
Pakistan vs India Women: महिला एशिया कप 2026 में पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम ने हॉन्ग कॉन्ग को 72 रन से हराकर सेमीफाइनल में एंट्री कर ली है। सोमवार, 7 सितंबर को दुबई में खेले गए इस मुकाबले के बाद कुछ ऐसा हुआ, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दरअसल, हॉन्ग कॉन्ग के खिलाफ जीत के बाद पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम के हेड कोच वहाब रियाज ने दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में मौजूद पाकिस्तानी फैंस से मुलाकात की और उनके सपोर्ट के लिए धन्यवाद दिया। इसी दौरान एक पाकिस्तानी फैन ने वहाब रियाज से खास अपील की।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पाकिस्तानी कोच वहाब रियाज का एक वीडियो शेयर किया गया है। वीडियो में एक पाकिस्तानी फैन वहाब रियाज से भारत को हराने की अपील करता हुआ नजर आ रहा है। फैन ने कहा कि पाकिस्तान के लोगों को एशिया कप की ट्रॉफी से ज्यादा भारत को हराने की चिंता है। उसने वहाब रियाज से कहा कि पाकिस्तान को भारत के खिलाफ जरूर जीतना चाहिए।
A fan to Wahab Riaz: “We don’t need the trophy, we just want to beat India!” 😂🇵🇰🔥 pic.twitter.com/kJrEB7hCRr
— Ahtasham Riaz (@ahtashamriaz22) September 7, 2026
फैन को जोश में कहते हुए सुना जा सकता है, “वहाब साहब, भारत के खिलाफ कोशिश करें। हमें भारत को हराना है। हमें एशिया कप की ट्रॉफी नहीं चाहिए, हमें भारत को हराना है। भारत को नहीं छोड़ना है।” इस वीडियो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई। कई भारतीय फैंस ने इस बयान की आलोचना की और कहा कि खेल में जीत हासिल करना सही है, लेकिन किसी एक टीम को हराने को ट्रॉफी से ज्यादा महत्व देना सही नहीं है।
पाकिस्तान इस एशिया कप में भारत के खिलाफ पहले ही मुकाबला खेल चुका है। दोनों टीमों के बीच 5 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में मुकाबला हुआ था। इस मैच में भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से करारी शिकस्त दी थी। पाकिस्तान की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 55 रन पर ऑलआउट हो गई थी। इसके जवाब में भारतीय टीम ने 56 रन के लक्ष्य को 9 ओवर से भी कम समय में हासिल कर लिया और शानदार जीत दर्ज की।
और पढे़ं- Asian Games 2026: 3 अक्टूबर को बन सकता है खास संयोग, भारत के दो देशों में होंगे 2 मैच
अब पाकिस्तान की टीम सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है। अगर उसे फाइनल में भारत से दोबारा भिड़ना है, तो सबसे पहले उसे श्रीलंका की चुनौती पार करनी होगी। पाकिस्तान और मौजूदा चैंपियन श्रीलंका के बीच दूसरा सेमीफाइनल 11 सितंबर को खेला जाएगा। वहीं, अगर पाकिस्तान श्रीलंका को हराने में सफल रहता है और भारत भी अपना सेमीफाइनल मुकाबला जीत जाता है, तो महिला एशिया कप 2026 के फाइनल में एक बार फिर भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत हो सकती है। फाइनल मुकाबला 13 सितंबर को दुबई में खेला जाएगा। ऐसे में अब सभी की नजरें सेमीफाइनल मुकाबलों पर टिकी हैं।
1. पाकिस्तान ने हॉन्ग कॉन्ग को कितने रन से हराया?
पाकिस्तान ने हॉन्ग कॉन्ग को 72 रन से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
2. भारत ने पाकिस्तान को कितने विकेट से हराया था?
भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हराया था।
3. क्या फाइनल में भारत और पाकिस्तान फिर आमने-सामने आ सकते हैं?
हां, अगर पाकिस्तान श्रीलंका को और भारत अपने सेमीफाइनल मुकाबले को जीतता है, तो फाइनल में दोनों टीमें भिड़ सकती हैं।