Vaibhav Sooryavanshi Record: यह कारनामा करने वाले पहले भारतीय क्रिकेटर बन गए वैभव सूर्यवंशी

Published : May 20, 2026, 10:07 AM IST
Vaibhav Sooryavanshi Record: यह कारनामा करने वाले पहले भारतीय क्रिकेटर बन गए वैभव सूर्यवंशी

सार

राजस्थान रॉयल्स के वैभव सूर्यवंशी एक IPL सीजन में 50 छक्के लगाने वाले पहले भारतीय बने। लखनऊ के खिलाफ 93(38) रनों की पारी के बाद अब उनके 53 छक्के हैं। वह क्रिस गेल के 59 छक्कों के ऑल-टाइम रिकॉर्ड के करीब हैं।

जयपुर: राजस्थान रॉयल्स के युवा सेंसेशन वैभव सूर्यवंशी IPL में एक के बाद एक रिकॉर्ड तोड़ रहे हैं। लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ एक बेहद अहम मैच में वैभव ने तूफानी पारी खेलते हुए एक और बड़ा कीर्तिमान अपने नाम कर लिया। वह एक IPL सीजन में 50 छक्के पूरे करने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज़ बन गए हैं।

जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में हुए इस मैच में लखनऊ ने 220 रनों का विशाल लक्ष्य रखा था। जवाब में राजस्थान के लिए एक बार फिर वैभव संकटमोचक बनकर उभरे। उन्होंने सिर्फ 38 गेंदों पर 7 चौकों और 10 छक्कों की मदद से 93 रनों की विस्फोटक पारी खेली। वैभव की इस जादुई पारी की बदौलत राजस्थान रॉयल्स ने आसानी से मैच जीतकर प्लेऑफ की अपनी उम्मीदें ज़िंदा रखीं।

इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में ही वैभव ने अभिषेक शर्मा (2024 में 42 छक्के) का रिकॉर्ड तोड़कर एक सीजन में सबसे ज़्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय खिलाड़ी का तमगा हासिल कर लिया था। लखनऊ के खिलाफ मैच में उतरने से पहले उनके नाम 43 छक्के थे। मैच के 11वें ओवर में उन्होंने तेज़ गेंदबाज़ मयंक यादव को लगातार दो छक्के जड़कर इस सीजन में अपने छक्कों का अर्धशतक पूरा किया। इस सीजन में अब तक 13 मैचों में वैभव 53 छक्के लगा चुके हैं।

 

अब वैभव की नज़रें वेस्टइंडीज़ के दिग्गज क्रिस गेल के ऑल-टाइम रिकॉर्ड पर हैं। एक IPL सीजन में सबसे ज़्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड गेल के नाम है, जिन्होंने 2012 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए 59 छक्के जड़े थे। वैभव को यह रिकॉर्ड तोड़ने के लिए अब सिर्फ 7 और छक्कों की ज़रूरत है। कल के मैच में उन्होंने कोलकाता के आंद्रे रसेल (52 छक्के) को भी पीछे छोड़ दिया।

 

लीग स्टेज में अभी मुंबई इंडियंस के खिलाफ एक मैच बाकी है और अगर राजस्थान प्लेऑफ में पहुंचती है, तो 15 साल के वैभव के लिए गेल का रिकॉर्ड तोड़ना लगभग तय माना जा रहा है। इससे पहले वैभव एक पारी में सबसे ज़्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय खिलाड़ी का रिकॉर्ड भी बना चुके हैं। उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 37 गेंदों में 103 रन की पारी में 12 छक्के लगाए थे। अब तक 13 मैचों में 579 रन बनाकर वह टूर्नामेंट के टॉप स्कोरर भी बन गए हैं और ऑरेंज कैप भी अपने नाम कर ली है। लखनऊ के खिलाफ प्रदर्शन के साथ ही उन्होंने एक सीजन में पावरप्ले में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में ट्रैविस हेड (426 रन) को भी पीछे छोड़ दिया।

PREV
Read more Articles on

Recommended Stories

केन विलियमसन के रिटायरमेंट पर भावुक हुए विराट कोहली, दोस्त को लेकर लिखी दिल छू लेने वाली पोस्ट
वैभव सूर्यवंशी के बाद अब गर्दा उड़ाने आ रहा छोटा भाई आशीर्वाद, सिर्फ इतनी गेंदों में ठोक दी सेंचुरी