
IPL 2026 Today Match Schedule: आईपीएल 2026 का तीसरा मैच आज (सोमवार, 30 मार्च) राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला जाएगा। यह मुकाबला गुवाहाटी में होगा। मैच का टॉस शाम 7:00 बजे होगा, जबकि पहली गेंद 7:30 बजे फेंकी जाएगी। दोनों टीमें इस अहम मुकाबले के लिए वेन्यू पर पहुंच चुकी हैं।
IPL 2025 में सबसे नीचे रहने के बाद दोनों टीमों ने इस बार अपने स्क्वॉड में बड़े बदलाव किए हैं। रियान पराग अब राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी कर रहे हैं। वहीं, रुतुराज गायकवाड़ ने CSK की कप्तानी फिर से संभाल ली है, क्योंकि एमएस धोनी चोट के कारण शुरुआती मैचों में नहीं खेल सकते। इसके अलावा संजू सैमसन और रवींद्र जडेजा ने भी टीम बदली है, जिससे दोनों टीमों का कॉम्बिनेशन नया नजर आ रहा है।
चेन्नई सुपर किंग्स को इस मैच से पहले चोटों का सामना करना पड़ रहा है। दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस शुरुआती मैच में नहीं खेल पाएंगे। टीम के मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने इसकी पुष्टि की है। इसके अलावा नाथन एलिस भी चोट के कारण बाहर हैं, जिससे CSK का बॉलिंग अटैक थोड़ा कमजोर नजर आ रहा है।
राजस्थान रॉयल्स ने इस बार अपनी टीम को बेहतर संतुलन देने की कोशिश की है। टीम में रवि बिश्नोई को शामिल किया गया है, जिससे स्पिन अटैक मजबूत हुआ है। तेज गेंदबाजी में जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर और एडम मिल्ने जैसे तेज गेंदबाज टीम को मजबूती देते हैं। पिछले सीजन की तुलना में RR इस बार ज्यादा संतुलित नजर आ रही है।
CSK के पास गेंदबाजी के कई विकल्प हैं-जैसे खलील अहमद, अंशुल कंबोज और अकील हुसैन। लेकिन इनकी सबसे बड़ी समस्या यह है कि ये खिलाड़ी पावरप्ले में ज्यादा प्रभावी हैं। नूर अहमद मिडिल ओवर्स में अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं, लेकिन डेथ ओवर्स में गेंदबाजी करना CSK के लिए बड़ी चुनौती हो सकती है।
RR के लिए ऑलराउंडर चयन भी एक बड़ा सवाल है। सैम करन चोट के कारण इस सीजन से बाहर हो गए हैं। ऐसे में टीम को डोनोवन फरेरा और दासुन शनाका में से किसी एक को चुनना होगा। इसके अलावा बाएं हाथ के तेज गेंदबाजों में नांद्रे बर्गर और एडम मिल्ने के बीच भी चयन करना होगा।
यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, रियान पराग (कप्तान), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), शिमरोन हेटमायर, रवींद्र जडेजा, डोनोवन फरेरा/दासुन शनाका, जोफ्रा आर्चर, रवि बिश्नोई, तुषार देशपांडे, संदीप शर्मा, नांद्रे बर्गर/एडम मिल्ने।
रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), संजू सैमसन (विकेटकीपर), आयुष म्हात्रे/उरविल पटेल/सरफराज खान, मैट शॉर्ट, शिवम दुबे, कार्तिक शर्मा, प्रशांत वीर, जेमी ओवरटन/अकील हुसैन, नूर अहमद, मैट हेनरी, खलील अहमद, अंशुल कंबोज/गुरजापनीत सिंह/रामकृष्ण घोष।