
IND vs PAK Women's T20 World Cup: आईसीसी वुमंस टी20 वर्ल्डकप के छठे मैच में आज (रविवार) 14 जून को चिर प्रतिद्वंद्वी भारत-पाकिस्तान आमने सामने होंगे। ग्रुप-1 का यह मुकाबला बर्मिंघम में शाम 7 बजे से खेला जाएगा। इस हाई वोल्टेज मैच से पहले रिकॉर्ड्स पर नजर डालें तो भारत का पलड़ा भारी दिखाई देता है। महिला T20 वर्ल्ड कप में भारत ने पाकिस्तान को 8 में से 6 मुकाबलों में हराया है। वहीं कुल T20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में भी भारत 13-3 से आगे है। दोनों टीमें ऐसे ग्रुप में हैं जिसे कई एक्सपर्ट 'ग्रुप ऑफ डेथ' कह रहे हैं। ऐसे में टूर्नामेंट की शुरुआत जीत के साथ करने का दबाव दोनों टीमों पर रहेगा। भारतीय समयानुसार टॉस शाम साढ़े 6 बजे होगा।
22 साल की शैफाली वर्मा अपना चौथा महिला T20 वर्ल्ड कप खेलने जा रही हैं। हाल ही में वनडे विश्व कप फाइनल में शानदार प्रदर्शन करने वाली शैफाली पाकिस्तान के खिलाफ बड़ी पारी खेलने के इरादे से उतरेंगी। भारत को उनसे तेज शुरुआत की उम्मीद होगी। वहीं, 21 साल की एमान फातिमा पाकिस्तान की उभरती हुई स्टार बल्लेबाज हैं। उनका T20I स्ट्राइक रेट 150 से अधिक रहा है। डेथ ओवरों में तेजी से रन बनाने की उनकी क्षमता भारत के लिए चुनौती बन सकती है।
बर्मिंघम में शुक्रवार को मौसम साफ और धूप वाला रहा था। हालांकि रविवार को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार बारिश की संभावना न के बराबर है। इस दौरान तापमान 13 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। ऐसे में दोनों मुकाबलों के पूरे ओवर खेले जाने की संभावना है। पिच की बात करें तो यह बल्लेबाजों के लिए मददगार साबित हो सकती है। हालांकि, बर्मिंघम में हल्की हवाएं चलने की वजह से गेंदबाजों को स्विंग भी मिलने की संभावना है।
भारत वुमन (संभावित)
हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, यास्तिका भाटिया, जेमिमा रोड्रिग्स, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, अरुंधति रेड्डी/रेणुका सिंह, क्रांति गौड़, श्री चरणी, नंदनी शर्मा।
पाकिस्तान वुमन (संभावित)
फातिमा सना (कप्तान), मुनीबा अली, गुल फिरोजा, आयशा जफर, सायरा जबीन, रामीन शमीम, आलिया रियाज, एमान फातिमा, डायना बेग, नशरा संधू, सादिया इकबाल।
भारत के सामने सबसे बड़ा सवाल यास्तिका भाटिया और भारती फुलमाली में से किसी एक को चुनने का होगा। वहीं तेज गेंदबाजी विभाग में अरुंधति रेड्डी, रेणुका सिंह और नंदनी शर्मा में से दो खिलाड़ियों को मौका मिल सकता है। पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना को शनिवार के अभ्यास सत्र के दौरान घुटने में गेंद लगी थी। हालांकि उन्होंने उम्मीद जताई है कि वह मैच के लिए पूरी तरह फिट रहेंगी।