
Vaibhav Suryavanshi Most IPL Sixes Record: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में राजस्थान रॉयल्स (RR) के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी लगातार शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। रविवार (17 मई) को दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ मुकाबले में एक बार फिर उन्होंने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से दर्शकों का जीभर के मनोरंजन किया। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 21 गेंदों में 46 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 5 चौके और 3 शानदार छक्के लगाए।
इस मुकाबले के दौरान वैभव सूर्यवंशी ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वह अब एक IPL सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। वैभव ने IPL 2026 में अब तक 43 छक्के लगाए हैं। उन्होंने अभिषेक शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने IPL 2024 में 42 छक्के जड़े थे।
43* — वैभव सूर्यवंशी (2026)
42 — अभिषेक शर्मा (2024)
39 — श्रेयस अय्यर (2025)
38 — विराट कोहली (2016)
38 — विराट कोहली (2024)
38 — सूर्यकुमार यादव (2025)
वैभव सूर्यवंशी ने इस मैच में अपनी पहली ही गेंद पर छक्का जड़ दिया। उन्होंने लुंगी एनगिडी की गेंद पर यह बड़ा शॉट खेला। खास बात यह है कि IPL 2026 में यह तीसरी बार है, जब वैभव ने अपनी पारी की पहली गेंद पर छक्का लगाया है। उनसे पहले किसी एक IPL सीजन में ऐसा कारनामा सिर्फ शाहरुख खान, सुनील नरेन और देवदत्त पडिक्कल ही कर पाए थे।
सिर्फ 15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने IPL 2026 में शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने अब तक 12 मैचों में 40.50 की औसत से 486 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और तीन अर्धशतक निकले हैं। उनका स्ट्राइक रेट 234.78 का रहा है, जो इस सीजन के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में उनकी पहचान बना रहा है। वैभव ने इस सीजन अब तक 43 चौके और 43 छक्के लगाए हैं, जो उनकी आक्रामक बल्लेबाजी को साफ दिखाता है।
वैभव सूर्यवंशी अपनी तेजतर्रार बल्लेबाजी के बावजूद अर्धशतक पूरा नहीं कर सके। हालांकि उन्होंने अपनी शानदार पारी से दर्शकों का दिल जीत लिया। दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाज माधव तिवारी ने उन्हें आउट किया। माधव की धीमी गेंद पर वैभव ने जल्दी शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद सही तरीके से बल्ले पर नहीं आई और डेविड मिलर ने उनका कैच पकड़ लिया।