
Mohammed Siraj Dropped: न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन टेस्ट में मोहम्मद सिराज को प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली थी। उनके बाहर होने को लेकर कई सवाल उठे। अब भारतीय टेस्ट कप्तान शुभमन गिल ने इस फैसले पर अपनी चुप्पी तोड़ी है। गिल ने साफ किया कि सिराज को बाहर रखना आसान फैसला नहीं था। उन्होंने बताया कि टीम ने यह निर्णय गेंदबाजों की मौजूदा फॉर्म को ध्यान में रखकर लिया था। साथ ही, उन्होंने भरोसा जताया कि सिराज इस मुश्किल दौर से मजबूत वापसी करेंगे।
वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहला टेस्ट ड्रॉ होने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में शुभमन गिल ने सिराज के सिलेक्शन पर बात की। उन्होंने बताया कि सिराज उनके अच्छे दोस्त हैं और दोनों ने भारतीय टीम के लिए साथ में काफी क्रिकेट खेली है। ऐसे में उन्हें प्लेइंग इलेवन से बाहर रखने का फैसला व्यक्तिगत तौर पर भी मुश्किल था। गिल ने कहा, "सिराज मेरे बहुत अच्छे दोस्त हैं और उन्हें बाहर रखना काफी मुश्किल फैसला था। हमने साथ में काफी क्रिकेट खेली है और मैं उन्हें शुरुआती दिनों से जानता हूं। टेस्ट मैच से पहले मैंने उनसे बात की थी और टीम के फैसले के बारे में समझाया था। उन्होंने इस बात को समझा।"
और पढे़ं- IND vs NZ: स्कूल बंक कर मैच देखने पहुंचे बच्चे, कैमरामैन ने खोल दी पोल...
गिल ने आगे कहा कि हर खिलाड़ी के करियर में ऐसा दौर आता है, जब वह अपनी बेस्ट फॉर्म में नहीं होता। टीम को सिलेक्ट करते समय यह देखना पड़ता है कि कौन से गेंदबाज इस समय अच्छी लय में हैं और बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने साफ किया कि सिराज को बाहर रखने के पीछे यही क्रिकेटिंग वजह थी। भारत ने पहले टेस्ट में जसप्रीत बुमराह, आकाश दीप, अंशुल कंबोज और प्रसिद्ध कृष्णा के रूप में चार तेज गेंदबाजों को मौका दिया था।
सिराज को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखने का मामला राजनीतिक विवाद का रूप भी ले चुका था। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने आरोप लगाया था कि सिराज को उनके नाम की वजह से टीम में जगह नहीं मिली। इस बयान के बाद राजनीतिक नेताओं के बीच भी अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। हालांकि, शुभमन गिल ने चयन के पीछे किसी भी तरह के गैर-क्रिकेटिंग कारण की बात नहीं की। उन्होंने मौजूदा फॉर्म को ही फैसले की वजह बताया और सिराज की वापसी पर भरोसा जताया।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच वेलिंगटन टेस्ट ड्रॉ पर खत्म हुआ। भारत ने अपनी पहली पारी 720/9 रन पर घोषित की थी। केएल राहुल ने 136 और ऋषभ पंत ने 128 रन बनाए, जबकि शुभमन गिल 98 रन बनाकर शतक से चूक गए। जवाब में न्यूजीलैंड ने पहली पारी में 368 रन बनाए। दूसरी पारी में न्यूजीलैंड ने 120 ओवर में 5 विकेट पर 239 रन बनाए और मुकाबला ड्रॉ रहा।