंबर पर उतरीं। उन्होंने 42 गेंदों पर 59 रन की पारी खेली। इस दौरान 1 छक्का और 10 चौके लगाए। तेजल हसबनीस ने 28 और हरलीन देओल ने 15 रन बनाए। कुल मिलाकर भारत ने 50 ओवर में 5 विकेट पर 435 रन बनाए। 29 रन अतिरिक्त रन के रूप में आए। स्मृति मंधाना और प्रतीक रावल के बीच 233 रनों की साझेदारी हुई। यह महिला वनडे में भारत के लिए तीसरी सबसे बड़ी साझेदारी है।
यह भी पढ़ें- कौन हैं प्रतीका रावल? आयरलैंड के खिलाफ बनाए 154 रन, जानें क्रिकेट से खास नाता