
SRH vs MI Match Results: आईपीएल 2026 सीजन के 41वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने मुंबई इंडियंस को 6 विकेट से करारी शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 243 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाजों ने ताबड़तोड़ रन बनाते हुए 8 गेंद पहले ही मैच जीत लिया।
टॉस जीतकर मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। मुंबई के लिए पारी की शुरुआत रेयान रिकेल्टन और विल जैक्स ने की। दोनों ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए पावरप्ले में टीम का स्कोर बिना विकेट खोए 78 रन तक पहुंचाया। मुंबई को पहला झटका 8वें ओवर में लगा, जब जैक्स 22 गेंदों में 46 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद सूर्यकुमार यादव एक बार फिर फ्लॉप रहे और सिर्फ 5 रन बनाकर चलते बने।
सूर्या के आउट होने के बाद नमन धीर और रिकेल्टन के बीच अच्छी साझेदारी देखने को मिली। हालांकि, बीच में एक विकेट गिरने के बावजूद रिकेल्टन ने अपना आक्रामक खेल जारी रखा। उन्होंने सिर्फ 44 गेंदों में शानदार शतक जड़ दिया। रिकल्टन ने 55 गेंद में नाबाद 123 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने 10 चौके और 8 छक्के लगाए। अंत में हार्दिक पंड्या ने भी 15 गेंद में 31 रन बनाकर टीम को 243 के बड़े स्कोर तक पहुंचने में मदद की।
Aaj Kiska Match Hai: IPL Match Today 30 April 2026, आईपीएल में आज किसका मैच, जानिए आज का शेड्यूल
243 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हैदराबाद की टीम ने धमाकेदार शुरुआत की। अभिषेक शर्मा और ट्रैविस हेड ने मुंबई के गेंदबाजों की जमकर पिटाई की। दोनों बल्लेबाजों ने पावरप्ले में ही 6 ओवर के अंदर 92 रन जोड़ दिए, जिससे टीम को मजबूत शुरुआत मिली। अभिषेक शर्मा ने 24 गेंद में 45 रन ठोके, जबकि हेड ने सिर्फ 30 गेंद में 76 रन की पारी खेली। हेड ने 4 चौके और 8 गगनचुंबी छक्के उड़ाए। हालांकि, ईशान किशन 0 पर आउट हुए लेकिन उनके बाद क्लासेन ने 30 गेंद में 65 रन (7 चौके 4 छक्के) और सलिल अरोड़ा ने 10 गेंद में 30 रन (2 चौके 3 छक्के) लगाकर 6 विकेट से मुकाबला जीत लिया। मिडिल ऑर्डर में शानदार बल्लेबाजी कर टीम को जीत दिलाने वाले हेनरिक क्लासेन को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।
मुंबई को हराने के बाद सनराइजर्स हैदराबाद पाइंट्स टेबल में तीसरे नंबर पर पहुंच गई है। SRH ने 9 मैच में 6 जीत के साथ 12 अंक हासिल किए हैं। वहीं, उसका रनरेट 0.832 है। सनराइजर्स से उपर अब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और पंजाब किंग्स ही हैं। वहीं, मुंबई इंडियंस एक और हार के साथ अब नौवें नंबर पर पहुंच गई है। उससे नीचे सिर्फ लखनऊ सुपर जायंट्स है, जो 10वें स्थान पर है।