
SA vs AFG T20 World Cup Double Super Over Match Result: टी-20 वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका ने अफगानिस्तान को डबल सुपर ओवर में हराकर यादगार जीत दर्ज की। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में बुधवार 11 फरवरी को खेले गए इस मुकाबले में टूर्नामेंट के इतिहास का पहला डबल सुपर ओवर देखने को मिला। दूसरे सुपर ओवर में साउथ अफ्रीका ने 6 गेंदों पर 23 रन बनाए और अफगानिस्तान को 24 रन का लक्ष्य दिया।
जवाब में उतरी अफगानिस्तान की टीम ने दूसरी ही गेंद पर मोहम्मद नबी का विकेट गंवा दिया। इसके बाद रहमानुल्लाह गुरबाज ने तीसरी, चौथी और पांचवीं गेंद पर लगातार तीन छक्के लगाए। हालांकि, आखिरी गेंद पर वह आउट हो गए और टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी।
पहले सुपर ओवर में दोनों टीमों ने 17-17 रन बनाए। आखिरी गेंद पर ट्रिस्टन स्टब्स ने छक्का लगाकर स्कोर बराबर कर दिया और मैच दूसरे सुपर ओवर तक पहुंच गया। दूसरे सुपर ओवर में स्टब्स और डेविड मिलर ने मिलकर तीन छक्के जड़े और टीम को 23 रन तक पहुंचाया।
निर्धारित मैच के आखिरी ओवर में अफगानिस्तान को जीत के लिए 13 रन चाहिए थे। पहली ही गेंद पर कगिसो रबाडा ने नो-बॉल फेंकी। उस पर कैच हुआ, लेकिन बल्लेबाज आउट नहीं हुए और फ्री-हिट मिल गई। इसके बाद एक वाइड और फ्री-हिट ने साउथ अफ्रीका पर दबाव बढ़ा दिया।
19.2 गेंद पर नूर अहमद ने छक्का लगाकर मैच अफगानिस्तान की ओर मोड़ दिया। अब 4 गेंदों पर 5 रन चाहिए थे। अगली गेंद डॉट रही, लेकिन 19.4 पर फिर नो-बॉल हुई, जिस पर नूर ने दो रन ले लिए। अब आखिरी 3 गेंदों पर सिर्फ 2 रन की जरूरत थी। अगली गेंद पर नूर ने लॉन्ग-ऑफ की दिशा में शॉट खेला और आसान दो रन का मौका बन गया। लेकिन दूसरा रन लेते समय फजलहक फारूकी धीमे पड़ गए। रबाडा ने तेजी दिखाते हुए गेंद उठाई और बेल्स गिरा दीं। रिप्ले में साफ दिखा कि फारूकी का बल्ला हवा में था, जिसके कारण उन्हें रन-आउट करार दिया गया। यहीं से मैच पलट गया।
इससे पहले निर्धारित 20 ओवरों में दोनों टीमों ने 187-187 रन बनाए थे। अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी थी। साउथ अफ्रीका की ओर से रायन रिकेल्टन ने 61 और क्विंटन डी कॉक ने 59 रन की शानदार पारियां खेलीं। डेविड मिलर 20 रन बनाकर नाबाद रहे। अफगानिस्तान के लिए अजमतुल्लाह उमरजई ने 3 विकेट लिए, राशिद खान को 2 सफलता मिली और फजलहक फारूकी ने 1 विकेट हासिल किया।
188 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए अफगानिस्तान के लिए रहमानुल्लाह गुरबाज ने सबसे ज्यादा 84 रन बनाए। हालांकि टीम जीत हासिल नहीं कर सकी। साउथ अफ्रीका की तरफ से लुंगी एनगिडी ने 26 रन देकर 3 विकेट लिए। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।