पिता ने कर्ज लेकर बनवाई थी पिच, अब बेटे ने पहन ली टीम इंडिया की टेस्ट कैप; जानिए कौन हैं मानव सुथार

Published : Jun 06, 2026, 12:28 PM IST
Who is Manav Suthar Indian Cricketer

सार

Who is Manav Suthar: क्या आप जानते हैं कि मानव सुथार कौन हैं? कैसे एक पीटीआई टीचर के बेटे ने टीम इंडिया तक का सफर तय किया? क्यों पिता ने बेटे के लिए कर्ज लेकर टर्फ पिच बनवाई? अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट डेब्यू करने वाले मानव सुथार की संघर्ष, मेहनत और सफलता की पूरी कहानी क्या है?

Manav Suthar Biography: भारत और अफगानिस्तान के बीच मुल्लांपुर में खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट मैच में एक नया नाम सुर्खियों में है। 23 वर्षीय लेफ्ट आर्म स्पिन ऑलराउंडर मानव सुथार को टीम इंडिया के लिए टेस्ट डेब्यू का मौका मिला है। राजस्थान के श्रीगंगानगर से निकलकर भारतीय टेस्ट टीम तक पहुंचने वाले मानव का सफर संघर्ष, जुनून और परिवार के त्याग की मिसाल है। यही वजह है कि डेब्यू से पहले ही वह क्रिकेट फैंस और विशेषज्ञों के बीच चर्चा का विषय बन चुके थे। जानिए कौन है मानव सुथार, लाइफ, फैमिली की रोचक बातें।

मानव सुथार के पिता ने कर्ज लेकर बनवाई थी टर्फ पिच

मानव सुथार का जन्म राजस्थान के श्रीगंगानगर में एक साधारण परिवार में हुआ। उनके पिता जगदीश सुथार सरकारी स्कूल में पीटीआई (फिजिकल ट्रेनिंग इंस्ट्रक्टर) थे। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद मजबूत नहीं थी, लेकिन बेटे को क्रिकेटर बनाने का सपना हमेशा उनकी आंखों में था। जब मानव ने क्रिकेट को गंभीरता से लेना शुरू किया, तब श्रीगंगानगर में टर्फ पिच की सुविधा नहीं थी। ऐसे में उनके पिता ने घर के पास जमीन किराए पर ली और बैंक से कर्ज लेकर खुद टर्फ पिच तैयार करवाई ताकि बेटे की प्रैक्टिस में कोई कमी न रह जाए। यही त्याग आज भारतीय क्रिकेट की नई कहानी बन चुका है।

मानव सुथार का घरेलू क्रिकेट में धमाकेदार प्रदर्शन

मानव सुथार ने साल 2022 में आंध्र प्रदेश के खिलाफ राजस्थान के लिए फर्स्ट क्लास डेब्यू किया था। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। अब तक 29 फर्स्ट क्लास मैचों में 129 विकेट लेकर उन्होंने खुद को देश के सबसे प्रतिभाशाली युवा स्पिनरों में शामिल कर लिया है। इसके अलावा 25 लिस्ट-ए मुकाबलों में 34 विकेट और टी20 क्रिकेट में 25 विकेट उनके नाम दर्ज हैं। पिछले घरेलू सीजन में उनके प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं को खासा प्रभावित किया, जिसके बाद उन्हें भारतीय टेस्ट टीम में मौका मिला।

विराट-रोहित भी मान चुके हैं मानव सुथार की गेंदबाजी का लोहा

मानव सुथार की गेंदबाजी का लोहा सिर्फ घरेलू बल्लेबाज ही नहीं, बल्कि भारतीय टीम के दिग्गज भी मान चुके हैं। 2023 वनडे वर्ल्ड कप के दौरान उन्होंने नेट्स में विराट कोहली और रोहित शर्मा को गेंदबाजी की थी। उनकी टर्न और नियंत्रण ने उस समय भी काफी सुर्खियां बटोरी थीं। यही वजह रही कि चयनकर्ताओं की नजर लंबे समय से उन पर बनी हुई थी।

मानव सुथार का आईपीएल से टेस्ट क्रिकेट तक का सफर

घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन का इनाम उन्हें आईपीएल में भी मिला। इसी साल उन्होंने गुजरात टाइटंस के लिए डेब्यू किया और अब भारतीय टेस्ट टीम की कैप भी हासिल कर ली है। अफगानिस्तान के खिलाफ मुकाबले में कुलदीप यादव ने उन्हें टेस्ट कैप सौंपी, जो उनके करियर का सबसे भावुक पल रहा।

मानव सुथार: क्या भारत को मिल गया भविष्य का स्पिन स्टार?

भारत ने वर्षों तक रविचंद्रन अश्विन, रविंद्र जडेजा और कुलदीप यादव जैसे मैच विनर स्पिनरों पर भरोसा किया है। अब मानव सुथार के रूप में भारतीय क्रिकेट को एक नया विकल्प मिलता दिखाई दे रहा है। बाएं हाथ की सटीक स्पिन, उपयोगी बल्लेबाजी और दबाव में प्रदर्शन करने की क्षमता उन्हें खास बनाती है। मुल्लांपुर टेस्ट उनके करियर की सिर्फ शुरुआत है, लेकिन जिस संघर्ष और प्रतिभा के दम पर वह यहां तक पहुंचे हैं, उसे देखकर कहा जा सकता है कि भारतीय क्रिकेट को शायद अपना अगला बड़ा स्पिन स्टार मिल गया है।

PREV
AT
About the Author

Anita Tanvi

अनीता तन्वी। मीडिया जगत में 15 साल से ज्यादा का अनुभव। मौजूदा समय में ये एशियानेट न्यूज हिंदी के साथ जुड़कर एजुकेशन सेगमेंट संभाल रही हैं। इन्होंने जुलाई 2010 में मीडिया इंडस्ट्री में कदम रखा और अपने करियर की शुरुआत प्रभात खबर से की। पहले 6 सालों में, प्रभात खबर, न्यूज विंग और दैनिक भास्कर जैसे प्रमुख प्रिंट मीडिया संस्थानों में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, ह्यूमन एंगल और फीचर रिपोर्टिंग पर काम किया। इसके बाद, डिजिटल मीडिया की दिशा में कदम बढ़ाया। इन्हें प्रभात खबर.कॉम में एजुकेशन-जॉब/करियर सेक्शन के साथ-साथ, लाइफस्टाइल, हेल्थ और रीलिजन सेक्शन को भी लीड करने का अनुभव है। इसके अलावा, फोकस और हमारा टीवी चैनलों में इंटरव्यू और न्यूज एंकर के तौर पर भी काम किया है।Read More...
Read more Articles on

Recommended Stories

KL Rahul Unsold: राहुल के नाम पर नहीं लगी एक भी बोली, महाराजा ट्रॉफी ऑक्शन में क्या हुआ ऐसा?
टीम इंडिया को मिलेगा नया T20 कप्तान! पूर्व क्रिकेटर ने बताए 2 चौंकाने वाले नाम