
Virat Kohli Retirement Big Update: क्रिकेट लवर्स के लिए एक बड़ी खबर सामने आ रही है। टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज और रन मशीन विराट कोहली ने साफ कर दिया है कि वो इंटरनेशनल क्रिकेट को कब अलविदा कहेंगे। टी20 और टेस्ट फॉर्मेट से पहले ही दूरी बना चुके किंग कोहली अब सिर्फ वनडे मैच खेल रहे हैं। एक हालिया इंटरव्यू में उन्होंने साफ कर दिया कि 2027 में होने वाला 50 ओवर का वर्ल्ड कप उनके इंटरनेशनल करियर का आखिरी टूर्नामेंट होगा।
जियोस्टार से दिल खोलकर बातचीत करते हुए विराट कोहली ने अपने संन्यास की पूरी प्लानिंग सामने रखी। उन्होंने बताया कि अगला ICC वनडे वर्ल्ड कप भारत की नीली जर्सी में उनका आखिरी मुकाबला होगा। विराट ने कहा कि ये टूर्नामेंट विदेशी धरती पर खेला जाना है, जहां हालात काफी कड़े होते हैं। उन्होंने कहा, 'ये भारत के लिए मेरा आखिरी वर्ल्ड कप होगा। यही बात मुझे मैदान पर अपना सब कुछ झोंक देने की ताकत दे रही है।'
कोहली ने बताया कि 50 ओवर के वर्ल्ड कप में लगातार हाई लेवल पर खेलना आसान नहीं होता। उनके मुताबिक, एक मैच में जिस तरह की एनर्जी लगती है, उसे पूरे टूर्नामेंट में बनाए रखना बड़ी चुनौती होती है। कोहली ने कहा कि आज 50 ओवर का खेल टी20 की रफ्तार से चलता है। मैदान पर उतरने का मतलब है एक ही दिन में करीब ढाई टी20 मैचों जितनी ऊर्जा और फुर्ती दिखाना। भारत से बाहर की परिस्थितियों में शरीर पर थकान और दबाव और ज्यादा बढ़ जाता है।
फैंस के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या 2027 के बाद विराट को दोबारा बल्ला थामे नहीं देखा जा सकेगा? राहत की बात ये है कि विराट का ये फैसला सिर्फ इंटरनेशनल क्रिकेट (टीम इंडिया) के लिए है। 2024 में टी20 इंटरनेशनल और मई 2025 में टेस्ट क्रिकेट छोड़ने के बाद वह सिर्फ वनडे खेल रहे हैं। 2027 वर्ल्ड कप के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट खत्म होने पर भी वो आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए अपना जलवा बिखेरते रहेंगे।