
ढाका: पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच शुक्रवार को ढाका में खेले गए दूसरे वनडे मैच में एक रन आउट को लेकर जबरदस्त ड्रामा हुआ। हुआ ये कि पाकिस्तान की बैटिंग के दौरान मोहम्मद रिज़वान ने एक शॉट खेला। नॉन-स्ट्राइकर छोर पर खड़े सलमान आगा को लगा कि रन बन जाएगा और वो दौड़ पड़े। लेकिन जब उन्हें एहसास हुआ कि रन लेना मुमकिन नहीं है, तो वो वापस क्रीज़ में लौटने लगे। इसी बीच, गेंद को पकड़ने के चक्कर में बांग्लादेशी बॉलर मेहदी हसन, सलमान के रास्ते में आ गए।
क्रीज़ से बाहर खड़े सलमान ने झुककर गेंद को बॉलर की तरफ बढ़ाना चाहा। लेकिन मेहदी ने फुर्ती दिखाते हुए गेंद उठाई और स्टंप्स पर मार दी और रन आउट की अपील कर दी।
कुछ देर तक मेहदी और सलमान के बीच बहस भी हुई। आखिरकार, अंपायर ने सलमान को आउट दे दिया। इस फैसले से सलमान आगा इतने नाराज़ हुए कि उन्होंने गुस्से में अपना हेलमेट और ग्लव्स ज़मीन पर फेंक दिए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। कई लोग मेहदी हसन की आलोचना कर रहे हैं और कह रहे हैं कि उन्होंने खेल भावना के खिलाफ काम किया है।
ढाका में हुए इस दूसरे वनडे मैच में पाकिस्तान ने डकवर्थ-लुईस नियम के तहत बांग्लादेश को 128 रनों से हरा दिया। पहले बैटिंग करते हुए पाकिस्तान की टीम 47.3 ओवर में 274 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इसके बाद बारिश की वजह से खेल रोकना पड़ा। बाद में, बांग्लादेश की पारी को 32 ओवर का कर दिया गया और उन्हें 243 रनों का टारगेट मिला। जवाब में बांग्लादेश की पूरी टीम 23.3 ओवर में सिर्फ 114 रन पर सिमट गई। इस जीत के साथ 3 मैचों की सीरीज़ 1-1 से बराबर हो गई है।