
KKR vs LSG Match Today IPL 2026: आईपीएल 2026 का 15वां मुकाबला 9 अप्रैल को कोलकाता नाइटराइडर्स बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच खेला जाना है। हालांकि, कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में होने वाले इस मैच पर भी बारिश का साया है। मौसम विभाग ने गुरुवार को कोलकाता में 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है, जिससे यहां बारिश के साफ संकेत मिल रहे हैं।
केकेआर बनाम एलएसजी मैच का टॉस शाम 7 बजे होना है, जबकि मैच साढ़े 7 बजे से शुरू होगा। हालांकि, कोलकाता में बारिश के चलते इसमें देरी भी हो सकती है। बता दें कि इससे पहले 6 अप्रैल को कोलकाता में ही KKR और PBKS के बीच होनेवाला मैच बारिश के कारण रद्द करना पड़ा था। इसके बाद दोनों टीमों को 1-1 अंक मिले थे।
Kolkata Knight Riders के साथ मुकाबले से एक दिन पहले सुनील नरेन को ट्रेनिंग करते देखा गया। उम्मीद है कि वह रोवमैन पॉवेल की जगह टीम में वापसी कर सकते हैं। वहीं, वरुण चक्रवर्ती पिछला मैच बाएं हाथ की उंगली में चोट के कारण नहीं खेल पाए थे। उनके खेलने को लेकर अभी भी स्थिति साफ नहीं है। टीम के अनुसार मेडिकल स्टाफ लगातार उनके साथ काम कर रहा है और उन्होंने ट्रेनिंग के दौरान पूरी गेंदबाजी भी की है।
Lucknow Super Giants ने अपने तीसरे तेज गेंदबाज को रोटेट किया है। पहले मैच में मोहसिन खान खेले थे, जबकि दूसरे मैच में आवेश खान को मौका मिला। पिछला मैच जीतने के बाद LSG के टीम में बदलाव की संभावना कम है। स्पिन-बॉलिंग कोच कार्ल क्रो ने बताया कि टीम में किसी खिलाड़ी को चोट नहीं है। इसका मतलब है कि मयंक यादव को अभी इंतजार करना पड़ सकता है। कप्तान ऋषभ पंत पिछले मैच में नंबर 3 पर बल्लेबाजी करने आए थे और उन्होंने मैच जिताने वाली अर्धशतकीय पारी खेली थी। ऐसे में उम्मीद है कि वह इसी क्रम पर आगे भी बल्लेबाज़ी करेंगे।
वैभव अरोड़ा ने IPL 2024 में KKR को खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। IPL 2025 में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए 17 विकेट लिए थे और टीम के लिए संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने थे। हालांकि, IPL 2026 में उनका प्रदर्शन अब तक उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। टीम के कई प्रमुख खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी में वह तेज गेंदबाजी आक्रमण के लीडर हैं, लेकिन दो मैचों में उन्होंने सिर्फ 3 विकेट लिए हैं और 12.37 की महंगी इकॉनमी से रन दिए हैं। KKR को उम्मीद होगी कि वह जल्द ही फॉर्म में लौटेंगे।
मोहम्मद शमी ने इस सीजन की शुरुआत शानदार तरीके से की थी। उन्होंने पहली ही गेंद पर केएल राहुल का विकेट लिया था। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ वह लगभग अजेय नजर आए और टॉप ऑर्डर को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। अब तक खेले गए दो मैचों में शमी ने 3 विकेट लिए हैं और उनका इकॉनमी रेट सिर्फ 4.62 रही है। खास बात यह है कि उनके सभी विकेट पावरप्ले में आए हैं, जहां उनकी तेज गेंदबाजी बल्लेबाजों के लिए मुश्किल बन गई है। बंगाल में घरेलू माहौल में खेलते हुए शमी चाहेंगे कि वह KKR के दर्शकों को शांत कर दें।
ईडन गार्डन्स में यह मुकाबला पिच नंबर 6 पर खेला जाएगा, जहां हाल ही में PBKS और KKR का मैच हुआ था। हाल के समय में यहां की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार रही है और इस मैच में भी ऐसा ही रहने की उम्मीद है। हालांकि, मौसम चिंता का विषय बन सकता है। मैच से पहले आसमान में बादल छाए हुए हैं और सूर्यास्त के समय बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने बुधवार और गुरुवार के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। तेज हवाओं और बारिश के कारण दोनों टीमों के अभ्यास सत्र में भी रुकावट आई थी। ऐसे में मैच के दौरान भी बारिश खलल डाल सकती है।
ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), एडन मार्करम, मिचेल मार्श, आयुष बडोनी, निकोलस पूरन, अब्दुल समद, मुकुल चौधरी, आवेश खान, दिग्वेश राठी, प्रिंस यादव, मोहम्मद शमी, मणिमरण सिद्धार्थ।
अजिंक्य रहाणे (कप्तान), अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), फिन एलन, कैमरन ग्रीन, रिंकू सिंह, रमनदीप सिंह, अनूकुल रॉय, सुनील नारायण, वैभव अरोड़ा, ब्लेसिंग मुजरबानी, कार्तिक त्यागी, वरुण चक्रवर्ती।