Dheerendra Gopal | Published : Jul 4, 2024 11:33 AM IST / Updated: Jul 04 2024, 10:45 PM IST

Victory Parade: बीसीसीआई ने टी20 वर्ल्ड कप चैंपियन टीम इंडिया को सौंपा 125 करोड़ रुपये का चेक, हिटमैन आर्मी के स्वागत में उमड़े लाखों मुंबईंकर

सार

Team India Victory parade: टी20 विश्व कप 2024 का खिताब जीतने के बाद विजेता टीम इंडिया गुरुवार को भारत पहुंची। नई दिल्ली में विजेता टीम का जोरदार स्वागत हुआ। एयरपोर्ट से लेकर सड़कों पर क्रिकेट प्रेमी पूरे जोश और उत्साह में स्वागत करते देखे गए। ट्रॉफी लेकर पहुंची भारतीय टीम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। विजेता टीम ट्रॉफी के साथ एक विक्ट्री परेड भी मरीन ड्राइव पर किया। मुंबई के मरीन ड्राइव पर यह विक्ट्री परेड वानखेड़े स्टेडियम में पहुंचकर समाप्त हुआ। वानखेड़े स्टेडियम में टीम इंडिया को बीसीसीआई ने सम्मानित करने के साथ 125 करोड़ रुपये का प्राइज मनी भी सौंपा। 

 

10:22 PM (IST) Jul 04

बीसीसीआई ने सौंपा 125 करोड़ रुपये का चेक

BCCI की ओर से टी20 वर्ल्ड कप विजेता भारतीय टीम को 125 करोड़ रुपये की प्राइज मनी का चेक दिया गया। इस पल का गवाह बनने के लिए वानखेड़े स्टेडियम में 40 हजार के आसपास लोग मौजूद रहे। 

10:18 PM (IST) Jul 04

विराट बोले-पहली बार रोहित को इतने जज्बात में देखा, वह रो रहा था, मैं रो रहा था...

विराट कोहली ने कहा कि स्टेडियम से लेकर हमने सड़कों पर जो देखा, वह कुछ ऐसा है जिसे मैं अपने जीवन में कभी नहीं भूल पाऊंगा। चार दिन बहुत उतार-चढ़ाव भरे रहे। हम जल्द से जल्द बारबाडोस से बाहर निकलना चाहते थे भारत लौटना चाहते थे। जब से हम वापस आए हैं, जो कुछ हुआ है, वह अभूतपूर्व है। फाइनल में हमें यह भी लग रहा था कि क्या यह फिर से हाथ से निकल जाएगा। उन आखिरी पांच ओवरों में जो हुआ, वह वाकई खास था। विराट कोहली ने अपने संन्यास पर कहा कि खेल के बाद मुझे लगा कि अब यही पीछे हटने का समय है। मुझे याद है जब मैंने वह विश्व कप जीता था। मैं उस समय सीनियर खिलाड़ियों की भावनाओं से जुड़ नहीं पाया था। मैं 22, 23 साल का था लेकिन अब यह एक अलग एहसास है। हम दोनों (रोहित शर्मा) इतने लंबे समय से कोशिश कर रहे थे। एकमात्र उद्देश्य टीम को इतने लंबे समय तक आगे ले जाना था। वापसी के लिए इससे बेहतर कोई जगह नहीं हो सकती। पिछली बार जब हम वानखेड़े में जीते थे तो यह एक शानदार एहसास था। यहां खेलना बहुत पसंद है। यह पहली बार है जब मैंने रोहित को मैदान पर इतने सारे जज़्बात दिखाते हुए देखा है। मैं रो रहा था, वह रो रहा था।

 

10:10 PM (IST) Jul 04

बहुत मिस करुंगा...राहुल द्रविड़ हो गए कहते-कहते भावुक

कोच राहुल द्रविड़ ने कहा कि वह टीम इंडिया और प्रशंसकों के प्यार को हमेशा मिस करेगे। आज जो स्वागत देखा है वह अद्भुत था। उन्होंने कहा कि फैंस ही हैं जो इसे देश का सबसे बड़ा खेल बनाते हैं। भारतीय टीम को कोचिंग देना मेरे लिए सौभाग्य की बात रही है। मुझे यह हमेशा ही खलेगी। रोहित शर्मा ने शानदार नेतृत्व किया। मुझे यकीन नहीं था कि मैं 50 ओवर के विश्व कप के बाद खेलना जारी रखूंगा या नहीं। रोहित का फोन उठाना और कहना, "राहुल, चलो एक और मौका लेते हैं"। शायद मेरे जीवन में प्राप्त सबसे अच्छे फोन कॉल में से एक। खत्म करने का शानदार तरीका भी यह जीत है। बहुत सी चीजें हैं जो मुझे याद आएंगी। लड़के, सपोर्ट स्टाफ। मैं आज यहां बाकी सपोर्ट स्टाफ की वजह से खड़ा हूं।

10:03 PM (IST) Jul 04

हार्दिक पांड्या हो गए भावुक जब रोहित शर्मा ने की तारीफ

वानखेड़े स्टेडियम में आयोजित समारोह में विजेता टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने कहा कि मुंबई ने कभी निराश नहीं किया। वह हमेशा से हमारा बढ़िया स्वागत की है। उन्होंने सभी का शुक्रिया अदा किया कि जब से हम भारत आए हैं तब से यह शानदार रहा है। यह ट्रॉफी पूरे देश के लिए है। प्रधानमंत्री से मिलना बहुत सम्मान की बात थी। टीम और बीसीसीआई की ओर से मैं सभी का शुक्रिया अदा करता हूं। टीम की ओर से हम फैंस का शुक्रिया अदा करना चाहते हैं। मैं बहुत बहुत खुश और राहत महसूस कर रहा हूं। रोहित शर्मा ने हार्दिक पांड्या की तारीफ की तो हार्दिक पांड्या भावुक हो गए। रोहित शर्मा ने शानदार कैच लेने वाले सूर्य कुमार यादव की भी तारीफ की। वर्ल्ड कप ट्रॉफी उन्होंने टीम को समर्पित की।

10:00 PM (IST) Jul 04

वानखेड़े स्टेडियम में टीम इंडिया का जोरदार डांस

टीम इंडिया वानखेड़े स्टेडियम में जब पहुंची तो उनका ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया गया। विजेता टीम ने भी स्टेडियम में जमकर डांस किया।

09:00 PM (IST) Jul 04

टीम इंडिया के स्वागत में थम गई मुंबई

भारतीय क्रिकेट टीम का टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद गुरुवार को मरीन ड्राइव पर लाखों की संख्या में लोग उमड़े। आलम यह कि मरीन ड्राइव पर लोगों के पहुंचने से दक्षिण मुंबई पूरी तरह जाम हो गई। पश्चिमी रेलवे नेटवर्क पर चर्चगेट और मध्य रेलवे के विशाल मार्ग पर अंतिम स्टेशन छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस पर पहुंचने वाली ट्रेनों में भी फैंस की भीड़ थी। मुंबई के विभिन्न हिस्सों से लोग परेड देखने के लिए दोपहर से ही दक्षिणी छोर पर पहुंच गए थे। स्टेशन और सड़कें 'भारत माता की जय', 'वंदे मातरम' और 'इंडिया इंडिया' के नारों से गूंज रही थी। तिरंगा लहराते और नीली जर्सी पहने भीड़ रुक-रुक कर हो रही बारिश के बावजूद पूरे जोश में टीम इंडिया के हीरोज के स्वागत के लिए पहुंची तो पूरा मुंबई मानों वेलकम करने के लिए ठप हो गया हो।
 

08:57 PM (IST) Jul 04

मरीन ड्राइव पर जनसैलाब के वीडियो हैरान कर देंगे

टी20 वर्ल्ड कप विजेता टीम इंडिया का मुंबई में जोरदार स्वागत हुआ। मरीन ड्राइव से वानखेड़े तक लाखों की भीड़ एकत्र थी। लोगों का जनसैलाब जब अपने हीरोज का स्वागत करने सड़कों पर उतरा तो पुलिस को उनको संभालने में पसीना छूट गया।

 

 

08:54 PM (IST) Jul 04

टी20 विश्व कप विजेता टीम में शामिल ऋषभ पंत ने विक्ट्री परेड का वीडियो किया शेयर

टी20 विश्व कप विजेता टीम के सदस्य ऋषभ पंत ने विक्ट्री परेड का वीडियो शेयर कर फैंस को धन्यवाद दिया है। 

 

 

08:44 PM (IST) Jul 04

वानखेड़े पहुंच विक्ट्री परेड खत्म

विक्ट्री परेड वानखेड़े पहुंच चुका है। टीम इंडिया को वानखेड़े स्टेडियम में सम्मानित किया जाएगा। यहां उनको 125 करोड़ रुपये की प्राइज मनी बीसीसीआई की ओर से दिया जाएगा।

08:40 PM (IST) Jul 04

कुछ ही क्षणों में विक्ट्री परेड पहुंचेगी वानखेड़े स्टेडियम

मरीन ड्राइव से वानखेडे़ स्टेडियम तक चल रही विक्ट्री परेड अब अपने अंतिम पड़ाव की ओर बढ़ रहा। विक्ट्री परेड बस, कुछ ही क्षणों में वानखेड़े स्टेडियम पहुंचेगी। यहां टी20 वर्ल्ड कप विजेता टीम को प्राइज मनी देने के साथ सम्मानित किया जाएगा। वानखेड़े स्टेडियम अपने हीरोज को देखने के लिए खचाखच भरा हुआ है। यहां 40 हजार के करीब दर्शक अंदर हैं। 

08:22 PM (IST) Jul 04

जोश...जुनून...उत्साह...विक्ट्री परेड में वर्ल्ड कप जीत के हीरोज और फैंस मना रहे उत्सव

टीम इंडिया के टी20 वर्ल्ड कप जीतकर आने के बाद मुंबई के मरीन ड्राइव से वानखेड़े तक विक्ट्री परेड हो रहा है। लाखों की संख्या में फैंस पूरे मुंबई से अपने हीरोज को बधाई के लिए उमड़े हैं। जोश, उत्साह और जुनून से लबरेज टीम इंडिया और उनके फैंस इस जीत को उत्सव की तरह मना रहे हैं। हालांकि, सुरक्षा व्यवस्था में लगे पुलिसकर्मियों को स्थितियां नियंत्रित करने में पसीना छूट रहा है। लाखों की भीड़ से मरीन ड्राइव में तिल रखने की जगह नहीं है। आलम यह है कि आ रहे लोगों को सुरक्षाकर्मी वापस कर रहे हैं और अपने घरों से न निकलने की अपील कर रहे हैं।

07:58 PM (IST) Jul 04

विराट कोहली हाथों में वर्ल्ड कप लेकर फैंस को लहराया, जोश के साथ लोग चिल्ला उठे

विक्ट्री परेड के दौरान ओपन बस पर टीम इंडिया सवार हैं। मरीन ड्राइव पर विराट कोहली ने बेहद उत्साह के साथ हाथों में वर्ल्ड कप लेकर लहराया। विराट के हाथों में वर्ल्ड कप लहराते देख फैंस भी जोश में आ गए। सबने जोर जोर से जोश में चिल्लाने लगे। फैंस का उत्साह देखते ही बन रहा है।

07:51 PM (IST) Jul 04

हाथों में तिरंगा और कप साथ लिए टीम इंडिया कर रही विक्ट्री परेड, भीड़ जोश और उत्साह में कर रही तिरंगा लेकर नारेबाजी

टीम इंडिया टी20 वर्ल्ड कप लेकर विक्ट्री परेड कर रही है। ओपन बस पर पूरी टीम सवार है। हार्दिक पांड्या अपने हाथों में वर्ल्ड कप थामे हुए हैं तो अन्य साथ तिरंगा लेकर लहरा रहे हैं। मरीन ड्राइव पर लाखों की भीड़ अपने हीरोज का वेलकम कर रही है। पूरे जोश और उत्साह के साथ भीड़ भी ब्लू टीशर्ट में है और हाथों में तिरंगा है। मरीन ड्राइव के पास समुद्र के बगल में जनसैलाब का ब्लू सी बना हुआ है।

07:40 PM (IST) Jul 04

वर्ल्ड कप हार्दिक पांड्या के हाथ में, कप्तान रोहित शर्मा सहित पूरी टीम बस पर

नरीमन प्वाइंट से शुरू हुई विक्ट्री परेड में ओपन बस पर वर्ल्ड कप विजेता टीम सवार है। टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी हार्दिक पांड्या के हाथ में है। रोहित शर्मा और उनकी पूरी टीम बस पर सवार है। दोनों ओर भारी संख्या में भीड़ अपने हीरोज का वेलकम करने पहुंची है। बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला, बीसीसीआई सचिव जय शाह के अलावा सभी स्टॉफ मेंबर्स भी बस पर ही टीम के साथ सवार हैं।

07:34 PM (IST) Jul 04

शुरू हुई विक्ट्री परेड, नरीमन प्वाइंट पर विजेता टीम इंडिया ओपन बस में हुई सवार

टी20 वर्ल्ड कप विजेता टीम इंडिया, नरीमन प्वाइंट पहुंचने के बाद ओपन बस में सवार हो चुकी है। विक्ट्री परेड शुरू हो चुकी है। मरीन ड्राइव से वानखेड़े स्टेडियम तक 2.2 किलोमीटर की यात्रा टीम इंडिया इस बस में तय करेगी।

07:25 PM (IST) Jul 04

हार्दिक पांड्या ने किया ट्वीट, बोले-वानखेड़े में जल्द मिलते...

वानखेड़े स्टेडियम पहुंचने के पहले मुंबई एयरपोर्ट से हार्दिक पांड्या ने एक्स पर पोस्ट डालकर फैंस तक जल्द पहुंचने को कहा है। 

 

 

07:11 PM (IST) Jul 04

कुछ ही देर में नरीमन प्वाइंट से शुरू होगी विक्ट्री परेड

टी20 वर्ल्ड कप विजेता टीम कुछ ही समय में विक्ट्री परेड बस पर सवार होगी। ओपन बस, नरीमन प्वाइंट पहुंच चुकी है। यहीं से विक्ट्री परेड शुरू होगी। मरीन ड्राइव से वानखेडे़ स्टेडियम तक लाखों प्रशंसक जुटे हुए हैं। उधर, लोगों के जनसैलाब और इसके बाद भी लगातार आ रही भीड़ को देखकर मुंबई पुलिस के हाथपांव फूल गए हैं। अप्रत्याशित भीड़ को देखकर भगदड़ की आशंका जताई जा रही है। मुंबई पुलिस ने अतिरिक्त सुरक्षा बढ़ाई है। पुलिस की टुकड़ियां आ रहे लोगों को वापस भेज रही। लोगों से लगातार न आने की अपील कर रही। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी पुलिस कमिश्नर से बात की है।

06:54 PM (IST) Jul 04

विक्ट्री परेड में भगदड़ की आशंका, लोगों को संभालना मुश्किल

विक्ट्री परेड के लिए मरीन ड्राइव सहित आसपास के क्षेत्रों में भारी संख्या में लोग उमड़ पड़े हैं। आलम यह है कि भीड़ को कंट्रोल करना मुश्किल हो चुका है। भारी संख्या में पुलिस बल लगाया गया है। मुंबई पुलिस की एक टुकड़ी, टीम इंडिया के परेड वाली विक्ट्री बस की सुरक्षा में लगाया गया है। भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है। भीड़ को संभालना मुश्किल होने की स्थिति में अब मुंबई पुलिस लोगों को यहां न आने की लगातार अपील कर रही है।

06:51 PM (IST) Jul 04

टीम इंडिया की बस जाम में फंसी

टीम इंडिया को विक्ट्री परेड में लेने जा रही बस जाम में फंसी हुई है। फैंस का जनसैलाब उमड़ पड़ा है।

06:41 PM (IST) Jul 04

विस्तारा एयरलाइन ने विराट कोहली और रोहित शर्मा को अनोखे ढंग से दिया सम्मान

विस्तारा एयरलाइन ने टी20 वर्ल्ड कप विजेता टीम के दिग्गज क्रिकेटर्स विराट कोहली और रोहित शर्मा को अनोखे ढंग से सम्मान दिया। दोनों आइकन विराट कोहली और रोहित शर्मा की जर्सी नंबर पर एयरलाइन ने अपने फ्लाइट का कॉल साइन दिया। दरअसल, दिल्ली से मुंबई की यात्रा के दौरान भारतीय टीम की विस्तारा फ्लाइट को जो कॉल साइन दिया गया था, वह दोनों खिलाड़ियों के सम्मान में था। फ्लाइट का कॉल साइन 'UK1845' है। यह विराट कोहली और रोहित शर्मा की जर्सी नंबर को रिप्रेजेंट करता है।

06:37 PM (IST) Jul 04

टीम इंडिया को मुंबई एयरपोर्ट पर वॉटर कैनन सैल्यूट

विक्ट्री परेड के लिए मुंबई पहुंची टीम इंडिया को एयरपोर्ट पर विशेष सम्मान दिया गया। प्लेन को वॉटर कैनन सैल्यूट दिया गया। विजेता टीम प्लेन के अंदर थी और उस प्लेन को पानी की बौछार से सराबोर कर दिया गया। इसके बाद करीब 6.20 मिनट पर टीम एयरपोर्ट से बाहर निकली। बाहर भारी संख्या में फैन्स की भीड़ जुटी है। किसी तरह टीम को बाहर निकाला जा रहा है।

 

06:13 PM (IST) Jul 04

भारी भीड़ की वजह से मुंबई जाम, टीम इंडिया के खिलाड़ियों की बस भी जाम में फंसी

विक्ट्री परेड के लिए मुंबई पहुंची टीम इंडिया के स्वागत के लिए भारी संख्या में लोग उमड़े हैं। बारिश भी लोगों के हौसले को तोड़ न सकी है। भीड़ की वजह से हर ओर जाम ही जाम है। आलम यह कि टीम इंडिया की बस भी जाम में फंस गई है। हालांकि, सुरक्षा व्यवस्था में लगी फोर्स और वालंटियर्स बस को सुरक्षित निकालने में जुटे हुए हैं।

06:02 PM (IST) Jul 04

नरीमन प्वाइंट्स पर लोगों का उमड़ा जनसैलाब

विक्ट्री परेड के लिए भारी भीड़ उमड़ी है। मरीन ड्राइव के कोने-कोने में लोगों का सैलाब उमड़ा है। टीम इंडिया के आने के पहले ही खेल प्रेमियों का जनसैलाब पहुंच चुका है। तीन किलोमीटर लंबे नरीमन पॉइंट्स पर केवल सिर ही दिख रहे हैं। आलम यह कि कहीं भी पैर तक रखने की जगह नहीं बची दिख रही। तेज बारिश के बाद भी फैंस मरीन ड्राइव में मौजूद हैं। कई फैंस टीम इंडिया की टीशर्ट में हैं। फूल और ढोल-नगाड़े लेकर फैंन्स पहुंचे हैं। टीम इंडिया कुछ देर में #T20WorldCup2024 जीत का जश्न मनाने के लिए विक्ट्री परेड करेगी। 

05:56 PM (IST) Jul 04

विक्ट्री परेड के लिए तैयार की गई खुली बस मरीज ड्राइव पहुंची

टीम इंडिया मुंबई में एक खुली छत वाली बस में प्रशंसकों के साथ विश्व कप जीत का जश्न मनाएगी। टीम इंडिया के रंगों में रंगी यह विशेष गाड़ी दिल्ली से टीम के आने से पहले शहर के मरीन ड्राइव पर पहुंच गई है। बस पर वेस्टइंडीज में टी20 विश्व कप ट्रॉफी जीतने के बाद उत्साहित भारतीय टीम की तस्वीर भी लगी है। 

05:51 PM (IST) Jul 04

विक्ट्री परेड के लिए मुंबई पहुंची टीम इंडिया

टी20 वर्ल्ड कप 2024 की विजेता टीम, मुंबई के मरीन ड्राइव पर गुरुवार को विक्ट्री परेड करेगी। इसके लिए टीम इंडिया मुंबई पहुंच चुकी है।

05:29 PM (IST) Jul 04

वानखेड़े स्टेडियम नारों से गूंजा

वानखेड़े स्टेडियम में आज विश्व कप में जीत का जश्न मनाया जा रहा। टीम इंडिया के टी20 वर्ल्ड कप जीतने का जश्न मनाने के लिए स्टेडियम में एंट्री फ्री है। बड़ी संख्या में फैन्स स्टेडियम पहुंचे हैं। पूरा स्टेडियम, कप्तान रोहित शर्मा और विजेता टीम के लिए नारे लगा रहा। स्टेडियम नारों से गुंजायमान है। लोग इंडिया के राजा रोहित शर्मा और मुंबई के राजा रोहित शर्मा जैसे नारे लगा रहे हैं।

05:23 PM (IST) Jul 04

टी20 वर्ल्ड कप विजेता टीम के मेंबर्स होंगे सम्मानित

खिलाड़ियों को वानखेड़े स्टेडियम सम्मानित किया जाएगा। महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन ने वानखेड़े स्टेडियम में प्रशंसकों के लिए मुफ्त प्रवेश की घोषणा की है। बड़ी संख्या में लोग स्टेडियम में जुटे हैं।

 

05:22 PM (IST) Jul 04

खुली बस में सवार होगी विजेता टीम इंडिया

टी20 वर्ल्ड कप जीतकर आई टीम इंडिया गुरुवार को विक्ट्री परेड निकालेगी। मरीन ड्राइव पर यह विक्ट्री परेड निकाली जाएगी। कप्तान रोहित शर्मा सहित पूरी टीम एक खुली बस पर ट्रॉफी के साथ सवार होंगे।


More Trending News