
RCB vs GT Live Telecast Free: क्रिकेट के दीवानों, वो घड़ी आ गई है जिसका आप सबको पूरे दो महीने से इंतजार था। आईपीएल 2026 का फाइनल मुकाबला आज यानी 31 मई को खेला जाना है। इस साल की दो सबसे धाकड़ टीमें डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और गुजरात टाइटंस (GT) चमचमाती ट्रॉफी के लिए आमने-सामने होंगी। दोनों ही टीमें अपनी दूसरी ट्रॉफी पर कब्जा जमाने के इरादे से मैदान में उतरेंगी। गुजरात ने 2022 में हार्दिक की कप्तानी में अपना पहला खिताब जीता था, तो वहीं बेंगलुरु ने पिछले साल अपना 18 साल का सूखा खत्म किया था। अब सवाल यह है कि इस महामुकाबले को आप अपने मोबाइल या टीवी पर बिल्कुल आसानी से कैसे देख सकते हैं? आइए जानते हैं लाइव स्ट्रीमिंग की पूरी डिटेल...
इस बार आईपीएल फाइनल की लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार (JioHotstar) ऐप और वेबसाइट पर की जाएगी। अगर आप अपने स्मार्टफोन, टैबलेट या लैपटॉप पर मैच देखना चाहते हैं, तो यह बेस्ट ऑप्शन है।
जो लोग बड़े स्क्रीन पर मैच का मजा लेना चाहते हैं, वे स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क (Star Sports Network) के अलग-अलग चैनल्स पर इसका सीधा प्रसारण देख सकते हैं। यहां आपको हिंदी-इंग्लिश के अलावा कई लोकल लैंग्वेज में मैच देखने को मिल जाएगा।
ऑफिशियल शेड्यूल के मुताबिक, भारत में इस फाइनल मैच का समय शाम 7:30 बजे तय किया गया है। मैच से ठीक आधा घंटा पहले यानी शाम 7:00 बजे टॉस उछाला जाएगा। अपनी कोल्ड-ड्रिंक और पॉपकॉर्न पहले से तैयार रखिएगा ताकि एक भी गेंद मिस न हो।
इस सीजन में बेंगलुरु और गुजरात का प्रदर्शन लाजवाब रहा है। लीग स्टेज में दोनों ही टीमें 18-18 अंकों के साथ टॉप पर थीं। आरसीबी बेहतर रन रेट की वजह से नंबर-1 पर रही, जबकि गुजरात को दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। क्वालीफायर-1 में आरसीबी ने गुजरात को हराकर सीधे फाइनल का टिकट कटाया था। इसके बाद गुजरात ने क्वालीफायर-2 में राजस्थान रॉयल्स को धूल चटाकर फाइनल में दोबारा जगह बनाई।
बेंगलुरु की ताकत
इस साल आरसीबी के गेंदबाजों ने कमाल का खेल दिखाया है। जोश हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार की जोड़ी ने पावरप्ले से लेकर आखिरी ओवर्स तक बल्लेबाजों की नाक में दम कर रखा है। उनका साथ देने के लिए क्रुणाल पांड्या और रसिक सलाम जैसे गेंदबाज भी फॉर्म में हैं।
गुजरात का दम
दूसरी तरफ गुजरात की बल्लेबाजी इस समय सातवें आसमान पर है। कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन की जोड़ी ने इस सीजन में कई बार 200 से ज्यादा के टारगेट को खिलौना बना दिया है। मिडिल ऑर्डर में जोस बटलर और जेसन होल्डर जैसे अनुभवी नाम टीम को मजबूती देते हैं।