वैभव सूर्यवंशी को कैसे रोकें? न्यूजीलैंड के दिग्गज गेंदबाज ने बताया एक खास फॉर्मूला

Published : Nov 28, 2026, 06:03 PM IST
vaibhav suryavanshi batting

सार

15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से गेंदबाजों के दिलों में दहशत पैदा की है। हर गेंदबाज उन्हें आउट करने का तोड़ ढूंढ रहा है। ऐसे में न्यूजीलैंड के गेंदबाज ने उन्हें रोकने का एक खास फॉर्मूला बताया है।

वैभव सूर्यवंशी ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से पूरी दुनिया को हैरान कर दिया है। खासकर गेंदबाजों के दिलों में उनकी जो दहशत है, उससे वो दुनिया में तेजी से पहचान बना रहे हैं। वह पारी की शुरुआत से ही गेंदबाजों पर दबाव बनाने में माहिर हैं। उनकी ताकत और शॉट खेलने की रेंज इतनी शानदार है कि गेंदबाजों के लिए उनके खिलाफ रणनीति बनाना आसान नहीं होता। हालांकि, न्यूजीलैंड के पूर्व ऑलराउंडर क्रिस हैरिस का मानना है कि इस युवा बल्लेबाज को मुश्किल में डालने का एक तरीका है।

वैभव सूर्यवंशी के खिलाफ क्या होनी चाहिए गेंदबाजों की रणनीति?

  • न्यूजीलैंड के दिग्गज गेंदबाज रहे क्रिस हैरिस के मुताबिक, गेंदबाजों को वैभव को लगातार उलझन में रखना होगा और अपनी गेंदबाजी में बदलाव करते रहना होगा।
  • 250 वनडे और 23 टेस्ट मैच खेल चुके हैरिस का मानना है कि वैभव जैसे बल्लेबाज के खिलाफ गेंद की गति और लेंथ में बदलाव करना बेहद जरूरी है।
  • क्रिस हैरिस के मुताबिक, "वैभव बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं। इसलिए मैं उनके खिलाफ थोड़ी पीछे की लेंथ यानी बैक ऑफ लेंथ पर गेंदबाजी करने और गेंद को उनसे दूर रखने की कोशिश करूंगा।
  • मुझे पता है कि वह मुझ पर हमला करेंगे। लेकिन अगर पिच थोड़ी धीमी हो और गेंद रुककर आ रही हो, तो वह उसे मिड-विकेट और लेग साइड की तरफ हवा में मारने की कोशिश कर सकते हैं।"
  • उन्होंने आगे कहा, "वैभव के पास बहुत ताकत है और वह मैदान के हर कोने में अच्छे शॉट खेल सकते हैं। इसलिए मैं कुछ ऐसी गेंदें भी डालूंगा, जो उनके शरीर से दूर निकल जाएं।
  • मैं लगातार अपनी गेंदबाजी में बदलाव करता रहूंगा। मेरी कोशिश होगी कि वह किसी गेंद को चूक जाएं या गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर निकल जाए।
  • हालांकि, जब इस तरह के बल्लेबाज सेट हो जाते हैं, तो कई बार उन्हें रोकने का कोई तरीका नहीं बचता।"

आधुनिक क्रिकेट में गेंदबाजों के लिए बढ़ी चुनौती

  • 57 वर्षीय क्रिस हैरिस का मानना है कि आज के क्रिकेट में गेंदबाजों के सामने चुनौतियां पहले के मुकाबले काफी बढ़ गई हैं। उनके खेलने के दिनों में पिचें धीमी होती थीं और गेंद रुककर आती थी। ऐसी परिस्थितियों में बल्लेबाजों के लिए गेंद की लाइन में आकर बड़े शॉट खेलना आसान नहीं होता था।
  • हैरिस ने कहा, "मुझे लगता है कि हमने उस दौर में क्रिकेट खेला, जब पिचें थोड़ी धीमी होती थीं और गेंद रुककर आती थी। यह हमारे गेंदबाजी करने के तरीके के अनुकूल था।
  • हम गुड लेंथ एरिया में गेंद डाल सकते थे, जिससे बल्लेबाजों को परेशानी होती थी। उन्हें लगता था कि वे बड़ा शॉट खेल सकते हैं, लेकिन ऐसा करने के लिए उन्हें जोखिम उठाना पड़ता था।"
  • उन्होंने आज के बल्लेबाजों के खेलने के अंदाज पर कहा, "अब जब आप बल्लेबाजों को खेलते हुए देखते हैं, तो उनमें लगभग कोई डर नहीं होता। वे हर गेंद पर गेंदबाज पर हावी होने की कोशिश करते हैं।
  • अगर मैं आज के दौर में खेल रहा होता, तो मुझे लगातार अपनी रणनीति बदलनी पड़ती। मुझे अलग-अलग तरह की गेंदें डालनी पड़तीं और गेंद की गति तथा लेंथ में बदलाव करना पड़ता।"

क्रिस हैरिस को क्यों पसंद है T20 क्रिकेट?

  • क्रिस हैरिस का मानना है कि T20 क्रिकेट उनके करियर में करीब 10 साल की देरी से आया। उन्हें अपने करियर के दौरान कैंटरबरी और जिम्बाब्वे के लिए इस फॉर्मेट में खेलने का मौका मिला था। उन्हें T20 क्रिकेट इसलिए पसंद है, क्योंकि इसमें एक ऑलराउंडर को बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग तीनों में योगदान देना होता है।
  • हैरिस ने कहा, “हां, T20 क्रिकेट शायद मेरे करियर में 10 साल देरी से आया। मुझे यह फॉर्मेट बहुत पसंद है। मुझे कैंटरबरी के लिए कुछ मैच खेलने का मौका मिला और जिम्बाब्वे में भी मैंने थोड़ा क्रिकेट खेला।”
  • उन्होंने आगे बताया, "मुझे यह खेल इसलिए पसंद है, क्योंकि मैं एक ऑलराउंडर हूं। मुझे फील्डिंग करना, गेंदबाजी करना और बल्लेबाजी करना यानी हर काम में योगदान देना अच्छा लगता है।

IPL में फील्डिंग कोच बनना चाहते हैं क्रिस हैरिस

  • क्रिस हैरिस को अपने खेल करियर के दौरान IPL में खेलने का मौका नहीं मिला। हालांकि, वह किसी फ्रेंचाइजी के साथ फील्डिंग कोच के रूप में काम करना पसंद करते। उनका मानना है कि वह युवा खिलाड़ियों की फील्डिंग बेहतर बनाने में मदद कर सकते हैं।
  • हैरिस ने कहा, “मुझे IPL में जाना बहुत अच्छा लगता। अगर मैं वहां फील्डिंग कोच के तौर पर काम कर पाता, तो यह मेरे लिए गर्व की बात होती। अपने खेलने के दिनों में भी मुझे अपनी फील्डिंग पर बहुत गर्व था।”
  • उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि मैं इस क्षेत्र में टीमों की मदद कर सकता हूं। दुनिया भर में ऐसी कई टीमें हैं, जिन्हें देखकर मुझे लगता है कि मैं फील्डिंग की बुनियादी ड्रिल्स, खिलाड़ियों की निगरानी और युवा क्रिकेटरों की मदद के जरिए योगदान दे सकता हूं।
  • यह ऐसा काम है, जिसे लेकर मैं काफी उत्साहित हूं। मुझे अब भी लगता है कि मैं इतना युवा हूं कि फील्डिंग कोच के तौर पर काम कर सकता हूं। शायद भविष्य में मैं ऐसा जरूर करना चाहूंगा।"

PREV
Read more Articles on

Recommended Stories

IND vs NZ 2nd Test: न्यूजीलैंड के सामने बेबस दिखे बुमराह, गिल की कप्तानी-फील्डिंग पर उठे सवाल
IPL 2027: रोहित शर्मा के MI का कप्तान बनने पर देखने लायक है सूर्य कुमार यादव का रिएक्शन, क्या बोले SKY