गौतम गंभीर से भिड़ने वाले शख्स को मिली तगड़ी सजा, हेड कोच से क्यों हुई थी तू-तू-मैं-मैं?

Published : Nov 11, 2026, 09:40 PM IST
Gautam Gambhir Lee Fortis controversy

सार

भारत-न्यूजीलैंड के बीच चौथे वनडे मैच से पहले उस ग्राउंड्समैन को सख्त सजा मिली है, जो पिछले साल टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर से भिड़ गया था। आखिर क्या है पूरा मामला?

जुलाई 2025 में इंग्लैंड के टेस्ट दौरे पर भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर के साथ तीखी बहस करने वाले सरे (Surrey) क्रिकेट क्लब के हेड ग्राउंड्समैन ली फोर्टिस पर डिसिप्लिनरी एक्शन हुआ है। उनके व्यवहार को लेकर हुई अनुशासनात्मक कार्रवाई के बाद उन्होंने क्लब छोड़ दिया है। बता दें कि ली फोर्टिस एक दशक से भी अधिक समय तक सरे के हेड ग्राउंड्समैन रहे थे।

ECB कर्मचारी के साथ विवाद के बाद छुट्टी पर भेजे गए

  • ली फोर्टिस को पिछले साल जुलाई में द ओवल (The Oval) में इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) के एक कर्मचारी के साथ विवाद के बाद अनिश्चितकालीन छुट्टी पर भेज दिया गया था।
  • यह घटना द हंड्रेड टूर्नामेंट के दौरान MI लंदन और लंदन स्पिरिट के बीच होने वाले मैच से एक दिन पहले हुई थी।
  • इस घटना के बाद उनकी सरे के चीफ एग्जीक्यूटिव स्टीव एल्वर्दी के साथ भी तीखी बहस हुई थी। इसके बाद फोर्टिस इंग्लैंड में गर्मियों के बाकी समय काम पर नहीं लौटे।
  • फोर्टिस की लिंक्डइन प्रोफाइल के मुताबिक, उन्होंने अक्टूबर में सरे क्लब छोड़ दिया और अब नई नौकरी की तलाश कर रहे हैं।
  • सरे के एक प्रवक्ता ने 'टेलीग्राफ स्पोर्ट' को उनके जाने की पुष्टि करते हुए कहा, “ली फोर्टिस ने क्लब छोड़ दिया है और हम उनके भविष्य के लिए उन्हें शुभकामनाएं देते हैं।”
  • हालांकि, उनके खिलाफ की गई अनुशासनात्मक कार्रवाई के नतीजों को सार्वजनिक नहीं किया गया है।

गौतम गंभीर के साथ द ओवल में हुई थी तीखी बहस

  • ली फोर्टिस जुलाई 2025 में भारत और इंग्लैंड के बीच पांचवें और आखिरी टेस्ट मैच से पहले भी चर्चा में आए थे।
  • उस समय भारतीय टीम द ओवल में ट्रेनिंग कर रही थी। इसी दौरान गौतम गंभीर और फोर्टिस के बीच बहस हो गई थी।
  • फोर्टिस इस बात से नाराज थे कि भारतीय टीम मुख्य स्क्वायर यानी पिच के आसपास के हिस्से का इस्तेमाल किस तरह कर रही थी।
  • साथ ही, पिच के पास उपकरण रखने के तरीके को लेकर भी उन्हें आपत्ति थी। यह बहस कैमरे में कैद हो गई थी। वीडियो में गंभीर को फोर्टिस के साथ उलझते हुए देखा गया था।
  • गंभीर को कहते हुए सुना गया था, "आप जिसे चाहें जाकर शिकायत कर सकते हैं, लेकिन आप हमें यह नहीं बता सकते कि हमें क्या करना है। आप हमें यह नहीं बता सकते कि हमें क्या करना है, आप सिर्फ एक ग्राउंड्समैन हैं।"

सितांशु कोटक ने फोर्टिस को बताया था अहंकारी

  • इस विवाद के बाद भारतीय टीम के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने ग्राउंडस्टाफ के भारतीय टीम के साथ बातचीत करने के तरीके की आलोचना की थी। उन्होंने ली फोर्टिस को 'अहंकारी' बताया था।
  • कोटक के मुताबिक, भारतीय कोचिंग स्टाफ को पिच का निरीक्षण करते समय विकेट से 2.5 मीटर की दूरी बनाए रखने के लिए कहा गया था। हालांकि, भारतीय मीडिया के सवालों पर फोर्टिस ने विवाद को ज्यादा महत्व नहीं दिया था।
  • उन्होंने कहा था कि इस बारे में बात करने के लिए कुछ नहीं है और न ही कुछ छिपाने के लिए है।

लगातार तीन साल मिला ECB का पुरस्कार

  • 40 वर्षीय ली फोर्टिस 2012 में सरे क्लब से जुड़े थे। वह इंग्लिश काउंटी क्रिकेट में एक जाना-पहचाना चेहरा बन गए थे।
  • द ओवल में उनके काम के लिए उन्हें 2022 से 2024 तक लगातार तीन साल 'ECB ग्राउंड्स मैनेजर ऑफ द ईयर' का पुरस्कार मिला था। सरे ने भी इन तीनों सीजन में काउंटी चैंपियनशिप जीती थी।
  • फोर्टिस का जाना सरे के लिए अहम बदलाव है। जून 2027 में द ओवल में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल खेला जाना है। इसी गर्मी के आखिर में यहां एशेज सीरीज का पांचवां टेस्ट भी आयोजित होगा।
  • ऐसे में क्लब को अब एक नए हेड ग्राउंड्समैन की तलाश करनी होगी, जिसने एक दशक से ज्यादा समय तक मैदानों की देखरेख करने वाले फोर्टिस की जगह ले सके।

PREV
Read more Articles on

Recommended Stories

पहले घुटने पर बैठे, फिर पहनाई अंगूठी...अर्शदीप सिंह की सगाई के रोमांटिक अंदाज की 5 फोटोज
विराट कोहली का इंटरव्यू लेने वाला बच्चा अब शतकवीर, क्यों वायरल हुआ जूनियर सहवाग का Interview