
India vs Zimbabwe 2nd T20 Result: शनिवार को हरारे में खेले गए दूसरे टी-20 मैच में भारत ने जिम्बाब्वे को 90 रनों से धो डाला है। इस जीत के साथ ही भारत ने तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। टीम इंडिया ने सिर्फ मैच ही नहीं जीता, बल्कि टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक और बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड भी अपने खाते में जोड़ लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 219 रन बनाए। जवाब में जिम्बाब्वे की पूरी टीम 17.5 ओवर में सिर्फ 129 रन पर सिमट गई।
टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत थोड़ी कमजोर रही। ओपनर अभिषेक शर्मा सिर्फ 8 रन बनाकर आउट हो गए। 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने आते ही जिम्बाब्वे के बॉलर्स पर अटैक कर दिया। उन्होंने केवल 9 गेंदों में 20 रन ठोक दिए, जिसमें 3 चौके और 1 शानदार छक्का शामिल था। कप्तान श्रेयस अय्यर (25 रन) और ईशान किशन ने मिलकर पारी को संभाला और 66 रन जोड़े।
श्रेयस के आउट होने के बाद ईशान किशन और तिलक वर्मा ने जिम्बाब्वे के बॉलर्स की जमकर क्लास लगाई। दोनों ने मिलकर 15वें ओवर में कप्तान सिकंदर रजा को 21 रन कूट दिए! ईशान किशन ने सिर्फ 44 गेंदों में 81 रन (9 चौके, 2 छक्के) बनाए, जबकि तिलक वर्मा 29 गेंदों में 60 रन (5 चौके, 3 छक्के) बनाकर नाबाद लौटे। भारत ने 20 ओवर में 219/5 का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा कर दिया।
220 रनों के विशाल टारगेट का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम शुरू से ही दबाव में दिखी। भारतीय बॉलर्स ने किसी भी बल्लेबाज को टिकने का मौका नहीं दिया। ब्रायन बेनेट ने सबसे ज्यादा 32 रन बनाए, लेकिन बाकी कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका और पूरी टीम 17.5 ओवर में 129 रन पर सिमट गई।
2nd T20I. India Won by 90 Runs https://t.co/Z8UUziVx8d #TeamIndia #ZIMvIND #2ndT20I
— BCCI (@BCCI) July 25, 2026
अभिषेक शर्मा: बैटिंग में भले ही 8 रन बनाए, लेकिन गेंद से कमाल करते हुए सबसे ज्यादा 3 विकेट चटकाए।
यश ठाकुर: अपने टी-20 इंटरनेशनल करियर का पहला विकेट लिया और कुल 2 विकेट अपने नाम किए।
प्रिंस यादव: जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा और बेन करन जैसे बड़े विकेट समेत 2 विकेट झटके।
कल के मैच में 219 रन बनाते ही भारतीय टीम ने एक बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया और अपने ही पुराने रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। साल 2026 में भारत ने 9वीं बार 200 या उससे ज्यादा का स्कोर बनाया है। इससे पहले भारत ने साल 2024 में भी 9 बार यह कारनामा किया था। टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत अब तक 52 बार 200 रन का आंकड़ा पार कर चुका है। इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर साउथ अफ्रीका है, जिन्होंने सिर्फ 29 बार ऐसा किया है। मतलब भारत के आसपास भी कोई नहीं है।