अभिषेक शर्मा का टोटका भी नहीं आया काम, तीसरी बार 0 पर आउट हो बनाया शर्मनाक रिकॉर्ड

Published : Feb 18, 2026, 08:20 PM IST
Abhishek Sharma

सार

T20 वर्ल्ड कप में अभिषेक शर्मा लगातार तीसरी बार डक पर आउट हुए। नीदरलैंड्स के खिलाफ वह सिर्फ 3 गेंद खेल सके। नासिर हुसैन और सुनील गावस्कर ने उनके फॉर्म और इमेज के दबाव पर टिप्पणी की। इस साल वह 5 बार T20I में 0 पर आउट हो चुके हैं।

IND vs NED T20 Match Abhishek Sharma Duck: दुनिया के नंबर-1 T20I बैटर अभिषेक शर्मा तीन मैच खेलने के बाद भी T20 वर्ल्ड कप 2026 में अब तक कोई खास प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। 25 साल के बाएं हाथ के बल्लेबाज बुधवार को नीदरलैंड्स के खिलाफ मैच में एक बार फिर डक पर आउट हो गए। हालांकि, लगातार खराब फॉर्म से जूझ रहे अभिषेक शर्मा ने इससे उबरने के लिए एक टोटका भी किया, लेकिन वो भी काम नहीं आया।

अभिषेक शर्मा का टोटका भी हुआ फेल

दरअसल, अभिषेक शर्मा अपने खराब फॉर्म से अच्छी तरह वाकिफ थे। कहा जा रहा है कि किस्मत बदलने के लिए वह इस मैच में मोहम्मद सिराज की जर्सी पहनकर बल्लेबाजी करने उतरे थे, लेकिन इससे भी कोई फायदा नहीं हुआ। उन्होंने शुरुआत में दो डॉट बॉल खेलीं। इसके बाद नीदरलैंड्स के स्पिनर आर्यन दत्त की तीसरी गेंद थोड़ी आगे पिच हुई और अभिषेक को लगा कि वह पुल शॉट खेल सकते हैं। लेकिन गेंद उनके बल्ले से बचती हुई सीधे स्टंप बिखेर गई।

2026 में 5वीं बार बिना खाता खोले आउट हुए अभिषेक शर्मा

बता दें कि इस साल T20 इंटरनेशनल में यह पांचवीं बार है, जब अभिषेक बिना खाता खोले आउट हुए हैं। ये टी20 में उनका एक शर्मनाक रिकॉर्ड है। इससे पहले इस टूर्नामेंट में वह USA और पाकिस्तान के खिलाफ भी 0 पर आउट हो चुके थे। मैच के दौरान कमेंट्री कर रहे इंग्लैंड के पूर्व कप्तान नासिर हुसैन ने अभिषेक शर्मा के तीसरी बार डक पर आउट होने पर हैरानी जताते हुए कहा, “क्या आप यकीन करेंगे? इस फॉर्मेट का नंबर-1 बैटर 0, 0 और 0 से शुरुआत कर रहा है।”

सुनील गावस्कर ने इमेज का प्रेशर बता किया बचाव

भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने कहा कि अभिषेक की इमेज एक ऐसे बल्लेबाज की बन चुकी है जो पहली ही गेंद से आक्रामक शॉट खेल सकता है। ऐसे में वह हर मैच में वैसी ही शुरुआत करना चाहते हैं। गावस्कर ने कहा, दो डॉट बॉल के बाद दबाव बढ़ जाता है। जब आपकी पहचान एक आक्रामक बल्लेबाज की बन जाती है, तो आप उसी अंदाज में खेलने की कोशिश करते हैं। वह भी यही करना चाह रहे थे। उन्होंने यह भी कहा कि स्पिनर से शुरुआत कराना विपक्ष की अच्छी रणनीति थी और अभिषेक तीसरी बार डक पर आउट हो गए।

बीमारी के कारण एक मैच से हुए थे बाहर

USA के खिलाफ मैच के बाद अभिषेक को तेज बुखार और पेट में इन्फेक्शन की शिकायत हुई थी। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। इसी वजह से वह नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में नामीबिया के खिलाफ एक मुकाबला नहीं खेल सके थे। USA के खिलाफ वह अली खान की पहली गेंद पर आउट हुए थे, जबकि पाकिस्तान के खिलाफ 4 गेंद खेलने के बाद सलमान अली आगा ने उन्हें पवेलियन भेजा था।

PREV
Read more Articles on

Recommended Stories

Who Won Yesterday's IPL Match, 15th May 2026: LSG vs CSK कल का मैच कौन जीता? IPL 59वें मैच का रिजल्ट, हाइलाइट्स और प्लेयर ऑफ द मैच
Aaj Kiska Match Hai: IPL Match Today 16 May 2026, आईपीएल में आज किसका मैच, जानें पूरा शेड्यूल