PBKS vs RR: प्रियांश आर्या बनाम वैभव सूर्यवंशी...आज किसका बल्ला गरजेगा? मैच से पहले पिच रिपोर्ट-मौसम अपडेट

Published : Apr 28, 2026, 06:43 PM IST
Priyansh arya vs Vaibhav Suryavanshi

सार

IPL 2026 में युजवेंद्र चहल की फॉर्म गिर रही है, वहीं रियान पराग भी रन बनाने में संघर्ष कर रहे हैं। न्यू चंडीगढ़ की पिच पर टॉस अहम रहेगा, जबकि प्रियांश और प्रभसिमरन शानदार स्ट्राइक रेट से खेल रहे हैं।

PBKS vs RR Match Preview: आईपीएल 2026 के 40वें मुकाबले में आज मंगलवार 28 अप्रैल को पंजाब किंग्स बनाम राजस्थान रॉयल्स का मैच है। पंजाब जहां अब तक 6 जीत के साथ पाइंट्स टेबल पर नंबर 1 पोजिशन पर है, वहीं राजस्थान रॉयल्स भी चौथे स्थान पर है। आज खेलने वाली दोनों टीमें अपनी मजबूत बल्लेबाजी के लिए जानी जाती हैं। ऐसे में न्यू चंडीगढ़ स्टेडियम में होनेवाला यह मुकाबला बेहद रोमांचक होने वाला है। मैच का टॉस शाम 7 बजे होगा, जबकि पहली गेंद साढ़े 7 बजे फेंकी जाएगी।

PBKS vs RR: प्रियांश आर्या बनाम वैभव सूर्यवंशी

पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स दोनों की सबसे बड़ी ताकत बल्लेबाजी है, खासकर ओपनर्स। इस सीजन पंजाब और राजस्थान की बल्लेबाजी बेहद आक्रामक रही है। पंजाब के प्रियांश आर्या-प्रभसिमरन सिंह और राजस्थान के वैभव सूर्यवंश-यशस्वी जायसवाल पावरप्ले में तेज शुरुआत देते हैं। प्रियांश ने जहां 249.01 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं, वहीं सूर्यवंशी ने भी 234.86 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की है। ऐसे में आज के मैच में इन ओपनर्स की जबर्दस्त टक्कर देखने को मिलेगी।

रियान पराग की खराब फॉर्म से RR दबाब में

कप्तान रियान पराग की फॉर्म भी राजस्थान के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। हालांकि, टीम मैनेजमेंट का कहना है कि पराग नेट्स में बहुत अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं। लेकिन मैच में उनका प्रदर्शन कुछ और ही कहानी बयां कर रहा है। उन्होंने अब तक 8 पारियों में 112.82 के स्ट्राइक रेट से महज 88 रन बनाए हैं। ये आंकड़े टीम के दूसरे बल्लेबाजों से भी कमजोर हैं। चूंकि वह टीम के कप्तान हैं, इसलिए उन्हें प्लेइंग XI से बाहर करना आसान फैसला नहीं है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि उनकी नेट्स की फॉर्म कब मैदान पर बड़े स्कोर में बदलेगी?

युजवेंद्र चहल की फॉर्म ने बढ़ाई PBKS की चिंता

युजवेंद्र चहल ने सीजन की शुरुआत शानदार अंदाज में की थी, लेकिन अब उनकी फॉर्म में गिरावट साफ दिखाई दे रही है। पिछले चार मैचों में उन्होंने सिर्फ एक विकेट लिया है और इस दौरान उनकी इकॉनमी 11.1 रही है। चहल की पहचान हमेशा डॉट बॉल डालकर दबाव बनाने की रही है, लेकिन हाल के मैचों में यह ताकत भी कमजोर पड़ गई है। वह अब औसतन हर ओवर में सिर्फ एक ही डॉट बॉल डाल पा रहे हैं। दबाव बनाने में मुश्किल होने के कारण उन्हें विकेट भी नहीं मिल रहे हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या IPL इतिहास के सबसे सफल गेंदबाजों में से एक की चमक अब फीकी पड़ रही है?

न्यू चंडीगढ़ पिच रिपोर्ट: टॉस बना बड़ी चुनौती

Punjab Kings ने इसी पिच (पिच नंबर 4, न्यू चंडीगढ़) पर Gujarat Titans के खिलाफ 163 रनों का लक्ष्य आसानी से हासिल किया था। इस मैदान पर रात के मैचों में ओस अहम भूमिका निभाती है। आमतौर पर ऐसा माना जाता है कि लक्ष्य का पीछा करना आसान होता है, लेकिन यहां के आंकड़े थोड़ा अलग कहानी बताते हैं। पिछले 3 मैचों में से 2 में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम जीती है। उन मैचों में स्कोर 205 और 228 रहा। इसलिए इस मैच में टॉस जीतकर क्या करना है, यह फैसला काफी मुश्किल होने वाला है।

PBKS vs RR: कैसा रहेगा चंडीगढ़ का मौसम

आज का मैच न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्टेडियम में होना है। 28 अप्रैल को पूरे दिन बादल छाए रहेंगे। हालांकि, शाम को यहां मौसम काफी गर्म रहेगा। तापमान 30 से 39 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है, जबकि बारिश की गुंजाइश न के बराबर है।

राजस्थान रॉयल्स (संभावित प्लेइंग 11)

रियान पराग (कप्तान), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), यशस्वी जायसवाल, शिमरन हेटमायर, डोनोवन फरेरा, रवींद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, तुषार देशपांडे, नांद्रे बर्गर, बृजेश शर्मा, रवि बिश्नोई, वैभव सूर्यवंशी।

पंजाब किंग्स (संभावित प्लेइंग 11)

श्रेयस अय्यर (कप्तान), प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), प्रियांश आर्य, कूपर कोनोली, , शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, मार्को यानसन, जेवियर बार्टलेट, विजयकुमार वैशाख, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल, नेहल वढेरा।

PREV
Read more Articles on

Recommended Stories

Who Won Yesterday's IPL Match, 24 May 2026: KKR vs DC कल का मैच कौन जीता? IPL 70वें मैच का रिजल्ट, हाइलाइट्स और प्लेयर ऑफ द मैच
Who Won Yesterday’s IPL Match, PBKS vs LSG Result: कल का मैच कौन जीता, पंजाब किंग्स बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स Highlights