स्पेन ने तोड़ा इंडिया का वर्ल्ड रिकॉर्डः T20 में रचा इतिहास, लगातार 14 जीत

Published : Aug 27, 2024, 11:36 AM IST
स्पेन ने तोड़ा इंडिया का वर्ल्ड रिकॉर्डः T20 में रचा इतिहास, लगातार 14 जीत

सार

स्पेन की क्रिकेट टीम ने अंतरराष्ट्रीय टी20 में लगातार 14 जीत दर्ज करके नया विश्व रिकॉर्ड बनाया है। इसी के साथ स्पेन ने टीम इंडिया को भी पीछे छोड़ दिया है। थाईलैंड महिला क्रिकेट टीम के नाम अभी भी सबसे ज़्यादा लगातार जीत का रिकॉर्ड दर्ज है।

मैड्रिड: अंतरराष्ट्रीय ट्वेंटी-20 में नए विश्व रिकॉर्ड के साथ स्पेन पुरुष क्रिकेट टीम ने धूम मचा दी है. टी20 में लगातार सबसे ज़्यादा जीत दर्ज करने वाली पुरुष टीम का खिताब स्पेन ने अपने नाम कर लिया है. स्पेनिश टीम के इस प्रदर्शन के आगे टीम इंडिया भी पीछे छूट गई है. 

अंतरराष्ट्रीय टी20 में लगातार 14 जीत दर्ज करने वाली पहली पुरुष टीम बनकर स्पेन क्रिकेट टीम ने इतिहास रच दिया है. आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप के यूरोपीय क्वालीफायर मुकाबले में ग्रीस को सात विकेट से हराकर स्पेन ने यह रिकॉर्ड अपने नाम किया. पिछले साल फरवरी में आइल ऑफ मैन टीम को हराकर शुरू हुई इस जीत की शुरुआत स्पेन को 14 जीत तक ले आई है. इससे पहले पुरुष फॉर्मेट में लगातार टी20 जीत का रिकॉर्ड बरमूडा और मलेशिया की टीमों के नाम था, जिन्होंने 13-13 जीत दर्ज की थी. 

टीम इंडिया को भी स्पेन ने पीछे छोड़ दिया है. टेस्ट खेलने वाले देशों में 12-12 अंतरराष्ट्रीय टी20 जीत के साथ भारत और अफगानिस्तान के नाम रिकॉर्ड दर्ज है. वहीं अगर कुल आंकड़ों की बात करें तो थाईलैंड महिला क्रिकेट टीम के नाम छोटे क्रिकेट में लगातार जीत का रिकॉर्ड दर्ज है. थाईलैंड की महिला टीम ने इस तरह के 17 मुकाबले जीते हैं. 

यूरोपीय क्वालीफायर राउंड में स्पेन ने ग्रीस को सात विकेट से हराया. पहले बल्लेबाजी करते हुए ग्रीस की टीम निर्धारित 20 ओवर में 96/9 रन ही बना सकी. जवाब में स्पेन ने 13 ओवर में सिर्फ तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया. स्पेन की तरफ से हम्जा सलीम डार (32), मुहम्मद इहसान (26), यासिर अली (25) रन बनाकर चमके. इससे पहले गेंदबाजी में यासिर अली ने तीन विकेट भी झटके थे. 

PREV

Recommended Stories

IND vs NZ ODI: पहले वनडे के लिए अश्विन ने चुनी प्लेइंग XI, किसे किया OUT-कौन हुआ IN?
IND vs NZ Live Streaming: टॉस कितने बजे होगा, टीवी-मोबाइल पर कहां देखें? हर सवाल का जवाब यहां जानिए