
India vs England Yesterday Match Result: मैनचेस्टर में खेले गए दूसरे टी-20 मैच में टीम इंडिया को एक करीबी मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। भारत ने पहले बैटिंग करते हुए बोर्ड पर 190 रन का मजबूत स्कोर टांगा था, लेकिन इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने 19वें ओवर में ही इस टारगेट को हासिल कर लिया। इसी के साथ इंग्लैंड ने 5 मैचों की टी-20 सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। यह 15 साल के वैभव सूर्यवंशी का डेब्यू मैच था। आइए जानते हैं मैच का पूरा रिजल्ट और अहम मोमेंट्स...
इस मैच की सबसे बड़ी खबर रहे भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी। सिर्फ 15 साल 99 दिन की उम्र में मैदान पर कदम रखते ही वह भारत के लिए डेब्यू करने वाले सबसे युवा इंटरनेशनल क्रिकेटर बन गए। अपनी पहली पारी में उन्होंने बिल्कुल निडर होकर बैटिंग की। उन्होंने सिर्फ 10 गेंदें खेलीं और 14 रन बनाए। अपनी इस छोटी सी पारी में उन्होंने 2 गगनचुंबी छक्के भी जड़े। यही नहीं, जब वह फील्डिंग करने आए, तो उन्होंने बाउंड्री लाइन पर गजब का बैलेंस दिखाते हुए सैम करन का एक बेहद शानदार कैच भी लपका।
An incredibly special moment in the #TeamIndia camp today 🥹💙
🎥 Presenting T20I cap no. 122, Vaibhav Sooryavanshi 🧢#ENGvIND pic.twitter.com/hvOZdSN3Ow— BCCI (@BCCI) July 4, 2026
टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी रही। ओपनर अभिषेक शर्मा ने ताबड़तोड़ अंदाज में 24 गेंदों पर 43 रन कूट दिए, जिसमें 8 चौके शामिल थे। ईशान किशन ने सबसे ज्यादा 49 रनों की पारी खेली, हालांकि वह अपने अर्धशतक से सिर्फ 1 रन चूक गए। कप्तान श्रेयस अय्यर ने भी 37 रन का योगदान दिया। आखिरी ओवरों में तिलक वर्मा ने तूफानी बैटिंग की और महज 11 गेंदों पर नाबाद 24 रन बनाकर भारत का स्कोर 20 ओवर में 7 विकेट पर 190 रन तक पहुंचा दिया। इंग्लैंड के लिए सैम करन ने 3 विकेट लिए।
191 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब थी। भारत के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने पहले ही ओवर में फिल सॉल्ट और कप्तान जोस बटलर को शून्य पर आउट करके इंग्लैंड को बैकफुट पर धकेल दिया था। लेकिन इसके बाद इंग्लैंड के युवा बल्लेबाज जैकब बेथेल भारत की जीत के आगे दीवार बनकर खड़े हो गए। बेथेल ने नाबाद 76 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली।
भारतीय पारी का 17वां ओवर लेकर स्पिनर रवि बिश्नोई आए। इस ओवर में जैकब बेथेल ने उनका धागा खोल दिया। बिश्नोई ने इस ओवर में 3 नो-बॉल फेंकी, जिसका फायदा उठाकर बेथेल ने 3 छक्के और 1 चौका जड़ते हुए एक ही ओवर में 29 रन बटोर लिए। यहीं से मैच पूरी तरह भारत के हाथ से निकल गया। इंग्लैंड के लिए हैरी ब्रूक और टॉम बैंटन ने भी 39-39 रन बनाए। भारत की तरफ से अर्शदीप ने सबसे ज्यादा 3 विकेट झटके, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके।