
Team India Warm Up Match: इंग्लैंड के खिलाफ टी20 और वनडे सीरीज में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद अब भारतीय टीम की नजरें टेस्ट क्रिकेट पर हैं। अगले महीने टीम इंडिया श्रीलंका दौरे पर दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने वाली है। इस अहम सीरीज से पहले खिलाड़ी अपनी तैयारियों को मजबूत करने के लिए चार दिवसीय वॉर्म-अप मैच खेलेंगे। शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम 4 अगस्त को कोलंबो पहुंचेगी। वहां कुछ दिन प्रैक्टिस करने के बाद 7 अगस्त से वॉर्म-अप मैच खेला जाएगा, ताकि खिलाड़ी श्रीलंका की पिच और मौसम के अनुसार खुद को बेहतर तरीके से ढाल सकें।
भारतीय टीम 7 से 10 अगस्त तक कोलंबो के एनसीसी (नॉनडेस्क्रिप्ट्स क्रिकेट क्लब) मैदान पर चार दिवसीय वॉर्म-अप मैच खेलेगी। यह मुकाबला सिर्फ औपचारिकता नहीं होगा, बल्कि खिलाड़ियों के लिए मैच प्रैक्टिस और लय हासिल करने का शानदार मौका रहेगा। श्रीलंका की स्पिन मददगार पिचों पर बल्लेबाज और गेंदबाज अपनी रणनीतियों को परखेंगे। वॉर्म-अप मैच से पहले टीम नेट्स में जमकर प्रैक्टिस भी करेगी, ताकि टेस्ट सीरीज के लिए पूरी तरह तैयार होकर मैदान पर उतरे।
वॉर्म-अप मैच के बाद भारतीय टीम श्रीलंका के साथ 15 से 19 अगस्त तक गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में पहला टेस्ट मैच खेलगी। इसके बाद दूसरा और आखिरी टेस्ट 23 से 27 अगस्त तक कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब मैदान में होगा। दोनों मुकाबले भारतीय समयानुसार सुबह 10:00 बजे शुरू होंगे।
और पढे़ं- पहले वैभव और संजू, अब केएल राहुल... गौतम गंभीर पर भड़के श्रीकांत, टीम मैनेजमेंट पर उठाए बड़े सवाल
भारतीय टीम करीब 8 साल बाद श्रीलंका की सरजमीं पर टेस्ट सीरीज खेलने उतरेगी। इससे पहले साल 2017 में विराट कोहली की कप्तानी में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को 3-0 से हराकर सीरीज अपने नाम की थी। अब शुभमन गिल की कप्तानी में भी फैंस उसी तरह के प्रदर्शन की उम्मीद कर रहे हैं। हालांकि, श्रीलंका अपनी घरेलू पिचों का पूरा फायदा उठाने की कोशिश करेगा। ऐसे में यह सीरीज रोमांचक होने की पूरी संभावना है। बल्लेबाजों और स्पिन गेंदबाजों के बीच दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल सकता है।
यह टेस्ट सीरीज सिर्फ जीत-हार तक सीमित नहीं है, बल्कि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के लिहाज से भी काफी जरूरी होगी। फिलहाल भारत 48.15 प्रतिशत प्वाइंट्स के साथ प्वाइंट्स टेबल में पांचवें नंबर पर है, जबकि श्रीलंका 44.44 प्रतिशत प्वाइंट्स के साथ छठे नंबर पर मौजूद है। ऐसे में इस सीरीज में अच्छा प्रदर्शन दोनों टीमों की WTC रैंकिंग को मजबूत कर सकता है।
1. भारत का वॉर्म-अप मैच कब होगा?
भारत 7 से 10 अगस्त 2026 तक कोलंबो में चार दिवसीय वॉर्म-अप मैच खेलेगा।
2. भारत-श्रीलंका टेस्ट सीरीज कब शुरू होगी?
पहला टेस्ट 15 अगस्त 2026 से गॉल में खेला जाएगा।
3. यह टेस्ट सीरीज क्यों जरूरी है?
क्योंकि यह वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) की प्वाइंट्स तालिका के लिहाज से दोनों टीमों के लिए बेहद अहम है।