RCB vs GT: विराट कोहली बनाम शुभमन गिल..कौन किस पर पड़ेगा भारी, मैच से पहले पिच रिपोर्ट-मौसम अपडेट

Published : Apr 30, 2026, 06:16 PM IST
GT vs RCB Match today

सार

RCB vs GT मुकाबले में जितेश शर्मा की बल्लेबाज़ी फॉर्म चिंता का विषय है, जबकि तेवतिया की भूमिका स्पष्ट नहीं है। सुदर्शन और भुवनेश्वर शानदार लय में हैं। अहमदाबाद की फ्लैट पिच पर हाई स्कोरिंग मैच की उम्मीद है।

RCB vs GT Match Preview: IPL के 42वें मुकाबले में आज गुरुवार 30 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू बनाम गुजरात टाइटंस का मैच है। अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में होनेवाले इस रोमांचक मुकाबले के लिए दोनों टीमें वेन्यू पर पहुंच चुकी हैं। एक तरफ RCB जहां पाइंट्स टेबल पर दूसरे नंबर पर है, तो वहीं GT आठवें स्थान पर है। इस मैच को जीत बेंगलुरू जहां टॉप पर आने की कोशिश करेगी, वहीं गुजरात अपनी पोजिशन को और मजबूत करना चाहेगी।

RCB vs GT: हेड टू हेड रिकॉर्ड

IPL में दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 7 मैच खेले गए हैं, जिनमें बेंगलुरु ने 4 जीते हैं, जबकि गुजरात को 3 में जीत मिली है। गुजरात की कोशिश होगी कि आज के मैच को जीत मामला बराबरी पर करे। बता दें कि RCB की बल्लेबाजी के साथ ही गेंदबाजी भी काफी मजबूत है। वहीं, GT के टॉप ऑर्डर को छोड़ दें तो मिडिल ऑर्डर बल्लेबाजी में अब तक कोई खास कमाल नहीं दिखा सका है।

जितेश शर्मा की फॉर्म: विकेटकीपिंग शानदार, बल्लेबाजी का इंतजार

RCB की ओर से जितेश शर्मा इस सीजन में एक विकेटकीपर के रूप में बेहतरीन रहे हैं। RCB चाहेगी कि उनकी यही फॉर्म बल्लेबाजी में भी दिखे। अभी तक उन्होंने छह पारियों में 23 का ही सर्वोच्च स्कोर बनाया है और पूरी लय हासिल नहीं कर पाए हैं। पिछले सीजन में भी उनकी शुरुआत धीमी रही थी, लेकिन बाद में उन्होंने जबरदस्त वापसी की थी। इसका सबसे बड़ा उदाहरण LSG के खिलाफ 33 गेंदों में नाबाद 85 रन और फाइनल में 10 गेंदों में 24 रन हैं। इस बार वह चाहेंगे कि यह शानदार फॉर्म जल्दी लौटे।

राहुल तेवतिया की भूमिका पर सवाल

राहुल तेवतिया ने GT के लिए 8 में से 7 मैच खेले हैं, लेकिन उनकी भूमिका अभी तक साफ नहीं हो पाई है। उन्होंने सिर्फ 42 गेंदें खेली हैं, डेथ ओवर्स में भी उन्हें ज्यादा मौके नहीं मिले और उन्होंने गेंदबाजी भी नहीं की है। यह स्थिति तब है, जब GT का मिडिल ऑर्डर लगातार संघर्ष कर रहा है। अगर उन्हें मैच पर असर डालना है, तो उन्हें क्रीज पर ज्यादा समय बिताने का मौका देना होगा।

भुवनेश्वर और सुदर्शन का शानदार प्रदर्शन

बेंगलुरू के भुवनेश्वर कुमार ने इस सीजन में डेथ ओवर्स में 6 विकेट लिए हैं, जो इस चरण में दूसरे सबसे ज़्यादा हैं। साथ ही उनका इकॉनमी रेट सिर्फ 7.6 रहा है। वहीं, गुजरात के ओपनर साई सुदर्शन ने शुरुआती छह पारियों में 135 रन बनाए थे, लेकिन पिछली दो पारियों में 100 और 87 रन बनाकर दमदार वापसी की है। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 152 रहा, जो पहले से बेहतर है।

GT की डेथ ओवर्स की कमजोरी

IPL 2026 में डेथ ओवर्स के दौरान GT का रन रेट 9.1 है, जो सभी टीमों में सबसे कम है। यह टीम के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। कगिसो रबाडा ने शुरुआती चार मैचों में सिर्फ चार विकेट लिए थे, लेकिन अगले चार मैचों में उन्होंने अपने विकेटों की संख्या दोगुनी से भी ज़्यादा कर ली। साथ ही उनका इकॉनमी रेट भी घटकर 8.30 हो गया है, जो टीम के लिए राहत की बात है।

अहमदाबाद पिच और मौसम का हाल

यह वही पिच है, जहां पिछले साल IPL फाइनल खेला गया था, जिसमें RCB ने 190 रन का स्कोर बचाया था। इस सीजन में यहां खेले गए एकमात्र मैच में KKR 180 रन पर ऑल आउट हो गई थी, जो औसत स्कोर (199) से कम था और GT ने आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया था। अहमदाबाद में इस समय तापमान 43°C तक पहुंच रहा है, इसलिए पिच पर थोड़ा ज्यादा पानी डाला गया है। यह लाल मिट्टी की फ्लैट पिच है, जहां बल्लेबाजों को मदद मिलेगी और बड़े स्कोर बन सकते हैं। मौसम की बात करें तो गुरुवार को अहमदाबाद में मौसम काफी गर्म रहेगा। बारिश की उम्मीद न के बराबर है।

कोच और दोनों टीम की सोच

RCB के हेड कोच एंडी फ्लावर का कहना है, “हम खिलाड़ियों से निडर होने की बात नहीं करते। डर और शक होना सामान्य है। हम उन्हें इन भावनाओं को समझकर सही तरीके से संभालने की सलाह देते हैं।” वहीं GT के असिस्टेंट कोच पार्थिव पटेल का कहना है, “हम कोई बहाना नहीं बनाना चाहते। कैचिंग में सुधार की जरूरत है और हम इस पर काम कर रहे हैं।”

गुजरात टाइटंस (संभावित प्लेइंग 11)

शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), साई सुदर्शन, वॉशिंगटन सुंदर, जेसन होल्डर, शाहरुख खान, राहुल तेवतिया, राशिद खान, अरशद खान, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, मानव सुथार और राहुल तेवतिया।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (संभावित प्लेइंग 11)

रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, , टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, कृणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, सुयश शर्मा, रसिख डार और जेकब बेथेल।

PREV
Read more Articles on

Recommended Stories

Virat Kohli: 2027 वर्ल्ड कप के बाद जानें कौन खिलाड़ी लेगा विराट कोहली की जगह!
Hardik Pandya: मुंबई इंडियंस की इस हालत के विलेन सिर्फ हार्दिक हैं या कहानी कुछ और है?