Vaibhav Suryavanshi: 15 साल के वैभव सूर्यवंशी सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 में बिहार की कप्तानी करेंगे। BCA ने पहले दो मैचों के लिए 17 सदस्यीय टीम घोषित की।
Vaibhav Suryavanshi: भारतीय क्रिकेट के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को बिहार की सीनियर पुरुष क्रिकेट टीम का कप्तान बनाया गया है। वह सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 के शुरुआती दो मुकाबलों में बिहार की कप्तानी करेंगे। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) ने 14 नवंबर से शुरू होने वाले टूर्नामेंट के लिए 17 सदस्यीय टीम का ऐलान किया है। बिहार अपने अभियान की शुरुआत सौराष्ट्र के खिलाफ करेगा। इसके बाद 16 नवंबर को उसका सामना रेलवे की टीम से होगा। महज 15 साल की उम्र में वैभव को यह जिम्मेदारी मिलना उनके क्रिकेट करियर में एक बड़ी उपलब्धि है।
सूरज कश्यप बने बिहार टीम के उप-कप्तान
शुक्रवार को बिहार क्रिकेट एसोसिएशन ने 17 सदस्यीय टीम की घोषणा की। इसके साथ ही सूरज कश्यप को टीम का उप-कप्तान नियुक्त किया गया।
BCA अध्यक्ष हर्षवर्धन ने वैभव सूर्यवंशी को कप्तानी सौंपने के फैसले पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि वैभव ने कम उम्र में ही अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और परिपक्वता से प्रभावित किया है।
उन्हें कप्तानी की जिम्मेदारी देना एक खिलाड़ी के साथ-साथ एक लीडर के रूप में भी उनके विकास में मददगार साबित होगा।
हर्षवर्धन ने कहा, "हमें उम्मीद है कि वैभव की कप्तानी में आने वाले सीजन में राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए टीम शानदार प्रदर्शन करेगी।"
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 के लिए बिहार की 17 सदस्यीय टीम
वैभव सूर्यवंशी (कप्तान), सूरज कश्यप (उप-कप्तान), आलोक कुमार, आयुष लोहारुका (विकेटकीपर), अल्तमश अशरफ, परम कुमार सिंह, अनमोल कुमार (विकेटकीपर), ऋत्विक राज, मयंक कुमार, राघवेंद्र प्रताप, आशीष कुमार, वासुदेव प्रताप सिंह, मोहम्मद इजहार, आमोद यादव, प्रशांत सिंह, नवाज खान और हिमांशु सिंह। मंगल माहौर और शाकिब हुसैन का चयन इनकी फिटनेस पर डिपेंड करता है।
स्टैंडबाय खिलाड़ी
बिपिन सौरभ, सुमन कुमार, आकाश राज, खालिद आलम, भास्कर दुबे, कुमार रजनीश, सुयश, अभिजीत साकेत, यशस्वी ऋषभ, लखन राजा, पवन कुमार, अमित चौधरी, पीयूष सिंह, भानु कुमार, लोकेश बाबूलाल कुमार और प्रशांत श्रीवास्तव।
अंडर-19 वर्ल्ड कप से IPL तक कैसा रहा वैभव सूर्यवंशी का प्रदर्शन?
वैभव सूर्यवंशी ने साल 2026 में अंडर-19 पुरुष क्रिकेट विश्व कप के फाइनल में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 175 रन बनाए थे। उनके इस प्रदर्शन की बदौलत भारत ने खिताब अपने नाम किया था। वैभव को टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' भी चुना गया था।
इसके बाद उन्होंने IPL 2026 में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए भी अपनी बल्लेबाजी का दम दिखाया। वैभव ने पूरे सीजन में 237.30 के शानदार स्ट्राइक रेट से कुल 776 रन बनाए।
वह राजस्थान रॉयल्स के लिए सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। लगातार शानदार प्रदर्शन का उन्हें इनाम भी मिला और भारतीय T20I टीम में जगह बनाने में सफल रहे।
सबसे कम उम्र में बने भारतीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर
वैभव सूर्यवंशी ने जुलाई में मैनचेस्टर में इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे T20I मुकाबले से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था।
इसके साथ ही वह भारत के सबसे कम उम्र के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर बन गए।
हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे T20I मुकाबले में भी वैभव ने अपनी बल्लेबाजी से सबको प्रभावित किया।
उन्होंने अभिषेक शर्मा के साथ मिलकर पावरप्ले के 6 ओवरों में बिना विकेट गंवाए 118 रन जोड़े। T20I क्रिकेट में यह अब तक का सबसे बड़ा पावरप्ले स्कोर है।