
गुजरात टाइटंस के खिलाफ कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। जवाब में ठीक उल्टा नतीजा उन्हें देखने को मिला, क्योंकि शुभमन गिल और साईं सुदर्शन ने ताबड़तोड़ शुरुआत करके पहले ही मुश्किल में डाल दिया।
शुभमन गिल और साईं सुदर्शन ने कोलकाता के सभी गेंदबाजों की बैंड बजा दी। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 75 गेंदों पर 114 रनों की शतकीय साझेदारी की। उनकी लाजवाब प्रदर्शन के चलते शुरुआत में ही KKR की पूरी टीम दबाव में आ गई।
गुजरात को अच्छी शुरुआत दिलाने के बाद साईं सुदर्शन 36 गेंदों पर 52 रन बनाकर आंद्रे रसल की गेंद पर कैच आउट हो गए। लेकिन, तब तक उन्होंने कोलकाता की हालात खराब कर दी थी। इस तरह 114 रनों के स्कोर पर GT ने अपना पहला विकेट गंवा दिया।
सुदर्शन के आउट होने के बाद शुभमन गिल का साथ देने तीसरे नंबर पर जोस बटलर आए। दोनों ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 33 गेंदों पर 58 रन जोड़े। जिसके बाद गुजरात की टीम बड़े स्कोर की ओर तेजी से बढ़ने लगी। गिल एकदम लाजवाब बल्लेबाजी कर रहे थे, तो वहीं बटलर का बल्ला भी हल्ला बोल रहा था।
एक समय शुभमन गिल को देखकर ऐसा लग रहा था, कि उनका शतक लग जाएगा। लेकिन, 90 रनों के स्कोर पर वो वैभव अरोरा की गेंद पर रिंकू सिंह के हाथों कैच आउट हो गए। उन्होंने 55 गेंदों पर 10 चौके और 3 छक्के की मदद से 90 बनाने वाले कामयाब हुए। हालांकि, तब तक गुजरात मैच में काफी आगे निकल चुका था।
अंत के ओवरों में जोस बटलर ने गुजरात की पारी को संभाले रखा और 20 ओवर में टीम का स्कोर 198 रन तक पहुंचा दिया। बटलर के बल्ले से 23 गेंदों पर 8 चौके की मदद से 41 रन बनाए और नाबाद रहे। शाहरुख खान ने भी 5 गेंदों पर 1 चौके की मदद से 11 अहम रन जोड़े।
गुजरात टाइटंस के सामने 198 रनों के स्कोर का पीछा करने उतरी कोलकाला की शुरुआत अच्छी नहीं हुई। पहले ही ओवर में अपना पहला मुकाबला खेल रहे रहमानुल्लाह गुरबाज 1 रन बनाकर आउट हो गए। सिराज ने अपनी पांचवीं गेंद पर उन्हें LBW कर दिया। उसके बाद 43 रन के स्कोर पर सुनील नारायण भी 17 बनाकर राशिद खान के शिकार बने।
शुरुआती दो विकेट जल्दी गिरने के बाद कोलकाता के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने पारी को संभाला। उन्होंने पहले सुनील नारायण के साथ 41 रन जोड़े, फिर वेंकटेश अय्यर के साथ मिलकर भी 41 रन की साझेदारी की। रहाणे ने 36 गेंदों पर 5 चौके और 1 छक्के की मदद से 50 रन बनाए।
KKR ने इस मुकाबले के लिए लंबी बैटिंग लाइनअप बना रखी थी, लेकिन किसी काम की नहीं आई। पहले वेंकटेश अय्यर 14, रिंकू सिंह 17, आंद्रे रसल 21, रमनदीप सिंह 1 और मोईन अली 0 बनाकर आउट हुए। हालांकि, अंत में अंगकृष रघुवंशी ने नाबाद 13 गेंदों में 27 रन बनाए, लेकिन उससे टीम को फायदा नहीं मिला।
पहले गुजरात की बल्लेबाजी ने कमाल किया उसके बाद गेंदबाजों ने भी कोलकाता की धज्जियां उड़ा दी। प्रसिद्ध कृष्णा और राशिद खान ने 2-2 विकेट लिए। मोहम्मद सिराज, ईशांत शर्मा, वाशिंगटन सुंदर और साईं किशोर को 1-1 विकेट मिला। जिसके चलते KKR की पूरी टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 159 तक ही पहुंच पाई और मैच को GT ने 39 रनों से जीत लिया।