
Tanmay Baloda 14 wickets: क्रिकेट में रिकॉर्ड बनना और टूटना आम बात है, लेकिन कुछ प्रदर्शन ऐसे होते हैं, जिन्हें लंबे समय तक याद किया जाता है। भारत के युवा स्पिन गेंदबाज तन्मय बलौदा ने भी ऐसा ही कारनामा कर दिखाया है। ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ शानदार गेंदबाजी करते हुए तन्मय ने एक टेस्ट मैच में कुल 14 विकेट हासिल किए। उन्होंने पहली पारी में 6 और दूसरी पारी में 8 विकेट लेकर भारतीय टीम को 10 विकेट से शानदार जीत दिलाई। यह मुकाबला भारत और ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीमों के बीच खेली गई दो अनौपचारिक टेस्ट मैचों की सीरीज का दूसरा मैच था।
भारत-ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 सीरीज के दूसरे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी की और पहली पारी में 174 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत की ओर से तन्मय बलौदा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 25 ओवर में 32 रन देकर 6 विकेट हासिल किए। इस दौरान उन्होंने 11 मेडन ओवर भी डाले। तन्मय की घातक गेंदबाजी के सामने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ज्यादा देर तक टिक नहीं सके और पूरी टीम 174 रन पर सिमट गई। इसके जवाब में भारतीय टीम ने पहली पारी में 315 रन बनाए। इस तरह भारत को ऑस्ट्रेलिया पर पहली पारी के आधार पर 141 रनों की बढ़त हासिल हुई।
और पढे़ं- संजू सैमसन का फ्लॉप शो जारी, पिछले 4 मैचों में सिर्फ 29 रन, फिर भी वैभव को नहीं मिला मौका
ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी में भी तन्मय बलौदा का शानदार प्रदर्शन जारी रहा। उन्होंने 19.5 ओवर में 41 रन देकर 8 विकेट चटकाए। इस दौरान तन्मय ने 5 मेडन ओवर भी डाले। उनकी शानदार गेंदबाजी के चलते ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम दूसरी पारी में सिर्फ 151 रन पर ऑलआउट हो गई। ऑस्ट्रेलिया के 151 रन पर सिमटने के बाद भारत को जीत के लिए केवल 11 रन का लक्ष्य मिला। भारतीय टीम ने बिना कोई विकेट गंवाए महज 5 गेंदों में लक्ष्य हासिल कर लिया और मुकाबला 10 विकेट से अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ भारत ने दो मैचों की टेस्ट सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली।
तन्मय बलौदा ने इस मुकाबले में कुल 14 विकेट हासिल किए। पहली पारी में 6 और दूसरी पारी में 8 विकेट लेकर उन्होंने यूथ टेस्ट क्रिकेट में एक मैच के शानदार गेंदबाजी आंकड़े दर्ज किए। उनका यह प्रदर्शन इसलिए भी खास है, क्योंकि उन्होंने ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ अपनी टीम को एकतरफा जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
अब सवाल है कि आखिर तन्मय बलौदा कौन हैं? तन्मय बलौदा हरियाणा के पलवल के रहने वाले युवा बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज हैं। दिलचस्प बात यह है कि वह शुरुआत में तेज गेंदबाज बनना चाहते थे। एक मैच के दौरान उन्होंने स्पिन गेंदबाजी करने का प्रयोग किया। इस मैच में उन्हें शानदार सफलता मिली और उन्होंने 7 विकेट हासिल किए। इसके बाद उन्होंने बाएं हाथ की स्पिन गेंदबाजी को ही अपना करियर बनाने का फैसला किया। कम उम्र में ही तन्मय ने घरेलू क्रिकेट में अपनी प्रतिभा दिखानी शुरू कर दी थी। इसके बाद उन्हें भारत की अंडर-19 टीम में जगह मिली और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यूथ टेस्ट में उन्होंने अपनी गेंदबाजी से सभी का ध्यान खींच लिया।
1. तन्मय बलौदा कौन हैं?
तन्मय बलौदा हरियाणा के पलवल के युवा बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज हैं, जो भारत की अंडर-19 टीम का हिस्सा हैं।
2. तन्मय बलौदा ने एक टेस्ट में कितने विकेट लिए?
उन्होंने एक टेस्ट में कुल 14 विकेट लिए। पहली पारी में 6 और दूसरी पारी में 8 विकेट हासिल किए।
3. तन्मय बलौदा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कितना शानदार प्रदर्शन किया?
उन्होंने पहली पारी में 6/32 और दूसरी पारी में 8/41 के आंकड़े दर्ज किए। उनके प्रदर्शन की बदौलत भारत ने 10 विकेट से जीत दर्ज की।